Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : दुष्कर्म का आरोपी पैथालोजी संचालक गिरफ्तार

Gonda Capsule : दुष्कर्म का आरोपी पैथालोजी संचालक गिरफ्तार

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले में पुलिस ने नशीली दवा खिलाकर एक महिला से दुष्कर्म करने वाले पैथालॉजी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक षिवराज ने मंगलवार को बताया कि जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने सोमवार को कर्नलगंज थाने में डिजिटल डायग्नोसिस पैथालॉजी सेंटर के संचालक मो. नईम उर्फ सोनू पुत्र नियाज के विरुद्ध नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का अभियोग दर्ज कराया था। प्राथमिकी के अनुसार, बीते 31 अगस्त 2023 को बीमार होने पर अपने पति के गैर मौजूदगी में एक परिचित के साथ जब वह जांच कराने के लिए गई तो पैथालोजी संचालक ने उसे नषीली दवा खिलाकर बेहोष कर दिया। इसके बाद दुष्कर्म करके तथा अश्लील वीडियो बनाया। होश में आने के बाद पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर नईम ने धमकाते हुए कहा कि यदि तुम इस बात को किसी को भी बताओगी, तो यह वीडियो तुम्हारे पति के पास भेज दूंगा और इसे वायरल कर दूंगा, जिससे तुम्हारी जिंदगी बर्बाद हो जायेगी। नईम ने महिला को डरा धमकाकर पैसे की भी मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नईम उर्फ सोनू पुत्र नियाज निवासी निंदूरा बाजार थाना कटरा बाजार को भादवि की धारा 328, 376, 509 व 384 के तहत अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

आयुक्त ने सौंपी जिम्मेदारी

देवीपाटन मण्डल के जनपद गोंडा एवं श्रावस्ती से सम्बन्धित राजस्व, सीलिंग तथा स्टाम्प वादों की सुनवाई व निस्तारण एवं प्रशासनिक कार्यों का सम्पादन भी अब अपर आयुक्त राम प्रकाश द्वारा ही किया जायेगा। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने मंगलवार को बताया कि पूर्व में यहां तैनात रहे एक अन्य अपर आयुक्त राकेश चंद्र शर्मा को यह कार्य आबंटित था किन्तु उनके तबादले के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है।

डीएम, एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मंगलवार को आगामी 17 एवं 18 सितंबर को आयोजित कजली तीज मेले की तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने सरयू घाट कर्नलगंज पर चल रही तैयारियों यथा साफ सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रबंध, आवागमन मार्ग, बैरीकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था आदि का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय से पहले सभी तैयारी पूर्ण हो जाय। निरीक्षण के समय अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, उपजिलाधिकारी कर्नलगंज विशाल कुमार, सीओ चन्द्रपाल षर्मा, तहसीलदार, डीपीआरओ आदि उपस्थित रहे।

लापरवाह लेखपाल व आरआइ के खिलाफ कार्रवाई

एक जीवित व्यक्ति के जमीन की वरासत उसी गांव के दूसरे व्यक्ति के वारिसानों के नाम दर्ज करना क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को भारी पड़ रहा है। गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर राजस्व अभिलेखों में सुधार कर दिया गया है। साथ ही दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई षुरू कर दी गई है। एसडीएम सदर ने बताया कि सदर तहसील के ग्राम कमड़ावा निवासी राम शब्द तिवारी ने डीएम से शिकायत की थी कि उनके जीवित होने के बावजूद उनकी भूमि को गांव के ही एक अन्य मृतक व्यक्ति के वारिसानों के नाम दर्ज कर दिया गया है। डीएम के आदेष पर कराई गई जांच में पाया गया कि गांव में राम शब्द नाम के 02 व्यक्ति में रहते थे। अनुसूचित जाति के राम षब्द की मृत्यु हो जाने पर ब्राम्हण जाति के जीवित रामशब्द की परिसम्पत्तियां बिना सम्यक जांच पड़ताल के स्वेच्छाचारी ढंग से क्षेत्रीय लेखपाल हितेश तिवारी और राजस्व निरीक्षक हनुमान प्रसाद पाण्डेय ने वरासत कर दिया। डीएम के निर्देष पर सोमवार को पूर्व पारित त्रुटिपूर्ण वरासत आदेश को निरस्त कर संशोधित आदेश पारित कर दिया गया है। साथ ही लापरवाही बरतने के दोषी क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग में गड़बड़ियों की जांच के लिए समिति गठित

देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने स्वास्थ्य विभाग की लगातार मिल रही षिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिये मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में नगर मजिस्ट्रेट तथा जिला पंचायत के वित्त एवं लेखाधिकारी की समिति गठित की है। यह समिति एक अप्रैल 2023 से 31 अगस्त तक सीएमओ कार्यालय द्वारा टेंडर प्रक्रिया से कराए गए कार्यों की जांच करेगी। समिति द्वारा तकनीकी एवं वित्तीय प्रक्रिया से कार्यों की जाँच करके 15 के अन्दर अपनी आख्या मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। मंडलायुक्त ने कहा कि समिति द्वारा जांच करने के बाद रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात जांच के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।

मुख्यमंत्री शादी योजना के लिए अब आनलाइन आवेदन

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग व सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्तियों के पुत्री की शादी के लिए प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए अब ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। गोंडा के जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चैधरी ने बताया कि पहले इस योजना के तहत पहले ऑफलाइन आवेदन लिये जाते थे परंतु सरकार द्वारा अब इसे पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है। अब कोई भी गरीब व्यक्ति अपने पुत्री की शादी के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकता है। वह पोर्टल पर लॉगिन कर सभी आवश्यक अभिलेखों को अपलोड करते हुए आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है। आवेदक को ऑनलाइन आवेदन का प्रिंट आउट समस्त संलग्नकों के साथ कार्यालय में जमा करना होगा। इस योजना का पात्र होने के लिए परिवार की वार्षिक आय दो लाख से कम होनी चाहिए।

शहर से हटाए जाएंगे अवैध होर्डिंग्स

गोंडा शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे अवैध होर्डिंग, बोनर और पोस्टर हटाए जाएंगे। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जनपद के सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही सम्पादित कराई जाएगी। डीएम ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें नगर सीमान्तर्गत रोड साइड एवं प्रमुख बाजारों में विद्युत पोल पर, चैराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं के अगल-बगल तथा शासकीय भवनों की बाउन्ड्री वाल पर बड़ी संख्या में होर्डिंग्स लगे दिखाई पड़ रहे हैं। नगर पालिका परिषद द्वारा होर्डिंग्स लगाने के लिए स्थान चिन्हित हैं और उन्हीं स्थानों पर पोस्टर बैनर लगाने की अनुमति दी जानी चाहिए। विद्युत पोल अथवा शासकीय भवनों पर तथा रोड साइड में लकड़ी आदि का अस्थायी ढांचा स्थापित करते हुए उस पर प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं दी जा सकती है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाएं घटित होने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के स्तर पर अभियान संचालित किए जाएं और उन्हें स्थानीय पुलिस का पूरा सहयोग प्राप्त होगा।

लूटपाट के खुलासे के लिए टीमें गठित

गोंडा जिले के थाना तरबगंज क्षेत्र के नगर पंचायत बेलसर के देवरदा वार्ड में अज्ञात बदमाशों द्वारा पिछले दिनों की गई लूटपाट के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी संजय तलवार ने टीम गठित की है। हमारे सहयोगी बीएन मिश्र ने सीओ के हवाले से बताया कि घटना की जांच जारी है। अनावरण के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। विवेचना उपनिरीक्षक जय हिंद को सौंपी गई है। इस बीच बेलसर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह ने पीड़ितों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

मृत पीआरडी जवान के परिजनों को दी आर्थिक सहायता

गोंडा जिले के पीआरडी जवानों ने पिछले दिनों एक हादसे में काल कवलित हुए इटियाथोक थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव निवासी अपने साथी के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की। पीआरडी के ब्लाक आफीसर दीप कुमार ने बताया कि पीआरडी जवान सुनील कुमार तिवारी की पिछले 19 अगस्त 2023 को लुधियाना में हुई एक सडक दुर्घटना में मौत हो गई थी। विभाग के जवानों ने उनके परिवार के लिए सहयोग इकट्ठा किया। मंगलवार को उनके घर पहुंचकर मृतक के पिता श्रीनाथ व उनकी पत्नी को 18 हजार पांच सौ रुपये का सहयोग राषि प्रदान किया। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि इस अवसर पर अशोक कुमार तिवारी, शेषनाथ, मनोज आदि उपस्थित रहे।

नदियों के डूब क्षेत्रों का होगा सीमांकन

गोंडा जिले की सीमा में प्रवाहित होने वाली सरयू, घाघरा, टेढ़ी, बिसुही एवं मनवर नदियों के दोनों तरफ डूब क्षेत्र को चिन्हित करते हुए उसके 50 मीटर की दूरी पर पिलर्स स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने नदी के प्रवाह क्षेत्र को संरक्षित कराने तथा इसे अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए यह निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि नदियों एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के संबंध में मा. सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालयों तथा राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण से समय-समय पर विस्तृत दिशा-निर्देश निर्गत किए गए हैं। नदियों के प्रवाह क्षेत्र में कृषिक, औद्योगिक अथवा विनिर्माण आदि सम्बन्धी किसी भी प्रकार की गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जा सकती है। इससे मद्देनजर, जनपद में नदियों के दोनों साइड का डूब क्षेत्र चिन्हित करते हुए उसकी 50 मीटर की दूरी पर पिलर्स स्थापित करा दिए जाने का फैसला लिया गया है। इससे स्थानीय लोगों को यह जानकारी रहे कि चिन्हित क्षेत्र की सीमा में किसी प्रकार के निर्माण अथवा औद्योगिक, व्यापारिक गतिविधियों को अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि नदियों के डूब क्षेत्र का निर्धारण राजस्व एवं सिंचाई विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे व अभिलेखों के आधार पर किया जाएगा। सर्वे के साथ ही साथ सिंचाई विभाग के सम्बन्धित प्रखण्डों द्वारा पिलर्स स्थापना का कार्य सम्पादित किया जाएगा। मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में बनी इस समिति में सभी उप जिलाधिकारी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी और अधिशासी अभियन्ता, सरयू नहर खण्ड-4 को शामिल किया गया है।

डीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रहे विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिषासी अभियंता को निर्देश दिए कि जनपद में निर्माणाधीन सरकारी भवनों की सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए जल्द से जल्द विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को यथाषीघ्र जनपद से जुड़ने वाले सभी राजमार्गों को पशु रहित बनाने का निर्देश दिया। उन्हांेने डीपीआरओ को बालपुर में अवैध अतिक्रमण और कचरे को हटाने के लिए प्रधान को नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे अपनी संपत्तियों का ब्यौरा रखें। यदि किसी विभाग की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा हो, तो सम्बन्धित के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। समीक्षा बैठक में कई कार्यालयाध्यक्षों के स्थान पर उनके प्रतिनिधियों के आने पर जिलाधिकारी ने उनको सचेत किया कि बिना किसी उचित कारण के आगे से कोई भी अधिकारी बैठक में अपना प्रतिनिधि नहीं भेजेगा। अनुपस्थित अधिकारियों को उन्होंने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आज श्रम योगी मानधन योजना, श्रमिक पंजीयन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, दवाओं की उपलब्धता, पेंशन योजनाओं, पोषण मिशन, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला योजना, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

विहिप का स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न

गोंडा में बीते एक सप्ताह से चल रहे विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस का समापन समारोह मंगलवार को सम्पन्न हो गया। परिषद के जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सोमानी ने बताया कि संपूर्ण विश्व में फैले हुए हिंदुओं को समर्थ एवं संस्कारी बनाना तथा भेदभाव रहित समरस हिंदू समाज की स्थापना के लिए विहिप स्थापना 1964 में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई के संदीपनी साधनालय में की गई थी। इस बार स्थापना दिवस कार्यक्रम गोंडा नगर के हर मोहल्ले में आयोजित किया गया, जिसका समापन आज श्री राम जानकी धर्मशाला रानी बाजार में किया गया। इस मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला संघचालक पंकज अग्रवाल एवं संचालन बबलू वर्मा ने किया। कार्यक्रम में पवन चैधरी, आशीष मोदनवाल, विकास साहू, सौरभ जैन, संदीप यादव, सुरेश गुप्ता, हरिराम नेवटिया, अमित, प्रिंस गर्ग, महेश सिंघल, अरविंद मिश्रा, अमरजीत, रोहित, आशीष गोयल, सौरभ, संतोष, सुरेश सिंह आदि सम्मिलित हुए।

