जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के नौ थानों में बने 1176 लाख रुपए की लागत से बने 272 की संख्या वाले बैरक व विवेचना कक्ष का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल लोकार्पण किया। नगर कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी नौ थानों के कक्षों का शिलापट अनावरण कर वर्चुअल लोकार्पण सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार, पुलिस अधीक्षक आकाश कुमार समेत भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, महामंत्री आशीष त्रिपाठी व अन्य ने किया। विधायक ने फीता काटकर कक्षों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सीओ लक्ष्मीकांत गौतम, मुन्ना उपाध्याय, नगर कोतवाल पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।

दो नाबालिग लड़कियों को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज
जिले के धानेपुर थाने में एक महिला द्वारा अपनी बहन की दो नाबालिग लड़कियों को भगा ले जाने को लेकर आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के बड़का गाँव (विशम्भरपुर) निवासी एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह एक विधवा महिला है। परिणाम स्वरूप अपनी बहन की दो नाबालिग बेटियों को अपने सहयोग के लिए साथ में ही रखती थीं। दो दिन पूर्व गांव के ही कमलेश पुत्र राम लखन, बब्बू पुत्र संगम लाल, पूजा पत्नी कमलेश, कमला देवी पत्नी बब्बू तथा विजय कुमार पुत्र जगदेव निवासी ग्राम सोनबरसा मनकापुर के सहयोग से भगा ले जाया गया है। पूछताछ करने पर विपक्षी गणों ने गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
जेठ पर लिखाया छेड़छाड़ का मुकदमा
जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने जेठ के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में उसने कहा है कि बीते 21 अगस्त को दिन में जब वह अपने घर में अकेली थी, तो उसके जेठ घर में आ गए और छेड़खानी की नियत से हाथ पकड़ लिया। हल्ला गोहार करने पर गाली देते हुए चले गए। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
करीब चार दर्जन कर्मचारियों का वेतन रोकने का निर्देश
मुजेहना के खंड विकास अधिकारी विकास मिश्रा ने समीक्षा बैठक से नदारद 30 सफाई कर्मियों समेत 50 कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। जानकारी के अनुसार, बीडीओ ने बुधवार को मुजेहना ब्लॉक के सभागार में पंचायत सचिव, रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों व सफाई कर्मचारियों की संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक बुलाई गई थी, जिसमें बैठक में तकरीबन 50 कर्मचारी नहीं आए थे। इस पर बीडीओ ने सभी को नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। बैठक से अनुपस्थित सभी सफाई कर्मियों का भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश एडीओ पंचायत को दिया गया है। वहीं पंचायत सहायकों के मानदेय काटने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने ग्राम पंचायतों में चल रही परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी की लापरवाही पर किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
10 वर्षीय किशोर लापता
जिले के छपिया थाने में अलगू पुत्र जग प्रसाद निवासी ग्राम हथिनीखास ने अपने पुत्र राहुल (10) के घर से लापता हो जाने के सम्बंध में अभियोग दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर बालक की तलाश की जा रही है।
पत्नी के स्वेच्छाचारिता से दुखी पति ने लिखाई रिपोर्ट
जिले के परसपुर थाने में अपनी पत्नी के स्वेच्छाचारिता से पीड़ित एक पति ने विशेष न्यायाधीश (पास्को एक्ट) के आदेश पर अभियोग दर्ज कराया है। थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी ने लिखाई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी पत्नी की नियुक्ति परसपुर विकास खण्ड में स्वास्थ्य विभाग में आशा के पद पर हुई थी। इस दौरान वह कुछ गलत लोगों के संगत में पड़कर गोरखधंधा करने लगी और घर परिवार को छोड़कर जिला मुख्यालय पर कांशीराम कालोनी में कमरा लेकर रहने लगी। वह अपने साथ किशोर बेटी (16) को भी ले आई, जिसे वह देह व्यापार के धंधे में ढ़केलना चाहती थी। काफी प्रयास के बाद पिता अपनी बेटी को वापस घर ला पाया। इस बीच पति-पत्नी के बगैर विवाह विच्छेद किये गोरखधंधा गिरोह के सदस्यों द्वारा तथ्यों को छिपाकर उसकी पत्नी को अविवाहित दिखाकर नीरज तिवारी नामक एक व्यक्ति के साथ उप निबन्धक कार्यालय गोंडा में विवाह का पंजीकरण करा दिया। इतना सब कुछ होने के बाद उनके मध्य परिवार न्यायालय में विवाह विच्छेद का वाद संस्थित किया गया, जो विचारणीय है। इस बीच गिरोह के सदस्यों द्वारा बेलसर स्कूल से पढ़कर घर वापस लौट रही नाबालिग पुत्री के अपहरण का प्रयास किया गया, किन्तु पुत्री के शोर मचाने पर पर तमाम राहगीरों के आ जाने से वे भाग गये। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में वादी मुकदमा की पत्नी समेत संतोष सिंह, नीरज तिवारी व तीन व्यक्ति नाम, पता अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
बीएसए ने निलम्बित किए तीन प्राथमिक शिक्षक
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने तीन प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रेहली में प्रधानाध्यापक अशोक यादव पर वहां की शिक्षिकाओं के शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न का आरोप था। प्रकरण की खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर प्रधानाध्यापक अशोक यादव को निलंबित कर दिया गया है। छपिया के खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह को जांच सौंपी गई है। इसी प्रकार तरबगंज के प्राथमिक विद्यालय धनौली के सहायक अध्यापक सुरेश कुमार पांडेय बीते 18 अगस्त से स्कूल नहीं आ रहे थे। उन पर बीईओ के आदेशों को न मानने का भी आरोप था। उनसे अनुपस्थिति को लेकर जवाब मांगा गया था, लेकिन उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने रिपोर्ट भेजी थी। उन्हें निलंबित करके प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर माझा से संबद्ध किया गया है। वजीरगंज के बीईओ हर्षित पांडेय को जांच सौंपी गई है। इसी प्रकार परसपुर के कंपोजिट विद्यालय दुल्लापुर तरहर की सहायक अध्यापक कनकलता कनौजिया को पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने, कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन व मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन न कराने पर निलंबित किया गया है। इनको उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे सेठ से संबद्ध करके खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय को जांच सौंपी गई है।
पति के कब्जे से बेटे को छुड़ाने के लिए एफआइआर
मनकापुर थाना क्षेत्र के भिटौरा निवासी ज्योति वर्मा ने पति के कब्जे में रह रहे अपने पांच वर्षीय पुत्र को वापस पाने के लिए स्थानीय थाने में अभियोग दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार, ज्योति की शादी करीब 06 वर्ष पूर्व नागेश्वर उर्फ सोनू पुत्र स्व. राम किशोर निवासी टेढी बाजार चौराहा (बरवारी टोला) थाना रामजन्म भूमि जनपद अयोध्या के साथ हुई थी। शादी से ही ससुराल वाले उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करते रहते थे। उसके तेजस उर्फ शिवांश (05) नामक एक बेटा है, जिसे ससुराली जनों ने छीनकर तथा उसे गाली गुप्ता, जानमाल की धमकी देते हुए मार पीटकर भगा दिया है। ज्योति के अनुसार, उसके पति के अपनी सगी विधवा भाभी से अवैध सम्बंध थे। बाद में उन्होंने आपस में शादी कर लिया। मां से दूर रहते हुए मासूम शारीरिक एवं मानसिक तौर पर काफी कमजोर हो गया है।
मुकदमे में सुलह न करने पर पत्नी को दिया तीन तलाक
गोंडा। प्रताड़ना के एक मुकदमे में पत्नी ने पति से सुलह करने से इंकार कर दिया, तो इससे गुस्साए पति ने पत्नी को धमकाते हुए तीन तलाक दे दिया। पीड़ित पत्नी ने पति व सास के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि खोंडारे थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा अदाई निवासी नुसरत फातिमा पत्नी मोहम्मद जावेद ने अपने पति व सास के विरुद्ध तीन तलाक व दहेज उत्पीड़न की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, प्रतिवादी व उसके पूरा परिवार नुसरत फातिमा को कम दहेज के बावत गत वर्ष सितम्बर माह में मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस सम्बंध में महिला थाने में अभियोग दर्ज कराया गया। इसकी विवेचना अभी प्रचलित है। बीते 25 मई 2022 को विपक्षी महिला के मायके जाकर उससे दर्ज अभियोग में सुलह करने का दबाव बनाने लगे। जब नुसरत ने सुलह से इंकार किया तो पीड़िता के सास के कहने पर पति ने एक साथ तीन तलाक दे दिया। इस सम्बंध में महिला की तहरीर पर पति व सास के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
उमरी बेगमगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमदही सुविधान पुरवा निवासी किसान रमेश शर्मा की अचानक तबियत खराब होने से मौत हो गई। परिवार के लोग इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुत्र आलोक शर्मा ने उमरी थाने में तहरीर देकर मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम करवाने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने तस्करा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ लोग हार्ट अटैक से मौत बता रहे हैं तो वही कुछ लोग जहर से मरने की आशंका भी जता रहे है। इस बाबत थानाध्यक्ष मुकेश पांडे ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।
पड़ोसियों ने महिला को पीटा, मुकदमा दर्ज
जिले के वजीरगंज थाने में मनीषा पाण्डेय पत्नी हरिशंकर पाण्डेय निवासी ग्राम भरहापारा (ऊंचवा) ने पुराने विवाद को लेकर विपक्षी अनिल कुमार पाण्डे व आशीष कुमार पाण्डेय, विजय कुमार पाण्डेय व पवन कुमार पाण्डेय के विरुद्ध सहन दरवाजे पर चढ़कर भद्दी-2 गाली गुप्ता देकर मूका थप्पड़ व डंडे से मारने तथा जान से मारने की धमकी देने का अभियोग दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष सीपी सिंह ने बताया कि प्रकरण में नियमानुसार अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बहला फुसलाकर भगाई गई किशोरी
जिले के परसपुर थाने में मोहना गांव की एक 16 वर्षीय किशोरी को भगा ले जाने का अभियोग दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अपहृता के पिता की तहरीर पर अरमान पुत्र जाफर ग्राम सांईपुरवा मोहना थाना परसपुर के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत रामगढ़ गांव की निवासिनी अलका सिंह पत्नी अमित कुमार सिंह ने अपने पति समेत सात अन्य ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का अभियोग दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, अलका की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसी समय से ससुराली जन मोटर साइकिल की मांग को लेकर ताना मारते थे तथा मायके से पैसा लाने के लिए दबाव डालते थे। उसके द्वारा ऐसा किए जाने से मना करने पर लोग भद्दी-भद्दी गालियां देकर तरह-तरह से प्रताड़ित करते थे। अलका ने अपने पति का किसी अन्य महिला से भी अवैध सम्बंध होने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि दो दिन पूर्व उसे मार पीटकर मोबाइल व चेन छीन लिया गया तथा घर से भगा दिया गया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण में पति के अलावा सुमित सिंह व विनीत सिंह पुत्रगण पवन कुमार सिंह, रुद्र प्रताप सिंह पुत्र राम बहादुर सिंह, कप्तान सिंह पुत्र रुद्र प्रताप सिंह, उमा देवी पत्नी पवन कुमार सिंह, नीतू सिंह पत्नी सुमित सिंह व पवन कुमार सिंह पुत्र राम बहादुर सिंह निवासी गण ग्राम रामगढ थाना कर्नलगंज के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
15 लीटर अवैध शराब बरामद
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम राम कुमार यादव तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र चतुर्थ राम धनी वर्मा ने एक संयुक्त अभियान में थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत ग्राम नरौरा अर्जुन में दबिश देकर एक महिला माधुरी पत्नी बामबाबू सोनकर निवासी निबिहा थाना कोतवाली नगर के कब्जे से लगभग 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की। प्रकरण में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की गई। इस अभियान में आबकारी आरक्षी ओम प्रकाश, आशाराम, अनिल कुमार सिंह एवं महिला आबकारी सिपाही रितु सिंह आदि शामिल रहे।
पत्नी ने लिखाई पति की गुमशुदगी
जिले के थाना कोतवाली नगर अन्तर्गत देवरिया चूडामणि निवासी श्रीमती रेनू शर्मा पत्नी राम बहादुर शर्मा ने सात व्यक्तियों को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ अपने पति को हत्या के इरादे से गायब कर देने का अभियोग दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार, चन्द्रदीप पाठक, माया पाठक, खुशबू पाठक, कल्पना पाठक, जगन्नाथ पाठक, हिमांशु पाठक उर्फ छोटू पाठक, जैनेन्द्र पाठक, आरती पाठक तथा दो व्यक्ति नाम पता अज्ञात मिलकर पुरानी रंजिश के कारण उनके पति का शौच के लिए जाते समय अपहरण कर लिया है। पुलिस ने बताया कि अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पांच लाख की फिरौती मांगने का अभियोग दर्ज
जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के श्रीनगर बाबागंज निवासी सनी कसौंधन (32) पुत्र कृष्ण कुमार कसौंधन ने बृजमान सिंह गौड़ पुत्र लालमन सिंह गौड़ निवासी मकान नम्बर 54 टीईएच विजय हाघव घाट पुनिया कटनी (मप्र) के विरुद्ध कोतवाली नगर में पांच लाख रुपए फिरौती मांगने का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि आरोप के अनुसार, सनी कसौंधन का बीते 10 जनवरी 2022 को समय करीब 11 बजे सोनी गुमटी के पास से कट्टे की नोक पर अपहरण कर लिया गया था। अपहरण कर्ता उसे लेकर मध्य प्रदेश लेकर चले गये थे। वहां से सनी के पिता को फोन करके सनी के बैंक आफ बड़ौदा में खाता संख्या 04998100012559 में पांच लाख रुपये की फिरौती जमा कराने को कहा गया था। इस बीच उसे मारा पीटा गया एवं जान से मारने की धमकी दी गई। अदालत के आदेश में प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढें : जानें, किन लोगों के खिलाफ थानों में नहीं हो सकेगी FIR
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
