जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ततैया के हमले में दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि बच्चों की दादी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मदनापुर निवासी उत्तमा (65) अपने दो पौत्रों युग (04) व योगेश (06) पुत्रगण विश्वनाथ शुक्ला के साथ दुकान से राशन लाने जा रही थी। रास्ते में उन पर अचानक ततैया के झुंड ने हमला बोल दिया। ततैया के डंक मारने से तीनों की हालत गंभीर हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन ग्राम प्रधान वंशराज के सहयोग से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए। यहां पहुंचते ही युग की मौत हो गई। डॉक्टरों ने योगेश और उत्तमा की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इलाज के दौरान योगेश की भी मौत हो गई। दादी का उपचार चल रहा है।
लावारिश मिले दो नवजात, एक की मौत
गोंडा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को दो नवजात शिशुओं के बरामद होने से हड़कम्प मच गया। जानकारी के अनुसार, बाबू ईश्वर शरण जिला चिकित्सालय के सर्जिकल वार्ड के शौचालय में मंगलवार को सफाई कर्मचारी को खून से लथपथ एक नवजात बालिका बरामद हुई। ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट आजाद ने उसे जिला महिला चिकित्सालय के एनआईसीयू में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डाक्टरों के अनुसार, बालिका खतरे से बाहर तथा स्वस्थ है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके गुप्ता ने बताया कि आज गर्भनाल के साथ नवजात बरामद की गई है। प्रतीत होता है कि कुछ समय पूर्व ही उसका जन्म हुआ है। बच्ची को महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दूसरी बच्ची सिविल लाइंस क्षेत्र के विष्णुपुरी मोहल्ले में स्थित एक नर्सिंग होम के पास कूड़े के ढेर में बरामद हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र एवं गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मंगलवार को राजकीय जिला पुस्तकालय एवं एलबीएस डिग्री कालेज में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के निःशुल्क कोचिंग क्लास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने राजकीय जिला पुस्तकालय में साफ-सफाई, इंटरनेट व्यवस्था, कुर्सी व सभी अन्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिये। उन्होंने यह भी कहा कि यहां पर बच्चे एक अच्छी तैयारी करने की उम्मीद से पुस्तकालय में आते हैं, इसलिए यहां की सारी व्यवस्थाएं अच्छी होना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वहां पर तैयारी करने हेतु आए हुए छात्र-छात्राओं से पुस्तकालय में दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। जानकारी के दौरान छात्राओं द्वारा अवगत कराया गया कि पुस्तकालय में इंटरनेट की स्पीड ठीक नहीं है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने मण्डलायुक्त से और अच्छी कुर्सी पुस्तकालय में लगवाने की मांग किया। आयुक्त ने व्यवस्था ठीक कराने के आश्वासन दिया।
दो नए तहसीलदारों की तैनाती
गोंडा की डीएम नेहा शर्मा ने मंगलवार को दो तहसीलों में नए तहसीलदार तैनात किए हैं। तहसीलदार सदर अखिलेश कुमार को तहसीलदार मनकापुर तथा बुलन्दशहर से स्थानांतरित होकर आये सत्यपाल सिंह को तहसीलदार सदर बनाया गया। तहसीलदार मनकापुर रहे परशुराम को न्यायिक तहसीलदार तरबगंज बनाया गया है।
वकीलों ने शुरू किया क्रमिक अनशन
ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में गोंडा के वकीलों ने आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। इसके विरोध में मंगलवार से जिला मुख्यालय के वकीलों ने विरोध प्रदर्शन के साथ-साथ क्रमिक अनशन की शुरूआत की। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्रा व बार एसोसिएशन अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव के संयुक्त संचालन में दीवानी गेट पर अधिवक्ताआनें ने क्रमिक अनशन किया। वकीलों ने कहा कि पूर्व में पारित प्रस्ताव के अनुसार, मंगलवार को क्रमिक अनशन की शुरुआत की गई है, जो मांग पूरी न होने तक जारी रहेगी। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि इस मौके पर दीनानाथ त्रिपाठी, केके मिश्रा, सुनील कुमार पाण्डेय, लाल विहारी शुक्ला, कौशल किशोर पांडेय, अजेय विक्रम सिंह, मनोज कुमार मिश्रा, आलोक कुमार पाण्डेय राम बुझारथ द्विवेदी, इंद्रमणि आदि मौजूद रहे।
ग्राम न्यायालय के जज को दी गई विदाई
गोंडा जिले के मनकापुर स्थित ग्राम न्यायालय में तैनात सिविल जज प्रिंस जिंदल के तबादले पर मंगलवार को उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने कहा कि विदाई की बेला सदैव दुःखदायी होती है लेकिन सरकारी व्यावस्था में स्थानान्तरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। इससे सभी अफसरों को गुजरना पड़ता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चन्द्र प्रताप वर्मा ने किया। संचालन अरुण कुमार पान्डेय ने किया। वरिष्ठ अधिवक्ता सीके पाठक की अगुवाई में उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। बाद में उन्हें स्मृति चिह्न और उपहार दिए गए। केदार नाथ मिश्र ललक ने काव्य पाठ किया। इस मौके पर तहसीलदार परशुराम, नायब तहसीलदार अनु सिंह, पीएस पान्डेय, श्रवण शुक्ला, भानु प्रताप मिश्र, सुधीर श्रीवास्तव, अखिलेश मिश्र, अरुण पान्डेय, राम केदार वर्मा, अतुल ओझा आदि मौजूद रहे।
बाग में लटकता मिला वृद्ध का शव
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के मेहावर पोखर गांव में मंगलवार को 65 वर्षीय एक वृद्ध का शव उसके घर से कुछ दूर स्थित बाग में पेड़ पर लटकता पाया गया। परिजनों के अनुसार, गांव निवासी इंदल मंगलवार की सुबह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। बाद में विद्यालय जा रहे गांव के बच्चों ने उनका बाग में आम के पेड़ पर लटकता हुआ देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र सनी देओल ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चार बेटे व तीन बेटियां हैं। हमारे सहयोगी शैलेन्द्र पाण्डेय के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक अक्सर बीमार रहता था। कभी-कभी उसे मानसिक परेशानी भी हो जाती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने इस सम्बंध में कोई शिकायत नहीं की है।
24 दिन बाद मिला लापता किशोर
गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव से कोचिंग गए किशोर को 24 दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को सकुशल बरामद करते हुए परिजनों के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुकमंगदपुर बेलहा के निवासी राजेंद्र प्रसाद का 14 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार घर से कोचिंग पढ़ने के लिए कौड़िया गया हुआ था, लेकिन बाद में घर नहीं लोटा था। उप निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने उसे आज मल्लापुर के पास सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पैरेंट्स काउंसलिंग का आयोजन
गोंडा जिले के ब्लाक संसाधन केन्द्र इटियाथोक पर मंगलवार को समेकित शिक्षा के अन्तर्गत पैरेण्ट्स काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इसमें दिव्यांगता के कारण, प्रकार एवं सावधानियां समेत अन्य तमाम बिन्दुओं पर चर्चा की गयी। खण्ड शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण की जानकारी देते हुए उनके रख-रखाव के बारे में बताया गया। साथ ही दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 एवं नेशनल ट्रस्ट एक्ट 1999 के प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। बच्चों की समस्याओं के सम्बन्ध में उनके माता पिता व अभिभावकों को व्यक्तिगत परामर्श दिया गया। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि इस अवसर पर स्पेशल एजुकेटर आईडी राजेश शुक्ला, स्पेशल एजुकेटर एचआई अशोक कुमार, स्पेशल एजुकेटर वीआई श्रीमती पूजा यादव, दीपेन्द्र सोनी, किरन जायसवाल, विनोद गुप्ता, संजीव कुमार, विजय प्रकाश, मनोज यादव, शुभम कुमार, आशा आदि उपस्थित रहे।
जय प्रकाश बने लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष
गोंडा जिले के सदर तहसील में मंगलवार को हुए उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चुनाव में जय प्रकाश वर्मा अध्यक्ष, अभय प्रताप श्रीवास्तव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दुर्गेश्वर प्रताप यादव कनिष्ठ उपाध्यक्ष, आत्माराम वर्मा मंत्री, मैनुद्दीन अंसारी उपमंत्री, अजीत कुमार कोषाध्यक्ष तथा श्रीमती पिंकी सिंह को आडीटर चुना गया। निर्वाचन अधिकारी राम पूजन सिंह ने बताया कि सभी पदों पर एकल नामांकन होने से सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुन लिए गए। हमारे सहयोगी सीपी तिवारी ने बताया कि इस मौके पर राम बहादुर पांडेय, गोविंद विहारी तिवारी, नृपेन्द्र कुमार तिवारी, निरंकार आदि मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का स्वागत
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी, महामंत्री शिव राम शुक्ला, कोषाध्यक्ष नींबू लाल, जिला संगठन मंत्री संतोष यादव व जिला संप्रेक्षक अमीर अहमद समेत सभी पदाधिकारियों का मंगलवार को मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडेय की अगुवाई में स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सरिता कश्यप, महामंत्री रामरती, कार्यवाहक अध्यक्ष पूनम सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगीता गुप्ता, उपाध्यक्ष सन्नू सिंह का भी माला पहनकर स्वागत किया गया। इस मौके पर सचिन श्रीवास्तव, अमीर अहमद, प्रदीप वर्मा, संतोष कनौजिया, रघुनाथ मौर्य, संतोष वर्मा, सनीराम, विक्रमजीत, पंकज सिंह, धर्म दत मिश्रा, शिवकुमार, मनोज मिश्रा, अतुल तिवारी, फौजदार पांडे, कृष्ण कुमार वर्मा, अरविंद मिश्रा, श्री प्रकाश मिश्रा, बेंचू लाल, राकेश वर्मा, धर्मेंद्र पांडे, लाला पासवान, लोकनाथ, चंदन तिवारी, जितेंद्र तिवारी, गिरजेश सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, राम निहोर, नकुल यादव, हरीश मिश्रा, पंकज, सतीश दुबे, मोहम्मद सॅईद आदि मौजूद रहे।
बच्चों के कौशल सम्बर्द्धन के लिए प्रतियोगिताएं
गोंडा जिले के शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक के परिषदीय विद्यालयों में छात्र छात्राओं में भाषा संबंधी कौशल के विकास के लिए स्पेल बी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें बच्चों से श्रुतलेख और फिल इन दी ब्लैंकस की प्रतियोगिता करवायी जा रही है। कन्या प्राथमिक विद्यालय अयाह में मंगलवार को शिक्षक दुर्गा प्रसाद गुप्ता की देखरेख मे आयोजित प्रतियोगिता में अनुराग ने प्रथम, राशिद ने द्वितीय तथा नैना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विनोद कुमार, नसीम अंसारी, हरि नारायण मिश्र सहित सभी स्टाफ उपस्थित रहे। उजार पुरवा, भीखमपुरवा, बेलवाशुक्ल, नएगांव, ज्वालापुरवा, एकडंगा आदि विद्यालयों में इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि यह प्रतियोगिता 26 सितंबर तक चलेगी। विजेता प्रतिभागियों में से विकास खंड के प्रत्येक प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों से एक-एक व कंपोजिट विद्यालयों से दो बच्चों को चयनित करके बीआरसी पर भेजा जायेगा। ब्लॉक स्तर के विजेताओं को जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेना होगा, जहां उन्हें प्रमाण पत्र व पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
बिजली की चपेट में आकर मौत
गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अशरफ पुर में रामरेखा वर्मा (43) की बीती रात घर में लगे बिजली बोर्ड की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक रामरेखा घर में लगे विद्युत बोर्ड में पंखा लगाने के लिए तार लगा रहा था। इसी बीच वह अचानक विद्युत प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आकर बेहोश हो गया। आनन फानन में एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।
ब्लाक प्रमुख ने दर्ज कराई प्राथमिकी
गोंडा जिले में तरबगंज विधायक के ब्लॉक प्रमुख बेटे मनोज कुमार पांडेय ने अज्ञात साइबर अपराधी के विरुद्ध स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप के अनुसार, ट्रूकॉलर पर फर्जी तरीके से उनके नाम का प्रयोग करके कोई शख्स अधिकारियों, कर्मचारियों को फोन कर धन उगाही की कोशिश कर रहा है। बीते 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय के आर्थो सर्जन डा. अरुण मिश्रा को फोन पर धमकी देते हुए नाजायज काम करने के साथ अनुचित मांग की गई। फोन करने वाले का मोबाईल नम्बर टूकॉलर पर प्रमुख तरबगंज के नाम से प्रदर्शित हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
21 व 22 को रोजगार मेला
गोंडा शहर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिवसीय रोजगार मेला और कैम्पस प्लेसमेंट का आयोजन 21 सितंबर को किया जाएगा। इसमें टाटा मोटर्स समेत कई निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। आईटीआई पास बेरोजगार अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। यह जानकारी संस्थान के प्रधानाचार्य अनिल वर्मा ने दी। इसी प्रकार जिले के आर्यनगर में स्थित पार्वती देवी इंटर कॉलेज में आगामी 22 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सहायक निदेशक सेवायोजन आशा वर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील तिवारी ने बताया कि मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई व अन्य तकनीकी योग्यता धारी बच्चों को अपना प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से लाना होगा। इसमें 18 से 35 वर्ष के युवाओं को शामिल किया जाएगा।
प्रधान संघ ने सीओ को सौंपा मांगपत्र
गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कलवारी के प्रधान प्रतिनिधि रामदेव पर कल देर शाम हुए जानलेवा हमले को लेकर क्षेत्र के प्रधानों में आक्रोश व्याप्त है। घटना से नाराज प्रधानों ने कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रधानों को सुरक्षा प्रदान करने, घायल के समुचित इलाज के साथ ही पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। हमारे कटरा बाजार सहयोगी अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि ज्ञापन पर हलधरमऊ विकास खंड के प्रधान संघ के अध्यक्ष अरविन्द शुक्ल, रघुनाथ, जमील अहमद, रमेश मिश्र, करम चंद मिश्रा आदि के हस्ताक्षर हैं।
मोदी करेंगे अटल आवासीय विद्यालय का शुभारम्भ
गोंडा जिले के मनकापुर के सिसवा ग्राम में स्थित अटल आवासीय विद्यालय का औपचारिक शुभारंभ 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस स्कूल में बीते 11 सितंबर से पठन-पाठन शुरू हो चुका है। देवीपाटन मंडल के उप श्रमायुक्त अनुभव वर्मा ने बताया कि नवोदय विद्यालय की तर्ज पर बनाए गए अटल आवासीय विद्यालयों में श्रमिकों के बच्चे कक्षा 6 से कक्षा 12 तक पढ़ाई करेंगे। विद्यालय में कक्षा छह में 80 सीटों पर छात्र छात्राओं का चयन किया गया है।
डीएम की चैपाल स्थगित
गोंडा जिले के नगर पालिका कर्नलगंज व नगर पंचायत परसपुर में बुधवार को जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नगर चैपाल को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि नगर चैपाल की अगली तिथि बाद में तय की जाएगी।
