जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के थाना कोतवाली नगर की पुलिस ने इलेक्ट्रिक दुकान से तार के चोरी करने के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए तार और ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने चारों को कोर्ट के समक्ष पेश किया है। पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रिक दुकान से चोरी के आरोप में शराफत, हन्ना, मोहम्मद मुन्नवर राजीव उर्फ डम्गा को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी के 89 बण्डल तार और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपियों ने नगर क्षेत्र के अन्तर्गत बीते दिन शहर के पोर्टरगंज स्थित इलेक्ट्रिक दुकान से तार चोरी कर लिया था। दुकानदार ने नगर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरों की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया था। नगर कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई।
महिला को तीन तलाक देने पर सात के खिलाफ मुकदमा
कौड़िया थाने की पुलिस ने गुरुवार को पति समेत सात लोगों के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने व सादे कागज पर तीन तलाक लिखवाकर घर से निकाल देने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुबहा बाजार के निवासी उदय पुत्र खुशी मोहम्मद ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर कहा कि उसने अपनी बेटी की शादी गांव के ही शेख बाबू से एक वर्ष पहले की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग लड़की को दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोगों ने सादे कागज पर तीन तलाक लिखाकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने शेख बाबू, बाबू शेख, सुल्तान शेख, समा शेख, महक, रेहान व फरहान सहित सात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष विद्यासागर पांडे ने बताया कि इस मामले की जांच उपनिरीक्षक बृजेश कुमार को सौंपी गई है।
सर्दी जनित बीमारी से दो की मौत
जिले में सर्दी बढ़ने के साथ लोगों में बीमारी बढ़ गई है। शुक्रवार को सर्दी जनित बीमारी से दो लोगों की मौत हो गई। धानेपुर थाना क्षेत्र के श्रीनगर बाबागंज निवासी 55 वर्षीय रक्षा राम पुत्र अयोध्या प्रसाद को गुरुवार देर रात हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। वही थाना परसपुर क्षेत्र के डेहरास छतौनी निवासी 78 वर्षीय योगेंद्र प्रसाद सिंह की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि जिले में तेजी से सर्दी बढ़ी है। इसी वजह से बीमारी भी बढ़ गई है।

फुलवारी पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सम्मानित
स्मार्ट ब्यूटी फैशन एंड टैलेंट एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित एक कार्यक्रम में फुलवारी पब्लिक स्कूल को बॉलीवुड अभिनेता एवं फिल्म निर्माणकर्ता अरबाज खान द्वारा गोंडा ज़िले के बेस्ट स्कूल के सम्मान से सम्मानित किया गया। विद्यालय की कर्मठ एवं सतत प्रयत्नशील प्रबंधक श्रीमती नीता सिंह ने राजधानी के एक होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में गुरुवार को यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवॉर्ड शो में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के स्कूलों और अपने-अपने क्षेत्र में निपुण लोगों को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर अनेक लोगों ने प्रबंधक को बधाई को बधाई दी है। नीता सिंह ने इसे स्कूल स्टाफ की कामयाबी करार दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक खुद को एक आदर्श के रूप में प्रस्तुत करें। इससे शिक्षा व्यवस्था में निश्चित बदलाव आएगा।
नान फिल्मी कैटेगरी में अतुल तिवारी बने चैम्पियन
नवाबगंज के नंदिनी नगर महाविद्यालय में सुविख्यात पखावज वादक संत पागल दास के स्मृति में आयोजित नन्दिनी गायन प्रतियोगिता में छह दिनों तक चले सुर संग्राम के बाद शुक्रवार की देर शाम पहले ग्रैंड फिनाले के नतीजे घोषित किए गए। गायन के फिल्मी वर्ग में बराबर-बराबर अंक अर्जित कर तीन प्रतियोगियों ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं नान फिल्मी कैटेगरी में अतुल तिवारी को चैम्पियनशिप का खिताब मिला। नंदिनी के इंडोर स्टेडियम में बीते एक जनवरी से सासंद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह के जन्म दिन के उपलक्ष्य में आयोजित गीत-संगीत प्रतियोगिता में देवीपाटन समेत कई महलों के 450 से अधिक बालक-बालिकाओं ने आडीशन में हिस्सा लिया था। फाइनल अंकों के जरिए शीर्ष पांच स्थान पर रहने चाले नवोदित गायकों की घोषणा निर्णायक मंडल ने की फाइनल मुकाबला बेईरे कांटे का रहा। प्रतियोगियों के अंक कई बार टाई हो जाने के चलते दोबारा उन्हें मंच पर बुलाकर जर्जा ने दोबारा बिना संगीत के गायन करवाकर स्वर लय और शब्द का गहन मूल्यांकन किया। अयोध्या के संत जगतगुरु राम दिनेशाचार्य समेत दर्जनों संतों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के दौरान अयोध्या घराने से ताल्लुक रखने वालों सत समाज के सुर साधकों ने अपने शास्त्रीय गायन से समां बांधा। वहीं, गोंडा में युवाओं को गीत-संगीत की शिक्षा देने वाले मुकेश सिंह और उनके शिष्यों का प्रदर्शन भी लोगों ने सराहा। कड़ाके की सर्दी के बावजूद बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी फाइनल के दौरान स्टेडियम में डटे रहे।
जमीन घोटाले के फरार आरोपी गिरफ्तार
देहात कोतवाली पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज के जरिए जमीन हड़पने की नीयत से बैनामा कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के जमीन का फर्जी दस्तावेज बनाकर आरोपियों द्वारा बैनामा करा लेने का आरोप है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी दया प्रकाश शुक्ला और शुभम शुक्ला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर फर्जी तरीके से जमीन बैनामा करवा दिया था। इस सम्बन्ध में वादी ने थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया गया था। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
महिला ने सीएम से की बैंक कर्मी की शिकायत
मोतीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर परसोरा गांव की महिला प्रतिज्ञा ने प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा जिगना बाजार के प्रबंधक व एक अन्य कर्मी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। पीड़िता प्रतिज्ञा का शिकायत में आरोप लगाया है कि शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से बीते दो अप्रैल को दो लाख रुपए बिना बताए दूसरे के खाते में ट्रांसफर कर दिया। वह लगातार आठ महीने से शाखा प्रबंधक के पास चक्कर लगाती रही लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला ने जब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई तो बैंक कर्मियों ने आननफानन में उसके खाते में बीते चार जनवरी को दो लाख रुपए ब्याज समेत वापस कर दिए। साथ ही उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। प्रतिज्ञा के पति विनोद कुमार ने सीओ मनकापुर से भी मिलकर मामले की जांच किए जाने की मांग की है। उधर, शाखा प्रबंधक अमर सिंह का कहना है कि लिपिकीय त्रुटिवश पैसा दूसरे खाते में चला गया था, जिसे महिला के खाते में भेज दिया गया है। महिला द्वारा लगाए गए आरोप गलत है।
बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स में अयोध्या के अंकित विजयी
नवाबगंज के नन्दिनी नगर महाविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का फाइनल मैच कल देर रात खेला गया। विजेताओं को शुक्रवार को पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता के तीसरे दिन मेंस सिंगल्स का फाइनल मैच अंकित वर्मा अयोध्या और अमरेन्द्र बहराइच के मध्य खेला गया, जिसमें अंकित ने दो सेटों में प्रतिद्वंदी को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं डबल्स मे अभय मोटवानी और मैत्रेय की जोड़ी का फाइनल मुकाबला आजमगढ़ के आकाश सिंह और आयुष सिंह के मध्य खेला गया, जिसमें अयोध्या के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। मेंस सीनियर के 50 प्लस में अमरेन्द्र प्रताप व सजीव सोलंकी का मुकबला संजय सोमवार व ओम शंकर यादव के बीच हुआ। इसमें अमरेन्द्र प्रताप की जोड़ी ने जीत दर्ज की। सभी विजेताओं को सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ट्राफी, नकद पुरस्कार और ट्रैकट देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रशासक राम कृपाल सिंह, प्राचार्य डा. बीएल सिंह, डा. अजय मिश्रा, डा. देवानंद तिवारी, डा. नवीन सिंह, डा. जितेंद्र झा, सुधीर यादव, डा. शत्रुघ्न सिंह डा. सुनील तिवारी घनश्याम प्रेम चन्द्र यादव समेत अन्य लोग रहे।

ठंड में साध्वी रामा ने बांटे जरूरतमंदों को कंबल
उमरीबेगमगंज से संवाददाता अतुल तिवारी के अनुसार, गरीबों को राहत दिलाने में जुटी आदि शक्ति मां बाराही देवी की महंत साध्वी रामा ने शुक्रवार को अपने क्षेत्र के विभिन्न जरुरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क कंबल का वितरण किया। साध्वी रामा बेलसर के उमरी बेगमगंज ग्राम सभा की निवासनी है, जो मुकुंदपुर में स्थित आदि शक्ति मां बाराही देवी जी की महंत है। इस कनकनी भरी ठंड में जरूरतमंद लोगों को कंबल मिलने से ठंढ से राहत मिलेगी। इस दौरान दर्जनों कंबलों का वितरण किया गया। कंबल पाकर गरीबों के चेहरे भी खिल उठे और उन्होंने भी राहत महसूस की।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