पागल सियार का आतंक

गोंडा जिले के विकास खंड कटरा बाजार अंतर्गत गौरवा जानीपुर में बीती रात पागल सियार के हमले में एक व्यक्ति जख्मी हो गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी निबरे लंबरदार रामापुर बिंद्रा बाजार रोड पर साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते थे। बीती रात वह दुकान बंद करके बाहर सो रहे थे। तभी अचानक पागल सियार ने आकर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने आकर उन्हें बचाया। हमारे कटरा बाजार सहयोगी अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि उन्हें जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया है, जहां हालत स्थिर बताई गई है। सियार के आतंक से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्रो. शैलेन्द्र मिश्र का हुआ सम्मान

गोंडा के श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज की शैक्षिक एवं अकादमिक उन्नति में प्रोफेसर शैलेन्द्र नाथ मिश्र द्वारा प्रस्तुत हिंदी बाल साहित्य शैक्षिक प्रौद्योगिकी विषय पर भारत सरकार द्वारा पेटेंट प्रदान किए जाने से मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। पेटेंट के संदर्भ में विषय पर प्रकाश डालते हुए प्रोफेसर मिश्र ने बताया कि शैक्षिक आविष्कार शैक्षिक प्रौद्योगिकी से संबंधित है। इसमें विशेष रुप से हिंदी बाल साहित्य पर ध्यान केंद्रित करने वाले बच्चों के लिए इंटरैक्टिव भाषा सीखने की किट में पांच घटक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस शोध केंद्र वाहनों के फ्यूल मापक रीडर यंत्र पर भी काम कर रहा है। इस संबंध में भी एक जनहित याचिका उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ में दायर की गई है। शोध-केंद्र की इस विशेष उपलब्धि पर मंगलवार को महाविद्यालय के शिक्षकों की ओर से प्रोफेसर शैलेन्द्र नाथ मिश्र को सम्मानित करने एवं उत्साहवर्धन का विशेष कार्यक्रम शोध केंद्र में आयोजित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से प्रोफेसर मिश्र ने महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह ने उन्हें मस्तिष्क नवाचारों का निर्माता की संज्ञा दी। संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मंशाराम वर्मा ने कहा कि प्रो शैलेन्द्र नाथ मिश्र में नित-नए प्रयोग और आइडियाज में एक पेटेंट देखा है। वे ब्रांडिंग नहीं करते। उनके पास ऐसे सैंकड़ों नवाचार हैं। कार्यक्रम को प्रोफेसर अमन चन्द्रा, डॉ रंजन शर्मा, राम समुझ सिंह, शिवशरण शुक्ल, प्रोफेसर डॉ शिशिर त्रिपाठी, जेबी पाल, अभय श्रीवास्तव सहित अन्य प्राध्यापकों ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर बीपी सिंह ने सभी के धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान श्रवण कुमार श्रीवास्तव, डॉ रेखा शर्मा, संजय पाण्डेय, डा. श्रीनिवासराव, मनीष शर्मा, विवेक सिंह, डॉ पुनीत, डॉ संतोष, डॉ दलीप सिंह आदि उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के लिए भेजा ज्ञापन

गोंडा में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर चलाए जा रहे आन्दोलन के क्रम में मंगलवार को छात्र पंचायत के माध्यम से कर्नलगंज के उप जिलाधिकारी विशाल कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन भेजा गया। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने बताया कि आज हम सभी छात्र छात्राओं व अधिवक्ताओं ने अपने मुँह पर टेप लगाकर मौन यात्रा निकाल कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। हमारी मांगे नहीं मानी गई तो आगे उग्र आंदोलन होगा। छात्र नेता सूरज शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय गोंडा में ही बनाया जाए ताकि हम छात्रों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए बाहर न जाना पड़े। कर्नलगंज तहसील के संयोजक अमित तिवारी ने बताया कि तहसील के चारों विकास खण्डों कटरा .हलधरमऊ .परसपुर व कर्नलगंज में गाँव गाँव व इंटर कॉलेजों में जाकर सभी से संघर्ष के लिए आवाहन किया गया है। कर्नलगंज तहसील के अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष व मंत्री ने भी छात्र पंचायत का समर्थन किया। इस अवसर पर छात्र पंचायत के मीडिया सयोंजक धर्मेंद्र शुक्ला, शिव कौशलेंद्र प्रताप सिंह, सौरभ ओझा, शिव पूजन शुक्ला, रामानंद मिश्रा, अभिनव सिंह, महेश मिश्रा, गया प्रसाद कश्यप समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular