Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : छेड़छाड़ के आरोपी को तीन साल की सजा

Gonda Capsule : छेड़छाड़ के आरोपी को तीन साल की सजा

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक अदालत ने शुक्रवार को करीब तीन वर्ष पूर्व एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए 03 वर्ष का कठोर कारावास व 5,000 रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अनूप प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के कोतवाली कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत 04 सितम्बर 2020 को एक नाबालिग बालिका के साथ राकेश तिवारी ने अश्लील हरकत की थी। प्रकरण में आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जेल भेजा गया था। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का परिशीलन करने तथा बचाव व अभियोजन पक्ष के गवाहों को सुनने के उपरांत राकेश तिवारी को दोषी करार देते हुए तीन वर्ष के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपी को सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी रायसाहब यादव व थाना कर्नलगंज के पैरोकार मुख्य आरक्षी दीनबंधु दुबे ने प्रभावी भूमिका निभाई।

बीएसए ने गैरहाजिर कर्मियों का वेतन रोका

गोंडा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन इटियाथोक के साथ ही परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षक समेत आधा दर्जन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने अनुपस्थित शिक्षक और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय पारासराय के औचक निरीक्षण दौरान शिक्षामित्र सुधा यादव अनुपस्थित मिली। विद्यालय परिसर में पुस्तकें डंप मिलीं और स्कूल परिसर में गंदगी का अंबार पाया गया। कन्या प्राइमरी पाठशाला पारासराय में शिक्षा मित्र संध्या त्रिपाठी व शिक्षक गायत्री पांडेय अनुपस्थिति मिलीं। रजिस्टर पर इनका हस्ताक्षर था, लेकिन यह लोग विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। विद्यालय में चूल्हे पर मध्याह भोजन पकाया जा रहा था। दोनों विद्यालयों में कम्पोजिट ग्रांट का सही ढंग से उपयोग न होने पर खंड शिक्षा अधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रथम में गंदगी मिली। यहां भी भोजन चूल्हे पर पकाया जा रहा था। छात्र बिना यूनिफार्म के स्कूल आए थे। ब्लॉक संसाधन केंद्र के निरीक्षण के दौरान सहायक लेखाकार विनोद गुप्ता, कार्यालय सहायक संजय व ब्लॉक एमआईएस शुभम अनुपस्थित मिले। बीएसए ने बिना सूचना अनुपस्थित शिक्षक, शिक्षा मित्र व कर्मियों का एक दिन का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। इसी प्रकार रुपईडीह के खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने भी आज प्राथमिक विद्यालय पिपरा भोधर और प्राथमिक विद्यालय खरगूपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की और प्रधानाध्यापक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने सीज किया बालू का अवैध भण्डारण

गोंडा में अवैध खनन को लेकर एनजीटी के जांच के आदेश के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को नवाबगंज क्षेत्र के राजस्व ग्राम परसापुर में छापा मारकर बड़े पैमाने पर बालू का भंडारण पकड़ा। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को नबाबगंज के ग्राम परसापुर में अवैध बालू भण्डारण की सूचना मिली थी। इस पर राजस्व व पुलिस टीम के द्वारा तहसीलदार की उपस्थिति में स्थलीय व अभिलेखीय निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि ग्राम परसापुर स्थित गाटा संख्या 1374/4.011 हेक्टेयर जो राजस्व अभिलेखों में सहखातेदारी में संक्रमणीय भूमि के रूप में दर्ज है, के क्षेत्रफल लगभग 4400 वर्ग मीटर पर औसतन ढ़ाई मीटर ऊंचाई तक साधारण बालू का भण्डारण पाया गया। स्थलीय जांच के समय कोई भी व्यक्ति प्रश्नगत भण्डारित साधारण बालू के सम्बन्ध में न तो कोई दावा करने आया और न ही किसी व्यक्ति के द्वारा भण्डारण में सक्षम स्तर से कोई अनुमति प्राप्त करते का साक्ष्य उपलब्ध कराया गया। उक्त स्थल पर भण्डारित साधारण बालू को सक्षम स्तर से कोई अग्रिम आदेश प्राप्त होने तक थाना नबाबगंज की पुलिस अभिरक्षा में दिया गया तथा अवगत कराया गया कि भण्डारित साधारण बालू की 24 घंटे निगरानी कराते हुए सुरक्षा कराया जाना सुनिश्चित करें।

दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

वजीरगंज थाना क्षेत्र के पूरे गिरधारी पुरवा निवासिनी पीड़िता पलक सोनी पुत्री कमलेश सोनी ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पलक का आरोप है कि उसका पति अनिल सोनी व सास गुड़िया सोनी पत्नी दिनेश सोनी निवासी ग्राम गोरा चौकी थाना खोडारे लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर पीड़िता को अपशब्द कहते हुए मारते-पीटते व प्रताड़ित करते थे। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मारपीट के मामले में आठ के खिलाफ मुकदमा

जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग दो ग्राम पंचायतों में हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पहली घटना में पीड़िता सीमा देवी पत्नी ऊदल सिंह निवासी असईपुरवा नरायनपुर ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि धान का नर्सरी चराने को लेकर 31 जुलाई को गांव के मलखान सिंह, तरभादेवी, शिवबहादुर, राजदेवी ने पीड़िता को अपशब्द कहते हुए लाठी से मारा-पीटा। इससे उसे चोटें आयी है। दूसरी घटना में रामू सिंह निवासी पण्डित पुरवा उदवंत नगर ने थाने पर दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि परिवारिक विवाद को लेकर बीते दो अगस्त को मुन्ना, सिंह अभद्रता करते हुए लाठी-डंडे से मारा-पीटा है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश वर्मा ने बताया कि मारपीट के मामले में आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

डिप्टी सीएम से मिले सफाई कर्मी

सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह के नेतृत्व में गोंडा के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक से राजधानी में भेंटकर अपनी समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री के समक्ष सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डिप्टी सीएम ने मामले के निराकरण कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि गोंडा जिले में 12 फरवरी 2009 को 1800 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति हुई थी। इसी वर्ष जुलाई माह में हम लोगों को इंक्रीमेंट मिलना था, किन्तु विभाग की लापरवाही के चलते हम लोगों को नहीं दिया गया। कर्मचारियों से वार्ता के उपरान्त उप मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव पंचायती राज मनोज कुमार सिंह को फोन करके समस्याओं के निदान कराने का निर्देश दिया है।

वकीलों ने किया विरोध प्रदर्शन

गोंडा जिले में ग्राम न्यायालय की स्थापना के विरोध में शुक्रवार को संयुक्त अधिवक्ता संघों के बैनर तले सैकड़ों वकीलों ने जुलूस प्रदर्शन करते हुए सिविल कोर्ट कैंपस में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। परिणाम स्वरूप कचहरी में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सैकड़ों वकील सुबह साढ़े दस बजे जुलूस प्रदर्शन करते हुए सिविल कोर्ट पहुंचे। यहां पर वकीलों ने जोरदार नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन करते हुए ग्राम न्यायालय की स्थापना का विरोध किया। इस मौके पर महामंत्री द्वय जगन्नाथ प्रसाद शुक्ला व संतोष कुमार पाण्डेय, अधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, कौशल किशोर पांडेय, रवि चंद्र त्रिपाठी, बिंदेश्वरी प्रसाद द्विवेदी, केके मिश्रा, दीनानाथ त्रिपाठी, राम बुझारथ द्विवेदी. लाल बिहारी शुक्ला, बृजेश कुमार मिश्रा, संतोषी लाल तिवारी आदि मौजूद रहे।

शिक्षक संघ के पदाधिकारी निर्वाचित

गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खण्ड में शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का चुनाव सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर अवनीश कुमार पाण्डेय व मन्त्री पद पर आनंद देव सिंह निर्विरोध निर्वाचित किए गए। कन्हैया लाल मौर्य को वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रदीप शुक्ला को कोषाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार, मनोज प्रताप, दिनेश चौधरी, प्रदीप सिंह, दिनेश चौधरी, राधेश्याम त्रिपाठी, चन्द्रभान मौर्य निर्वाचित हुए। संगठन मन्त्री विमल यादव, शैलेन्द्र सिंह, मनीष सिंह, संजय विश्वकर्मा, सुमन मौर्य, सुरेन्द्र यादव, वीरेन्द्र कुमार, अवधेश यादव, मोहम्मद रिजवान चुने गए। महिला उपाध्यक्ष अर्चना त्रिपाठी, महिला संगठन मन्त्री दीप्ती त्रिपाठी व रिया सिंह को चुना गया है। संगठन के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष शत्रोहन सिंह की अध्यक्षता में हुए चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न की गई। संचालन डॉ. राजेश प्रताप सिंह ने किया। नव निर्वाचित ब्लाक अध्यक्ष अवनीश पाण्डेय ने कहा कि किसी भी हालत में शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष विनय तिवारी, जिला मन्त्री उमाशंकर सिंह, अखिलेश शतला अनोश त्रिपाठी बीएन सिंह आशीष दिनेदी मनोज शर्मा सशील मिश्र विनय आदि उपस्थित रहे।

पुरानी पेंशन के लिए 10 अगस्त को महारैली

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन 10 अगस्त को किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए संयुक्त कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल तिवारी ने बताया कि महारैली के माध्यम से पुरानी पेंशन योजना की आवाज सरकार तक पहुंच जाएगी।

लाइनमैन हटाया गया

गोंडा जिले के विद्युत उपकेन्द्र खरगूपुर में तैनात एक लाइनमैन को उपभोक्ता की शिकायत पर अवर अभियंता ने दूसरे फीडर का जिम्मा सौंपा है। अवर अभियंता आमोद कुमार ने बताया कि स्थानीय विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत विशुनापुर फीडर के भंगहा गांव निवासी माया देवी पत्नी राजमणि विश्वकर्मा ने यहां तैनात लाइनमैन संजय तिवारी पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। आरोपी संजय तिवारी को बिशुनापुर से हटाकर साउथ फीडर पर स्थानांतरित कर दिया गया है। लाइनमैन राजू पासवान को यहां की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जड़ी बूटी दिवस पर औषधीय पौधों का रोपण

जड़ी बूटी दिवस के शुभ अवसर पर गोंडा के गांधी पार्क में उपस्थित बाल योगियों ने औषधीय पौधों का रोपण किया। इसके उपरांत उपस्थित लोगों में नीम गिलोय तुलसी एलोवेरा आंवला हरसिंगार निर्गुंडी दमबेल आदि पौधों का वितरण किया गया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि धरती को बचाने के लिए जड़ी बूटियों का रोपण, संरक्षण और संवर्धन करना अति आवश्यक है। योग व आयुर्वेद के नियमित प्रयोग से हम अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। यह औषधियां हमें समस्त प्रकार के रोगों से मुक्ति दिला सकती हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में हम सब एलोपैथी इलाज के चक्कर में पड़कर अपने धन और तन दोनों का नुकसान कर रहे हैं। योग-आयुर्वेद की शरण में आकर हम सभी अपने तन व धन दोनों को बचा सकते हैं। इसलिए आप सभी नियमित रूप से योग प्राणायाम के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधियों को अपने जीवन में जरूर आत्मसात करें। इस अवसर पर अशोक सिंह, अनिल भट्ट, आशीष गुप्ता, पार्थ विश्नोई, शिवा, तथागत, शौर्य, लक्ष्य, अक्षिति सिंह, रितिका, सिया, श्रीम, सौम्या, अवंतिका, आज्ञा, प्रज्ञा, अनुभव, दिव्यम, बिट्टू, देवांस, काव्या, ओजस्विन आदि मौजूद रहे।

अनुरोध

*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक👇 पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”,  रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’

Informer की आवश्यकता

एलबीएस पीजी कालेज गोंडा से संचालित होने वाले रेडियो अवध 90.8 एमएफ को जिले भर के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों से सूचनाएं संकलित कर प्रेषित करने के लिए सूचना प्रदाता अथवा इंफार्मर की आवश्यकता है। हिन्दी में समाचार लिखने में दक्ष, इच्छुक युवक युवतियां कार्यक्रम निदेशक जानकी शरण द्विवेदी से फोन नम्बर 956500908 पर सम्पर्क कर सकते हैं। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक लोग भी विलम्बतम 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। स्थानीय युवक युवतियों को वरीयता। (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular