Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : झगड़े में बीच-बचाव की कोशिश में गई जान

Gonda Capsule : झगड़े में बीच-बचाव की कोशिश में गई जान

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत झगड़े का बीच-बचाव कराने गए व्यक्ति को मजदूरों ने लोहे के सरिये से पीटकर मरणासन्न कर दिया। गंभीर हालत में उसे अयोध्या के मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत हो गयी। पुलिस ने मृतक के बेटे युवराज सिंह की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के लोलपुर गांव में सड़क के किनारे बने राम नरायन सिंह निवासी लोलपुर के मकान में बिहार से आए मजदूर अस्थायी ठिकाना बनाकर क्षेत्र में मजदूरी करते थे। रविवार देर रात छोटेलाल, संतोष कुमार निवासीगण चैनपुर थाना मीनापुर जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) व एक अन्य अज्ञात किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा करने लगे। तेज आवाज सुनकर बगल के घर में रह रहे सरदार सिंह (55) उन्हें शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आमादा फौजदारी तीन मजदूरों ने सरदार सिंह पर हमला कर दिया और लोहे की सरिया से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर कर मौके पर पहुंचे परिजनों ने लहूलुहान अवस्था में मरणासन्न सरदार सिंह को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दर्शननगर स्थित राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तरबगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

डीएम ने किया मेडिकल कालेज का निरीक्षण

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सोमवार को जनपद में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य के प्रगति जानकारी ली। निरीक्षण के समय मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में मैन पावर बढ़ाकर कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारी डॉक्टर कुलदीप पाण्डेय को निर्देश दिया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन करते हुए जल्द से जल्द तैयार कराना सुनिश्चित करें।

चार बिजली चोरों के खिलाफ एफआइआर

गोंडा नगर के मलियाना मोहल्ले में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम राधेश्याम भास्कर की अगुवाई में सोमवार को चलाए गए जांच अभियान के दौरान विद्युत चोरी करने वाले चार उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके साथ ही अधिक बकाया होने पर और बिल भुगतान न करने पर आठ उपभोक्ताओं की विद्युत लाइन विच्छेदित की गई। अवर अभियंता सुधीर शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताआें से बकाये बिल के रूप में करीब एक लाख 22 हजार रुपये जमा कराए गए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध राजस्व क्षति का निर्धारण कर वसूली की कार्रवाई हेतु नोटिस प्रेषित किया जाएगा। बकाया विद्युत बिल का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर लगातार कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध आरसी जारी की जा रही है और उनकी विद्युत लाइन विच्छेदित की जा रही है, जबकि समय से बकाया बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को विभाग द्वारा छूट प्रदान की जा रही है। टीम मे विजेंद्र सिंह, सतीश गुप्ता, आशीष श्रीवास्त, उत्तम यादव, शिवकुमार, पंकज चौधरी, दिनेश निषाद व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

टाउन हाल में ‘सावन मनभावन’ कार्यक्रम आयोजित

गोंडा जिले के टाउन हॉल में दीप सामाजिक संस्थान लखनऊ द्वारा रविवार की देर शाम ‘सावन मनभावन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष उजमा राशिद, डॉक्टर ज्योत्सना शुक्ला, डाक अधीक्षक किरन सिंह, डॉक्टर नीलम तिवारी व समाजसेवी बीना रॉय ने किया। यह जानकारी देते हुए संस्थान की अध्यक्ष उर्मिला पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं ने एक दूसरे के प्रति प्रेम और सम्मान प्रदर्शित करते हुए उनके हाथों में चूड़ियां पहनाई और सुंदर मेंहदी रचाई। गीत संगीत के वातावरण में मस्ती मजाक वाले खेल भी खेले। इंडियन आइडल अकादमी के बच्चों द्वारा चूड़ी वाले चूड़ी पहना दे का गायन प्रस्तुत किया गया। किरन पांडेय और शेफाली पांडेय ने कजरी गीतों से समा बांधा। वीएचएस डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा ‘आया सावन झूम के’ प्रस्तुत किया गया। फाल्गुनी और दर्शिका ने ‘कैसे खेलन जाब सावन में कजरिया, बदरिया घेर आई ननदी’ कजरी गीत गाकर मंत्र मुग्ध किया। विजेता को श्री राम ज्वैलर्स की तरह से उपहार देकर सम्मानित किया गया। फुलवारी स्कूल की प्रबंधक नीता सिंह तीज क्वीन विजेता चुनी गईं। मिसेज ब्यूटीफुल का खितबा शेफाली पांडेय ने जीता। खेल में संध्या कैसवार विजेता रहीं।

कन्या जन्मोत्सव मनाया गया

महिला कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंडरी कृपाल पर सोमवार को आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक डा. पूजा जायसवाल ने केक काटकर किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां समाज का आधार स्तम्भ होती हैं। एक छोटी बच्ची, एक बहुत अच्छी बेटी, बहन, पत्नी, माँ और भविष्य में और भी अच्छे रिश्तों का आधार बन सकती है। हमें उसकी देखभाल करनी चाहिए। यदि जन्म लेने के बाद उसकी देखभाल नहीं करेंगे, तब हम कैसे भविष्य में एक बेटी, बहन, पत्नी या माँ को प्राप्त कर सकेंगे। महिला कल्याण अधिकारी ज्योत्सना सिंह ने सीएचसी में जन्म लेने वाली बच्चियों की माताओं व परिजनों को बधाई व शुभकामनाएं दी और बच्चियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुनहरे भविष्य की कामना की। परामर्शदाता जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी के निर्देशन में चलाये जा रहे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जन्म लेने वाली 20 बच्चियों को हिमालया बेबी व कपड़ा वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं के पम्पलेट भी वितरित किये गये। इस दौरान एमओ डा. संध्या सिंह, संजय शुक्ला, आउटरीच वर्कर सिद्धनाथ पाठक, रवि सिंह, राजेश कुमार, मो. राजा, ओम नरायन गुप्ता, डीके सिंह आदि मौजूद रहे।

सेवानिवृत्ति के दिन ही मिल जाएंगे अधिकांश देय

जिले के सरकारी दफ्तरों से सेवानिवृत्त हो रहे कार्मिकों को पेंशन, बीमा, जीपीएफ, ग्रेच्युटी जैसे भुगतान के लिए अब चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सेवानिवृत्त होने पर संबंधित कार्मिक को देय सेवानिवृत्तिक लाभों का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने पहल की है। जिलाधिकारी की ओर से सभी जनपद अधिकारी एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वह आगामी 06 माह में सेवानिवृत्त हो रहे कार्मिकों का विवरण प्राप्त कर पेंशन, बीमा, जीपीएफ, ग्रेच्युटी आदि के भुगतान हेतु आवश्यक प्रपत्र को तैयार करा दें। इनके संबंध में सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त कर ली जाए। जिलाधिकारी ने साफ किया है कि अधिक से अधिक देयों का भुगतान सेवानिवृत्ति की तिथि पर कराने की व्यवस्थआ सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि कई विभागों में समय पर कार्यवाही ने किए जाने के चलते सेवानिवृत्त होने के उपरान्त संबंधित कर्मचारी कार्यालयाध्यक्ष व उच्चाधिकारियों के पास अपने देयों के भुगतान के लिए आते हैं। जनसुनवाई के दौरान एवं सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कई बार इस तरह के प्रकरण प्रकाश में आते हैं। यह स्थिति कदापि उचित नहीं है। विभाग से सेवानिवृत्त होने के उपरांत कर्मचारी को उन्हीं के विभागीय अधिकारी अथवा पटल सहायक द्वारा औपचारिकताएं पूर्ण कराने के नाम पर कार्यालय आने के लिए बाध्य करना शासन के निर्देशों की अवहेलना का परिचायक है।

एलबीएस में मनाया गया विश्व उद्यमिता दिवस

श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में सोमवार को विश्व उद्यमिता दिवस मनाया गया। इस मौके पर अपने सम्बोधन में प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि स्वावलंबी भारत अभियान का लक्ष्य भारत के प्रत्येक नागरिक को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना और प्रत्येक हाथ को काम देना है। प्रबंध तंत्र के सचिव उमेश शाह व सदस्य संजू छाबड़ा को उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर बीपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य नियंता प्रोफेसर आरबीएस बघेल ने और डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालयके शिक्षक संघ के महामंत्री प्रोफेसर जीतेंद्र सिंह ने स्वावलंबी भारत अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मंच संचालन करते हुए डॉ रेखा शर्मा ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच के नेतृत्व में स्वावलंबी भारत अभियान के द्वारा पूरे देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगामी 02 अक्टूबर तक विभिन्न इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, टेक्निकल कॉलेज में कार्यक्रम किए जाएंगे और युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए उत्प्रेरित किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। डॉ शिशिर त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में शिवशरण शुक्ला, शैलेंद्र मिश्र, विजय कुमार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, मंशाराम वर्मा, जयशंकर तिवारी, डॉ दिलीप शुक्ला, डॉ ममता शुक्ला, डॉ रमित पटेल, डॉ हरीश शुक्ला, स्मिता सिंह, शैलजा सिंह, अभय द्विवेदी, स्मृति शिशिर, घनश्याम द्विवेदी, प्रियंका श्रीवास्तव, अशोक पांडे आदि उपस्थित रहे।

शिक्षक संघ का चुनाव सम्पन्न

जिले के विकास खण्ड कटरा बाजार के अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय मुंगरही में आयोजित उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लाक स्तरीय त्रिवर्षीय चुनाव में महेश्वर बक्स सिंह अध्यक्ष व शरद शुक्ला निर्विरोध महामंत्री चुने गए। पर्यवेक्षक अनिल कुमार सिंह व प्रह्लाद पांडेय की देखदेख में हुए चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम जी वर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण कांत सोनी चुने गए। जिलाध्यक्ष किरन सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन रंजीत यादव ने किया। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष व जिला उपाध्यक्ष राम चन्द्र तिवारी, मंत्री इंद्रसेन मिश्रा, नरेंद्र सिंह, मोहित प्रकाश सिंह, चंद्र कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग

गोंडा जिले के इटियाथोक ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत हर्रैया झूमन में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इस पर एलटी लाइन लंबी होने व लगातार कनेक्शन बढ़ने की वजह से आए दिन ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है। परिणाम स्वरूप लोगां को बिजली की समस्या से जूझना पड़ता है। यहां की ग्राम प्रधान श्रीमती शाहजहां ने इटियाथोक पावर हाउस पर तैनात अवर अभियंता को पत्र लिखकर गांव में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 400 केवीए किए जाने की मांग की है।

चार वाहनों पर 11 हजार का जुर्माना

गोंडा जिले के परसपुर थाने के पसका चौकी प्रभारी ने क्षेत्र के सरयू पुल पर दो पहिया वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए वाहन संबंधी प्रपत्रों की जाँच, बिना हेलमेट व दो से अधिक सवारियों को बैठाकर फर्राटा भरने वाले वाहनों का ई-चालान किया। हमारे कर्नलगंज सहयोगी महादेव मौर्य के अनुसार, चार वाहनों का ग्यारह हजार रुपए का जुर्माना किया गया है।

शिक्षा चौपाल का आयोजन

गोंडा जिले के इटियाथोक विकास खंड के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लालपुर में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। त्रिपाठी ने अभिभावकों से संवाद कर निपुण लक्ष्य के साथ ही नई शिक्षा नीति के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सहयोग की अपील की। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम में ग्रामसभा के सम्भ्रांत नगारिक, अभिभावक, अध्यापक एवं विद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

आठ मुख्य सेविकाओं की तैनाती

गोंडा में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आठ मुख्य सेविकाओं को नई तैनाती दी गई है। डीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉक रुपईडीह में सुषमा सिंह, पण्डरी कृपाल में उमा श्रीवास्तव, बभनजोत में सरोज, इटियाथोक में मेहलता तिवारी, नवाबगंज में मीना उपाध्याय, छपिया में संध्या श्रीवास्तव, झंझरी में शकुन्तला गुप्ता तथा शहरी परियोजना पर सुशीला सिंह को तैनाती दी गई है।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular