Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : चकबंदी लेखपाल को डीएम ने किया निलम्बित

Gonda Capsule : चकबंदी लेखपाल को डीएम ने किया निलम्बित

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने ग्रामीणों की सामूहिक शिकायत पर कर्नलगंज तहसील में तैनात चकबंदी लेखपाल सुदामा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को ग्राम पंचायत सुसुण्डा में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने डीएम ने सामूहिक रूप से शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत के वर्तमान समय में चकबंदी प्रक्रिया में होने के कारण ग्रामीणों को जरूरत के लिए कंप्यूटर द्वारा खतौनी नहीं मिल पा रही है। इसलिए उनके द्वारा चकबंदी लेखपाल सुदामा सिंह से मैन्युअल खतौनी मांगे जाने पर वह पैसा मांगते हैं। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चकबंदी लेखपाल सुदामा सिंह तत्काल प्रभाव से निलम्बित करके बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया है।

चौपाल लगाकर डीएम ने सुनी जन शिकायतें

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने शुक्रवार को परसपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत चांदपुर, करनपुर, तुलसीपुर, दुरगोड़वा, बेलवा नोहर तथा सुसुण्डा में चौपाल लगाकर जनता की समस्याओं को सुना। डीएम ने कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया एवं कुछ की जांच हेतु मौके पर टीम रवाना किया। ग्राम पंचायत दुरगोड़वा में अवैध खनन की शिकायत पर डीएम ने तत्काल अधिकारी को भेज कर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि जनपद में कहीं पर भी अवैध खनन की जानकारी मिलती है तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। डीएम ने चौपाल में ग्रामवासियों को आवास स्वीकृत पत्र एवं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अभियान के तहत गोल्डेन कार्ड वितरित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत दुरगोड़वा में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के अंतर्गत आरआरसी सेंटर में डोर टू डोर सूखा कचरा एवं गीला कचरा कलेक्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने लेखपालों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने पाए। ग्राम सभा की जमीन को सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत दुरगोड़वा में पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया। चौपाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रश्मि वर्मा, एसडीएम कर्नलगंज विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला मत्स्य अधिकारी इंद्रजीत सिंह, डीसी स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अभय प्रताप सिंह रमन आदि उपस्थित रहे।

दहेज हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को दहेज हत्या के 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के हवाले से हमारे सहयोगी रमेश पाण्डेय ने बताया कि पिछले दिनों स्थानीय थाने पर एक विवाहिता की दहेज को लेकर ससुराली जनों द्वारा हत्या किए जाने का अभियोग दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन करते हुए पुलिस ने जितेन्द्र पुत्र हरगुन, हरगुन पुत्र राजबली तथा इन्द्रपती पत्नी हरगुन निवासीगण ग्राम चाँदपुर दुर्गा थाना कोतवाली मनकापुर को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।

एसपी ने किया परेड का निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने शारीरिक दक्षता विकसित करने हेतु परेड को दौड़ लगवाई। परेड में एकरूपता व अनुशासन बनाए रखने के लिए टोली वार ड्रिल करवायी गई तथा विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम भी करवाया गया। परेड के उपरान्त एसपी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर मोटर वाहन शाखा, जलपान गृह, आरओ प्लांट वाटर तथा पुलिस कैंटीन आदि का निरीक्षण किया तथा आदेश कक्ष में गार्ड कमांडरों के रजिस्टरों की चेकिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन चंद्रपाल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।

23 अगस्त से शुरू होगा दीक्षारम्भ कार्यक्रम

श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा में बीए तथा बीकॉम प्रथम सेमेस्टर का दीक्षारंभ कार्यक्रम महाविद्यालय के मुख्य परिसर में 23 अगस्त से 25 अगस्त तक प्रातः 10 बजे से चलेगा। यह जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी प्रो. शिव शरण शुक्ल ने बताया कि सभी नवप्रवेशी छात्र छात्राओं से अपील किया है कि वे नियत तिथि व स्थान पर पहुंचकर कालेज के पठन पाठन एवं अन्य पाठ्य सहगामी क्रिया कलापों से अवगत होकर दीक्षारंभ से लाभान्वित हों।

