जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बोरे में भरे तिरंगे को कथित रूप से आग के हवाले करने के मामले में जिला प्रशासन ने दो सदस्यीय टीम गठित करके जांच रिपोर्ट तलब किया है। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय पर स्थित विकास भवन के साफ-सफाई के दौरान कर्मचारियों द्वारा रविवार (30 अक्टूबर) को बोरे में रखे तिरंगे को आग के हवाले किए जाने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई थी। उन्होंने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में दो सदस्यीय टीम गठित करके सुस्पष्ट जांच आख्या तलब किया है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस सम्बंध में जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी ने बताया कि बीते अगस्त माह में हर घर तिरंगा अभियान में वितरण के लिए झंडे मंगाए गए थे। इसमें से कुछ झंडे मानक के अनुकूल नहीं थे। परिणाम स्वरूप उन्हें वितरित नहीं किया गया था और विकास भवन के ही एक कक्ष में रखवा दिया गया था। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण दफ्तरों का विशेष साफ-सफाई किया जा रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारियों ने अन्य रद्दी फाइलों व कागजों के साथ उस बोरी भी जला दिया, जिसमें तिरंगा रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और प्रकरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फ्लैग कोड में तय नियमों के तहत ही क्षतिग्रस्त झंडों का निस्तारण किया गया है। बताते चलें कि सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में विकास भवन के पीछे कुछ बोरों में जलते हुए राष्ट्र ध्वज दिखाई पड़ रहे थे, जिसमें कहा गया था कि बीते स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत वितरण के आए झण्डांे को आग के हवाले कर दिया गया है।
अजगर को देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप
कर्नलगंज थाना क्षेत्र कर्नलगंज अन्तर्गत मुण्डेरवा गांव में निकले विषैले अजगर को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मुंडेरवा के सेमरा पुरवा गांव में निकले अजगर के बारे में जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह को सूचना दी गई तो उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ सेमरा पुरवा गांव पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से अजगर को बोरे में भरकर वहीं रख दिया और मामले की सूचना वन विभाग को दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह के साथ आजाद युवा विकास फाउंडेशन के संस्थापक हर्षित सिंह सूर्यवंशी, प्रधान प्रतिनिधि अंकित सिंह सहित अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।
चेयरमैन पुत्र की जमानत अर्जी खारिज
प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश पूजा सिंह ने खरगूपुर हिंसा के दो मामलों में आरोपी खरगूपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के पुत्र की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है। वहीं, इसी मामले में आरोपी नगर पंचायत चेयरमैन लाल मोहम्मद को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी बसंत कुमार शुक्ला के अनुसार खरगूपुर थाना क्षेत्र के खरगूपुर बाजार निवासी सोनू मोदनवाल ने खरगूपुर नगर पंचायत चेयरमैन लाल मोहम्मद के पुत्र जहीर समेत 39 नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर देकर कहा कि 10 अक्तूबर 2022 को शाम आठ बजे लाठी डंडे से लैस होकर विपिन की दुकान पर आकर तोड़फोड़ की व जानलेवा हमला किया। इसी घटना में थाने के उपनिरीक्षक भोला शंकर ने प्राथमिकी दर्ज कराया कि आरोपियों ने पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पर ईंट, पत्थर, बोतल से हमला कर दिया, जिससे मुख्य आरक्षी राज किशोर व एक अन्य आरक्षी को गंभीर चोटें आईं। बलवाइयों ने सरकारी वाहन भी तोड़ा और शांति व्यवस्था भंग किया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी की ओर से प्रस्तुत प्रार्थनापत्र की सुनवाई के दौरान मुकदमे के तथ्य, परिस्थितियों एवं अपराध की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश पूजा सिंह ने आरोपी चेयरमैन लाल मोहम्मद के पुत्र जहीर का अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया।
बिना काम के भुगतान की शिकायत
वजीरगंज विकास खंड के एक ग्राम पंचायत में बिना कार्य कराए ही सरकारी धन का भुगतान करा लेने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान, जेई और सचिव के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत की है। मामला ब्लाक के ग्राम पंचायत खीरीडीह का है। यहां के लोगों ने डीएम से विकास के धांधली का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। शिकायती पत्र में आरोप है कि गौरा पिच रोड से अनिल सिंह के घर तक व ज्वाला के खेत से राजकुमार के खेत तक आरसीसी रोड का कार्य पूरा दिखा कर लाखों रुपये का भुगतान लिया गया है। जबकि, इन मार्गों पर कोई कार्य नहीं हुआ है। सुनील कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने जांच की मांग की है। बीडीओ विजय कांत मिश्रा ने बताया कि कार्यों की जांच की जा रही है।
शिक्षक भर्ती के लिए बेरोजगार प्रशिक्षितों का ट्विटर अभियान
डीएलएड मोर्चा संघ के प्रदेश प्रवक्ता हरि ओम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों बीटीसी, बीएड, बीपीएड प्रशिक्षित युवाओं ने ट्विटर पर अभियान चलाया, जिसमें नई शिक्षक भर्ती की राह देख रहे लाखों प्रशिक्षितों का भविष्य शिक्षक भर्ती न आने से गर्त में जा रहा है। हरिओम सिंह ने कहा कि सरकार झूठे वायदे करती जा रही है और शिक्षक भर्ती से मुकर रही है। लाखों प्रशिक्षित साथी दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। कई बार शिक्षक भर्ती को लेकर प्रशिक्षतो ने ज्ञापन अभियान, ट्विटर अभियान, धरना प्रदर्शन एवं विधानसभा का घेराव किया है। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार के विधानसभा चुनावों से पहले 17000 भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन चुनाव बाद पुनः सत्ता में आने पर प्रदेश सरकार अपने किए हुए वायदों से मुकर गई। उनका कहना है कि यदि जल्दी प्रदेश सरकार ने शिक्षक भर्ती का विज्ञापन नहीं जारी करती है, तो व्यापक स्तर पर लाखों की संख्या में प्रशिक्षित साथी विशाल आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। चलाए गए ट्विटर अभियान में अविनाश सिंह, नितेश पांडेय, शक्ति सिंह, हर्षित श्रीवास्तव, आयुष्मान सिंह, चंदन सिंह, गिरिराज सिंह एवं प्रदेश के समस्त टेट, सीटेट पास प्रशिक्षतो ने अपनी अहम भूमिका निभाई।
जमथा में चल रहा शिव विवाह महोत्सव
तरबगंज क्षेत्र के जमथा में चल रहे आठ दिवसीय शिव विवाह महोत्सव में क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। महोत्सव में अयोध्या के सुप्रसिद्ध रामलीला मंडल द्वारा रामायण के विविध प्रसंगों की लीला दिखाई जा रही है। मंच संचालक और अवधी कवि शिव पूजन शुक्ल ने बताया कि यह मेला अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संजोये है। मेला स्थल महर्षि यमदग्नि आश्रम के नाम से प्रसिद्ध है। मेला की व्यवस्था में संरक्षक रवीन्द्र कुमार पांडेय, प्रधान मन्नू पांडेय, अध्यक्ष कलाधर पांडेय, पूर्व कैप्टन कृपाराम पांडेय व अन्य लोगों की सहभागिता है।

अधिवर्षता आयु पूर्ण कर दो पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त
जनपद में नियुक्त दो पुलिस कर्मी सोमवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक राम निवास प्रसाद व मुख्य आरक्षी चालक दयानाथ शुक्ला पुलिस सेवा में अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय मुन्ना उपाध्याय ने पुलिस कार्यालय में उन्हें फूल माला पहनाकर, अंग वस्त्र व धार्मिक पुस्तकें भेंट कर विदाई दी तथा भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक यशवन्त प्रताप सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे।
शनिदेव की प्रतिमा स्थापित
सदर तहसील के फरेंदा कानूनगो के गुरुदत्त पुरवा में शनि देव मंदिर निर्माण से पहले शनि देव की प्रतिमा की स्थापना विधि विधान से की गई। ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ। शनि देव मूर्ति की स्थापना पंडित बिहारी लाल मिश्रा द्वारा मंत्रोच्चार के उपरांत की गई। इस दौरान ग्राम प्रधान राजीव तिवारी, जगदंबा प्रसाद पांडे, रामकुमार वर्मा, पृथ्वीराज सोनकर, राम बिहारी, रामनाथ, शिवपूजन, पुजारी दयाराम महाराज समेत अन्य लोग रहे।
मंगलवार से शुरू होगा संस्कृत संभाषण वर्ग
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के तुलसी सभागार (मुख्य परिसर) में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी संस्कृत विभाग द्वारा संस्कृत-संभाषण वर्ग का निःशुल्क संचालन 01 से 07 नवंबर तक अपराह्न 01 से 02 बजे तक किया जाएगा, जिसमें कोई भी इच्छुक व्यक्ति प्रतिभाग कर सकता है। यह जानकारी देते हुए कालेज के संस्कृत विभागाध्यक्ष डा. मंशा राम वर्मा ने बताया कि इस सप्त दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कोई भी प्रतिभाग कर सकता है। विषय की कोई अनिवार्यता नहीं है। विगत वर्षों में कला वर्ग के अलावा विज्ञान वर्ग के गुरुजनों एवं छात्रों ने भी प्रतिभाग किया है। लगातार सात दिन प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा।
बाइक टकराने से पैरा टूटा, मुकदमा दर्ज
मनकापुर थाना क्षेत्र में आमने-सामने बाइक में टक्कर हो जाने से एक बाइक चालक का पैर टूट गया। उसके बेटे के तहरीर पर दूसरे बाइक चालक के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है। थाना तरबगंज क्षेत्र के रामपुर टेंगरहा निवासी जान मोहम्मद ने कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि उसका पिता अली अहमद बीते 25 अक्तूबर को न्यौता देने बाइक से मनकापुर गया था। जहां से लौटते समय कोट के पास सामने से आ रहे अल्ली निषाद निवासी अल्लीपुर थाना खोड़ारे ने बाइक से टक्कर मार दी, जिसमे पिता का बायां पैर टूट गया। उनको जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
यह भी पढें : अब A फॉर अर्जुन और B फॉर बलराम पढेंगे बच्चे
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
