जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के रुपईडीह ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार को गौनरिया के प्रधान व पूर्व प्रधान के बीच लाठियां चटकने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार कराया और दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौनरिया के प्रधान हरि शंकर अवस्थी व पूर्व प्रधान राजाराम अवस्थी के बीच चुनाव के बाद से ही राज्य वित्त आयोग से कराए गए कार्य के भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। पूर्व प्रधान राजाराम व हीरालाल अवस्थी ने गांव में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कार्य न करने और फर्जी अभिलेख लगाने का आरोप लगाते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी से शिकायत की थी। इस संबंध में हुई कार्रवाई की जानकारी करने के लिए वह विभाग में गए हुए थे। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री ग्राम प्रधान हरिशंकर अवस्थी की भाभी हैं। लिहाजा ग्राम प्रधान भी इसी मामले में पूछताछ करने गए थे। आमना-सामना होते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर कार्यालय से बाहर किया। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने समर्थकों को फोन करके बुला लिया। आरोप है कि पूर्व प्रधान राजाराम अवस्थी के पक्ष के लोग चार पहिया वाहन और टेंपो से लाठी-डंडों लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचे। उन्होंने प्रधान व उनके समर्थकों पर हमला कर दिया। इस पर प्रधान और उनके साथियों ने भी होटल पर लगे बांस उखाड़कर मारपीट शुरू कर दी, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर ले गई। कौड़िया थानाध्यक्ष मदन लाल गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एम्बुलेंस में हुआ महिला को सुरक्षित प्रसव
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छपिया से सम्बद्ध एम्बुलेंस के ईएमटी और पायलट ने महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया। असनहरा गांव की संगीता (30) पत्नी पवन कुमार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों की कॉल पर ईएमटी सुनील कुमार वर्मा और पायलट सर्वेश कुमार 108 एंबुलेंस लेकर पहुंचे। वह से महिला को अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा और बढ़ गई। इस पर एम्बुलेंस को सड़क किनारे खड़ा करके घर की महिलाओं के सहयोग से सुरक्षित प्रसव करवाया गया। इसके बाद जच्चा और बच्चा को सीएचसी छपिया लाया गया, जहां डाक्टर ने दोनों को स्वस्थ बताया।
घर बनाने में अनावश्यक अडंगेबाजी का आरोप
कोतवाली देहात के ग्राम डड़वा कानूनगो खोरहंसा निवासी सैय्यद शाकिब हुसैन ने अपनी भूमि पर निर्माण कराने के मामले में सात लोगों पर अनाधिकृत रूप से हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सीएम से लेकर जिले के उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई के साथ न्याय की गुहार लगाई है। अपने प्रार्थना पत्र में शाकिब ने कहा कि उसकी गाटे की पैतृक भूमि है, जिस पर वह परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि जब उसने घर का निर्माण कार्य शुरू कराया तो रसूख के बल पर सात लोगों ने बेजा दखल देना शुरू कर दिया।
दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार
जिले के कौड़िया थाने की पुलिस ने दहेज हत्या के वांछित आरोपी को कौडिया पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया। थानाध्यक्ष कौड़िया मदन लाल गौतम ने बताया कि करीब दो माह पहले देवीदयाल पुत्र बाबूलाल गोस्वामी निवासी ओरी पुरवा भटपी थाना खरगूपुर के शिकायत पत्र पर थाना क्षेत्र के गोसाई पुरवा जेठपुरवा के निवासी श्यामू गोस्वामी पुत्र जिलेदार गोस्वामी के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तब से आरोपी फरार चल रहा था। आरोपी को उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव ने टीम के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
एनआरएलएम कर्मियों का धरना जारी
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने मंगलवार को भी विकास भवन परिसर में बने मिशन के कार्यालय धरना दिया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और मांगों को माने जाने को लेकर एक ज्ञापन सौंपा जिसमें आउटसोर्सिंग कर्मियों के सालाना इंक्रीमेंट को लगाए जाने की मांग की गई है। जिला मिशन प्रबंधन इकाई व ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई के कर्मचारी धरने में मंगलवार को भी शामिल हुए। आउटसोर्सिंग कर्मचारी संगठन के बैनर तले आंदोलित कर्मचारियों ने एचआर पालिसी को लागू करने की मांग की है। डीडीएम नीलाम्बुज श्रीवास्तव, अम्बिका चौधरी, अंशुमान तिवारी, सीमा, रोहित, कुलदीप तिवारी, राकेश सिंह, कुलदीप साहू, आशा तिवारी, अभय नारायण व कुलदीप कुमार आदि रहे।
जिले में कोरोना के चार नए मरीज मिले
जिले में मंगलवार को चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सभी संक्रमितों को चिकित्सकीय निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। फिलहाल जिले में कुल सक्रिय संक्रमितों की संख्या 13 हैं।
सांड ने वृद्ध को पटका, हालत नाजुक
जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत करनपुर महिला डिग्री कालेज रोड पर मंगलवार सुबह उस समय भगदड़ मच गई, जब दो सांड एक वृद्ध पर अचानक टूट पड़े। करनपुर निवासी रामचंदर यादव (62) जब मंगलवार की सुबह अपने घर के पास सड़क पर टहल रहे थे। अचानक पड़ोस में चर रहे दो सांड़ उन पर टूट पड़े और उठाकर पटक दिया। इस दौरान सांड़ का सींग राम चन्दर के पेट में घुस गए गया। लोगों ने साँड़ को किसी तरह खदेड़ा। पड़ोस में रह रहे ग्राम प्रधान प्रिंस तिवारी ने वाहन मंगाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौर भेजवाया, जहाँ से चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया है।
कोटेदार की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश (ईसीएक्ट) डा. पल्लवी अग्रवाल ने खाद्यान्न वितरण में व्यापक गड़बड़ी करने वाले आरोपी उचित दर विक्रेता की जमानत याचिका को पर्याप्त जमानत आधार न होने के अभाव में निरस्त कर दिया। विशेष लोक अभियोजक (ईसी एक्ट) अजय कुमार तिवारी के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक हरिवंश यादव ने इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह विकास खंड बेलसर की ग्राम पंचायत ऐली परसौली के उचित दर विक्रेता विश्वनाथ की दुकान पर एसडीएम व नायब तहसीलदार की टीम के साथ छापा मारकर स्टाक का निरीक्षण किया था, जिसमें व्यापक गड़बड़ी पाई गई। इस आधार पर थाना तरबगंज की पुलिस ने उचित दर विक्रेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना करने के बाद आरोप पत्र अदालत पर भेज दिया। आरोपी के अधिवक्ता की ओर से जमानत याचिका प्रस्तुत की गई। अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों व बहस को सुनने के बाद जमानत के लिए पर्याप्त आधार न होने के कारण जमानत याचिका निरस्त कर दिया।
सड़क हादसे में सगे भाई जख्मी, एक की मौत
बलरामपुर जिले के उतरौला कोतवाली क्षेत्र में बस्ती स्टेट हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने गत रविवार रात 12 बजे तेज रफ्तार मिनी ट्रक (डीसीएम) ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को ठोकर मार दी। घटना में छोटे भाई की मौत हो गई। बड़े भाई का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम गुरदयालडीह निवासी मनीष (25) बस्ती स्टेट हाईवे पर पेट्रोल पंप के निकट चाय की दुकान चलाता है। रविवार रात करीब 12 बजे वह दुकान बंद कर अपने छोटे भाई गुलशन (19) को साथ लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दी। स्थानीय लोग दोनों भाइयों को सीएचसी उतरौला ले आए। परीक्षण के बाद डॉक्टर ने गुलशन को मृत घोषित कर दिया। मनीष का इलाज चल रहा है। वाहन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक व वाहन स्वामी की तलाश की जा रही है।
यह भी पढें : अजय देवगन के खिलाफ FIR के लिए ज्ञापन
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