प्रेमिका की पिटाई करने वाला गिरफ्तार

जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में एलबीएस चौराहे के समीप गुरुवार की शाम एक युवती की सरेआम पिटाई करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल रवाना किया गया। नगर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सत्यराम मिश्र पुत्र छोटकऊ मिश्र निवासी ग्राम इमिलिया मिश्र ने कल देर शाम एक युवती पर अचानक उस समय हमला कर दिया था, जब वह किसी दूसरे लड़के के साथ रेस्टोरेंट से निकल रही थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रोडवेज चौकी प्रभारी राम आशीष मौर्य उसे लेकर कोतवाली चले गए। लोकलाज के भय से युवती ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देने से इंकार कर दिया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल रवाना किया गया।

अपहरण के दो आरोपियों को सजा

जिले की एक अदालत ने नवाबगंज थाना क्षेत्र में पांच साल पूर्व नाबालिग बालिका के अपहरण कर उसे जबरन बंधक बनाने के मामले में दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन वर्ष के कारावास और 20 हजार पांच सौ रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। पॉक्सो एक्ट के विशेष अभियोजक अनूप प्रताप सिंह ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने 24 सितंबर 2018 को स्थानीय थाने पर अपनी बेटी के गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर विवेचना के उपरान्त नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसे छिपाने, जबरन बंधक बनाने व पॉक्सो एक्ट के तहत गोविंद निषाद व प्रमोद निषाद के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया था। सत्र परीक्षण के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश व विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट नम्रता अग्रवाल ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन वर्ष के कठोर कारावास और प्रत्येक को 20 हजार पांच सौ रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई। अदालत के आदेशानुसार अधिरोपित अर्थदंड की आधी धनराशि पीड़िता को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।

इटियाथोक में एक लाख लोगों को खिलाई गई दवा

जनपद में बीते 10 अगस्त से आमजन को फाइलेरिया बीमारी से बचाव के लिए सामूहिक दवा सेवन अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिले के इटियाथोक विकास क्षेत्र में शुक्रवार शाम तक करीब एक लाख 10 हजार लोगों को दवा खिलाई जा चुकी है। क्षेत्र के ग्रामां में आशा और आंगनबाड़ी वर्कर द्वारा घर घर फाइलेरिया से बचाव की दवा एवं अल्बेंडाजोल खिलाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर दो वर्ष की आयु से ऊपर के सभी लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिला रही है। इसमे क्षेत्र की आशा वर्कर खास भूमिका निभा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इटियाथोक में तैनात बीसीपीएम दिनेश कुमार ने बताया कि हमारा लक्ष्य दो लाख 13 हजार 674 लोगां को दवा खिलाने का है। शुक्रवार की शाम तक करीब एक लाख 10 हजार लोगों को दवा खिलाई जा चुकी है। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, ब्लाक में कुल 194 आशाआें की तैनाती है, जिनके अगुवाई में आंगनबाड़ी वर्कर्स के सहयोग में घर-घर दवा खिलाने का कार्य चल रहा है। यह अभियान 28 अगस्त तक चलेगा।

मीना शाह की पुण्य तिथि पर विविध आयोजन

जिला मुख्यालय पर स्थित दरबार ए आलिया मीनाइया में हज़रत महबूब मीना शाह की पुण्य तिथि पर आल इंडिया मुक़ाबला क़िरात एवं मुसाबका खिताब भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे भारत से सैकड़ों प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना ऑडियो क्लिप भेज कर हिस्सा लिया। यह जानकारी देते हुए संस्थान के मीडिया प्रभारी तबरेज आलम मीनाई ने बताया कि मुक़ाबला क़िरात में अब्दुल कादिर जिला बलरामपुर ने प्रथम, मो. अशद सादमानी झारखंड ने द्वितीय और मो. फरहान बद्र किछौछा शरीफ अंबेडकर नगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मौलवी मो. मिन्नत रज़ा झारखंड ने प्रथम, मौलवी जाकिर आलम गया बिहार ने द्वितीय और खालिद रज़ा बरेली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मो. रय्यान संभल को विशेष पुरुस्कार, अनवर अहमद, मो. नोमान रज़ा, मो. अलीम रज़ा, अहमद रज़ा, मो. माज़, मो. जुनैद, बरकत अली, सलमान, अकील रज़ा, मो. इल्यास, मो. जोहेब, फिदा मोहम्मद को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। दरबारे आलिया मीनाइया की तरफ से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 51000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11000 एवं विशेष स्थान प्राप्त करने वाले को 7786 रुपए नकद पुरस्कार के साथ ट्राफी, प्रमाण पत्र, बैग एवं पुस्तकें आदि भेंट किया गया। दिन में कुल शरीफ की महफिल हुई, जिसमें अकीदतमंदां ने खिराजे अकीदत पेश किया। रात्रि के जलसे में हिंदुस्तान के मुख्य वक्ता मौलाना अरबाब फारूकी ने अपने सम्बोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क़ारी निसार अहमद मीनाई, डॉ लायक अली, रफ़ीक़ आलम मीनाई, बाबा फकीर मोहम्मद, बजरंगी बाबू, राजेंद्र मिश्रा, असित श्रीवास्तव, विभूति मणि त्रिपाठी, एहसान मीनाई आदि उपस्थित रहे।

इटियाथोक में रोजगार मेला शनिवार को

गोंडा जिले के इटियाथोक कस्बे में स्थित जनता इण्टर कालेज में 19 अगस्त शनिवार को एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें टाटा मोटर्स, लावा इन्टरनेशनल, क्वेस कार्प लिव, डायोड इण्डिया प्रा.लि, जेपी मैनेजमेंन्ट, विप्रो इलेक्ट्रानिक्स, नेक्सा सिक्योरिटी सर्विस आदि कम्पनियां प्रतिभाग करेंगी। यह जानकारी देते हुए सहायक निदेशक सेवायोजन आशा वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन कार्यालय द्वारा इस रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इण्टरमीडियट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक उर्त्तीण बेरोजगार अभ्यर्थी सेवायोजन पोर्टल सेवायोजन डाट यूपी डाट एनआइसी डाट इन एवं एनसीएस डाट जीओवी डाट इन पर ऑनलाइन पंजीयन कर रोजगार मेले में अपने समस्त अंकपत्र, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति सहित साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं।

कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण

समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय से आए अधिकारी ने गोंडा जिले के कस्तूरबा विद्यालयों का जायजा लिया। इसके बाद विकास भवन सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें नोडल अफसर के अलावा बीएसए प्रेमचन्द यादव समेत सभी कस्तूरबा विद्यालयों के वार्डन, बीईओ आरके सिंह, उपेन्द्र त्रिपाठी, सीमा पाण्डेय, डीसी गणेश कुमार गुप्ता, प्रेम शंकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।

सड़क पर महीनों से पड़े हैं नुकीले पत्थर

गोंडा जिले के इटियाथोक विकास क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरकांड से हिंदूनगर खास को जाने वाली सड़क पर डाले गए पत्थर से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। आए दिन दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी साइकिल से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। हमारे सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, ग्रामीणों की मांग पर करीब चार किमी लंबे इस मार्ग के मरम्मत का कार्य चल रहा है। ठेकेदार द्वारा पुरानी सड़क को उखाड़कर उस पर नुकीले पत्थर डालकर छोड़ दिया गया है। क्षेत्र के संजय तिवारी ने बताया कि पुरानी सड़क पूरी तरह से टूट गई थी। काफी समय बाद सड़क का निर्माण शुरू भी हुआ तो पत्थर डालने के बाद से बंद है। सुरेंद्र सिंह, निबरे व राम गोपाल का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर करीब छह माह पूर्व नुकीले पत्थर डाले गए थे, तभी से सड़क ऐसे ही उखड़ी पड़ी है। क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से हस्तक्षेप करके कार्यवाही की मांग की है।

करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत

गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव में अवैध रूप से चलाए जा रहे मोटर के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत हो गई। ग्राम सभा सीसो मुरावन पुरवा निवासी हरिशंकर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने प्रिंस उर्फ नान और धर्मेश उर्फ सोनू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। हरिशंकर का आरोप है कि उसकी भैंस खाली पड़ी ईंट-भट्टे के जमीन पर चर रही थी। इसी दौरान अवैध रूप से पुरानी केबिल से जोड़कर सिंचाई के लिए चलाए जा रहे मोटर के नंगे तार के चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

40 महिला ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण शुरू

गोंडा जिले के विभिन्न विकास खंडों की 40 महिला ग्राम प्रधानों का क्षमतावर्धन विषयक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण जिला ग्राम्य विकास संस्थान में शुरू हुआ है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन देवीपाटन मंडल के उप निदेशक पंचायत ने आरएस चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला प्रशिक्षण अधिकारी अभिषेक मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण में महिला प्रधानों को उनके अधिकार एवं ग्राम पंचायत में उनकी भूमिका और लैंगिक उत्पीड़न आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी।

सांड के हमले में तीन जख्मी

जिले के खोंडारे थाना क्षेत्र के गौराचौकी में एक सांड ने खेत में काम कर रहे तीन लोगों पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह धान के खेत में काम कर रहे राम सुरेश निवासी गौरा बुजुर्ग को एक सांड ने दौड़ा लिया। शोर सुनकर उन्हें बचाने दौड़े राम सिंह व दयाराम निवासी गौरा बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया। परिणाम स्वरूप तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बभनजोत के खंड विकास अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जल्द ही सांड को पकड़कर गौशाला भिजवाया जाएगा।

पुलिस विभाग में भारी फेरबदल

जिले की पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एसपी अंकित मित्तल ने गुरुवार देर रात चार इंस्पेक्टर समेत 57 उपनिरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल किया है। इनमें 37 चौकी प्रभारी भी शामिल है। दुर्ग विजय सिंह को निरीक्षक अपराध थाना खोंडारे, वेद प्रकाश शुक्ला को अतिरिक्त निरीक्षक खोड़ारे से क्राइम ब्रांच, दिलीप कुमार सिंह को क्राइम ब्रांच से निरीक्षक यातायात, प्रमोद कुमार सिंह को प्रभारी डीसीआरबी के साथ ही अंगुष्ठ छाप सेल प्रभारी बनाया गया है। आठ चौकी प्रभारियों समेत नौ उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। लाइन हाजिर होने वालों में नगर कोतवाली के बड़गांव, महराजगंज और गुरुनानक चौक चौकी प्रभारी शामिल हैं।

एक तस्कर के पास से पांच पशु बरामद

जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने पिकप वाहन से तस्करी कर ले जाये जा रहे एक व्यक्ति को पांच प्रतिबंधित पशुओं के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने बताया कि गुरुवार रात में उप निरीक्षक आदित्य गौरव श्रीवास्तव के अगुवाई वाली पुलिस टीम ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नकटापुर गांव के पास से एक व्यक्ति को मय वाहन समेत दबोच लिया। मौके से तस्करों के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम निबरे निवासी नहर बालागंज बंजारनडीह महादेव मिश्र थाना कोतवाली देहात जनपद बलरामपुर बताया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन में लदे पांच मवेशियों को रुद्रगढ़ नौसी गौशाला की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

किशोरी प्रतियोगिता आयोजित

गोंडा जिले के झंझरी विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम पंचायत बनघुसरा के स्वास्थ्य उपकेंद्र पर आयोजित किशोरी प्रतियोगिता में कई किशोरियों ने प्रतिभाग किया। एएनएम राजमती मिश्रा, आंगनबाड़ी मिथलेश तिवारी ने किशोरियों को विभिन्न प्रकार की जानकारी दी। प्रतियोगिता में सफल प्रबीना तिवारी व अंजली को उपहार दिए गए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री कनकलता तिवारी, आशा सुनीता पांडे, कमलेश, निर्मला, दीपमाला रही।

भण्डारे का आयोजन

गोंडा जिले के इटियाथोक विकास क्षेत्र के अंतर्गत सदाशिव बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर पूरे मलमास ओम नमः शिवाय जाप किया गया। मंदिर के पुजारी प्रमोद दास जी महाराज के हवाले से हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारा आयोजित किया गया। इस भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों लोगो ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। पुजारी ने बताया कि पूरे मलमास के हर सोमवार को क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने इस मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया और जल, बेल पत्र, शमी, धतूरा, भांग, चंदन, दूध, दही आदि से उनका जलाभिषेक किया।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular