जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। महिलाओं व किशोरियों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, अपराधों पर रोकथाम तथा मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी देने के लिए गोंडा जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीसीटीवी कैमरे व पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत कराए जाने वाले इन कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में एक बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की गयी। डीएम ने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों के प्रमुख स्थलों, सामुदायिक शौचालय, ग्राम सचिवालय, प्राथमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों, प्रमुख मार्गो, ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार, तिराहों, चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा। व्यक्तिगत स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में इसके लिए चयन का काम जल्द करने का निर्देष दिया। डीएम ने कहा कि यह उप्र षासन का एक क्रांतिकारी कदम साबित है। इससे मौसम संबंधी जानकारी तथा चेतावनी को भी त्वरित गति से जन सामान्य तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। साथ ही पंचायतों के संसाधनों की क्षति रोकने, आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने, उपयुक्त लाभार्थियों की पहचान करने, स्वच्छता अभियान में आने वाली विसंगतियों की पहचान करने, लोगों को जागरूक बनाने आदि में इसका काफी अहम रोल होगा। ग्राम पंचायतों में कैमरे के अधिष्ठापन हेतु स्थलों का चयन ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी व गणमान्य नागरिक जिसमें महिला स्वयं सहायता समूह, पंचायत सदस्यों की समिति द्वारा किया जाएगा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, डीपीआरओ लालजी दुबे, जिला विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
आयुक्त ने की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा
देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने बुधवार को मण्डल की पचास लाख से अधिक लागत वाले भवन व सड़क परियोजनाओं, जल जीवन मिशन कार्यक्रम तथा मनरेगा कार्यक्रमों की समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि मण्डल में इस स्तर की कुल 245 भवन परियोजनाएं लक्षित हैं, जबकि लक्षित 547 सड़कां के सापेक्ष 201 पर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा तीन अनारम्भ व 343 निर्माणाधीन हैं। मंडलायुक्त ने इन परियोजनाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन कार्यक्रम की समीक्षा में पाया कि मण्डल के 3980 राजस्व ग्रामों के लिए कुल 2603 परियोजनाएं स्वीकृत है, जिसमें से 296 परियोजनाएं पूर्ण हैं। लक्षित 14 लाख 51 हजार 731 कनेक्शनों के सापेक्ष 7 लाख 24 हजार 563 हाउस कनेक्शन दिये जा चुके हैं। मनरेगा के अन्तर्गत मण्डल में कुल वार्षिक अनुमोदित श्रम बजट 178.46 लाख के सापेक्ष मासान्त तक निर्धारित लक्ष्य 153.64 लाख के सापेक्ष 159.26 लाख मानव दिवस सृजित किये गये हैं। आयुक्त ने सभी कार्यदायी विभागों को निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के अनुसार समय से कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन कार्यो पर धनराशि उपलब्ध नहीं है, उनके लिये सक्षम स्तर पर पत्र प्रेषित किया जाए।
एनडीआरएफ चला रही जागरूकता अभियान
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल वाराणसी की टीम ने बुधवार को गोंडा के राजकीय इण्टर कॉलेज में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम किया। 11 एनडीआरएफ वाराणसी के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा व जिलाधिकारी नेहा शर्मा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा प्रबंधन के बारे में जन-जागरूकता व एरिया फैमिलाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में टीम ने कॉलेज के छात्रों को आपदा प्रबंधन तथा आपदा से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान टीम ने भूकंप से बचाव का तरीका, सर्पदंश, बाढ़ व आगजनी से बचाव, घायलों का प्राथमिक उपचार करना, घायल की ब्लीडिंग को रोकना, तात्कालिक स्ट्रेचर, आपातकालीन कदम और गैर आपातकालीन कदम, बिजली गरजने व बिजली चमकने के दौरान सतर्क रहने एवं दामिनी व सचेत ऐप के बारे मे डेमो देकर विस्तार से बताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पटेल, टीम कमांडर निरीक्षक जितेन्द्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी संचार जितेन्द्र के साथ चार सदस्यीय टीम मौजूद रहे।
बालिका दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित
अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा ‘आवर टाइम इज नाउ-आवर राइट्स, आवर फ्यूचर’ थीम पर बुधवार को गोंडा के सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इण्टर कालेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जानकारी देते हुए संरक्षण अधिकारी चन्द्र मोहन वर्मा ने बताया कि इस खास दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को बढ़ावा देना है। जिला समन्वयक राज कुमार आर्य ने कहा कि इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिस पर उपस्थित अध्यापिकाओं व अन्य ने हस्ताक्षर कर बेटियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं यथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि के बारे में जानकारी दी गई।
गोंडा में निषेधाज्ञा लागू
गोंडा जिले में आने वाले त्योहारों और परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। इसमें बिना पूर्व अनुमति के सभी प्रकार के जुलूस, धरना, प्रदर्शन पर पाबंदी लगा दी गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि आगामी त्यौहार शारदीय नवरात्रि, महानवमी, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा को देखते हुए यह निषेधाज्ञा जारी की गयी है। धारा 144 आगामी 7 दिसंबर 2023 तक लागू रहेगी। इस दौरान सामान्य स्थितियों को छोड़कर एक स्थान पर पांच से अधिक व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह जिसके क्रियाकलापों से शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, उन्हें एकत्रित होने का अधिकार नहीं होगा। किसी भी व्यक्ति, संस्था व संगठन द्वारा सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया जाएगा।
किसान समृद्धि मेले का आयोजन
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बुधवार को बलरामपुर फाउंडेशन और बलरामपुर चीनी मिल्स के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किसान समृद्धि मेले का उद्घाटन किया। डीएम ने कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक का प्रयोग करने और उसका उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त करने के लिए आधुनिक कृषि पद्धति और मशीनीकरण को अपनाने वाले किसानों को सम्मानित किया। डीएम ने मेले में लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण भी किया। बलरामपुर चीनी मिल्स लि. की प्रमोटर एवं बिजनेस लीड अवंतिका सरावगी तथा मिल के मुख्य महाप्रबन्धक नीरज बंसल ने डीएम का स्वागत किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनकापुर राजीव मोहन सक्सेना, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
मिलावट खोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अभिसूचना के आधार पर पुलिस सहयोग से मिलावट खोरों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। उन्होंने समस्त पुलिस कैन्टीनों, कस्तूरबा गांधी आवसीय बालिका विद्यालयों, वृद्धाश्रम, अटल आवासीय विद्यालय को ईट राइट इनीशिएटिव में शामिल कर प्रमाणित कराने का निर्देश भी दिया। वह बुधवार को जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। बैठक में आयोजित हुई, जिसमें अपर जिलाधिकारी सुरेष कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
अपराधियों को दिलाएं नजीर बनने वाली सजा
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा है कि गम्भीर प्रकृति के वादों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषियों को कठोर सजा दिलायी जाय। उन्होंने कहा कि अपराधी किस्म के लोगों में यह संदेश जाना चाहिए कि छोटे से छोटे अपराध पर भी वे सजा से बच नहीं सकते हैं। वह बुधवार को अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। डीएम ने कहा कि अपराधियों को ऐसी सजा दिलाई जाए कि वह एक नजीर बने। उन्होंने दोषमुक्त मामलों में नियमानुसार अपील की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने को कहा। सभी सम्बन्धित विभाग के अधिकारी अपने शासकीय कार्यों के साथ ही अभियोजन के कार्यों में भी गंभीरता दिखायें। इस दौरान एडीएम, सीआरओ, सिटी मजिस्ट्रेट, एएसपी, समस्त एसडीएम व तहसीलदार आदि उपस्थित रहे।
गोंडा के छात्रों ने जिले का नाम चमकाया
लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेई साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में गोंडा जनपद के नव प्रवर्तक राज कुमार मिश्रा ने प्रथम स्थान एवं राम सजीवन ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। यह जानकारी देते हुए जिला विज्ञान क्लब की समन्वयक डा. रेखा शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दोनों नव प्रवर्तकों को कार्यक्रम के समापन पर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल के अमृत राज सिंह व सूर्य शुक्ला तथा नारायणा पब्लिक स्कूल के सौरभ सिंह व सचिन सिंह के मॉडल की भी सराहना की गई। राज कुमार मिश्रा ने कबाड़ से बोलेरो गाड़ी लेकर उस पर कम लागत में धान कूटने वाली मशीन लगाकर घर-घर जाकर धान कूटकर स्वावलंबी बनने का मार्ग दिखाया है। क्लब की इस सफलता पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, प्रो. रवींद्र कुमार पांडेय, प्रो. जितेंद्र सिंह, प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्र, अजीत सिंह आदि ने नव प्रवर्तकों को बधाई दी है।
डीबीए का चुनाव सम्पन्न
गोंडा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को जिला बार एसोसिएशन का मतदान संपन्न हो गया। परिणाम के इंतजार में देर रात तक समर्थक कचहरी में डटे रहे। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि 1677 मतदाताओं के सापेक्ष बुधवार को 1438 वोट डाले गए। पांच बजे से शुरू हुई मतगणना देर रात तक जारी रही। चुनाव परिणाम के इंतजार में प्रत्याशियों के समर्थक बार एसोसिएशन सभागार के बाहर खड़े रहे। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में निवर्तमान अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ला, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राम विलास मिश्रा, सदस्य प्रेम कुमार श्रीवास्तव, ब्रह्मानंद सिंह, डीपी ओझा, राजेश कुमार ओझा, इंदु प्रकाश तिवारी, विनोद कुमार श्रीवास्तव, प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव, दिनेश कुमार मिश्रा प्रखर, सुनील कुमार पाण्डेय, गौरी शंकर चतुर्वेदी आदि का सहयोग सराहनीय रहा।
लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार
गोंडा जिले में थाना कोतवाली देहात की पुलिस ने पिछले दिनों हुई लूट की घटना का अनावरण करते हुए 25-25 हजार रुपए के दो इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट का एक अदद ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि बीते 06 अक्टूबर को रईस निवासी इमामबाड़ा थाना कोतवाली नगर गोंडा ने कोतवाली देहात थाने पर चाकू से हमला कर एक ई-रिक्शा, मोबाइल व दो हजार रुपए नकद लूट लेने का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने बुधवार को राम जियावन वर्मा व शिव कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लूटा हुआ ई-रिक्शा तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि ये दोनों अभियुक्त थाना क्षेत्र के सिसउर अन्दूपुर तिराहे से पूर्व में की गई लूट में भी वांछित थे। इसी प्रकार धानेपुर थाने की पुलिस ने भी बीते 10 मार्च 2023 को एक किराना व्यापारी से लूट करने के आरोपी 25 हजार के इनामिया अभियुक्त सुरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत खम्हरिया मोड़ के पास टैम्पो रोकवा कर इटियाथोक क्षेत्र के रहने वाले किराना व्यापारी चन्द्र प्रकाश पाण्डेय से लूट की थी।
श्रीराम कथा का आयोजन
गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत मलांव में 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए कथा के आयोजक शंकर प्रसाद शुक्ला ने बताया कि नवरात्रि पर्व पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचंद्र के जीवन पर आधारित श्रीराम कथा का आयोजन कथा व्यास आचार्य श्याम भूषण द्वारा चलेगा। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि आयोजक ने ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का आनंद लेने की अपील की है।
वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन
गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत भौरीगंज में रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में एवेक इंडिया के द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता लाल बहादुर कनौजिया ने बताया कि इस शिविर में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही डिजिटल इंडिया के बैंकिंग योजनाओं के बारे में बताया गया तथा साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, एटीएम बीमा, कन्या सुमंगला योजना आदि के बारे में जानकारी दी गयी। हमारे सहयोगी राजेष पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर जिला वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता जय राम सुमन, ग्राम प्रधान राबिया, पंचायत सहायक साइना, शोएब आलम, उस्मान कुरैशी, शहाबुद्दीन, महबूब आलम, आसिफ आदि लोग उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद गांव के प्रधान सुभाष यादव व सरयू घाट चौकी इंचार्ज शिव लखन सिंह ने संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर स्वच्छता अभियान के तहत साफ सफाई की। उन्होंने बेटियों का सम्मान करने की नसीहत दी। इस मौके पर सफाई कर्मचारी संतोष यादव, मस्तराम यादव ने लोगों को जागरूक किया। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि इस मौके पर रामचंद्र मौर्या, संतकुमार, महाराज, राम प्रमोद कुमार, देव प्रकाश, रामकुमार, मनीष यादव आदि मौजूद रहे।
बिजली कटौती से लोग बेहाल
गोंडा जनपद के इटियाथोक क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से लगातार रात के वक्त की जा रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। इस कटौती से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में लोगों की रात में नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। बच्चां की पढ़ाई बाधित होती है। बताते चलें कि वर्तमान में इटियाथोक पावर हाउस से ईस्ट, साउथ, खरगूपुर, बलरामपुर और नएगांव पेट्रोल पंप के नाम से कुल पांच फीडर संचालित हो रहे है, जहां से क्षेत्र के लगभग 21,500 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय ने अवर अभियंता अजय कुमार गुप्त के हवाले से बताया कि प्रदेष की कई विद्युत उत्पादन इकाइयां ठप होने के कारण यह दिक्कत आ रही है। विभागीय आलाधिकारी समस्या के जल्द समाधान में लगे हुए हैं।
डेंगू से युवक की मौत
अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन शाखा गोंडा के हलधरमऊ ब्लॉक के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन का डेंगू पॉजिटिव होने के कारण उपचार के दौरान लखनऊ के अपोलो हॉस्पिटल में मंगलवार को निधन हो गया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरि ओम सिंह ने फार्मासिस्ट साथियों के साथ उनके हलधरमऊ स्थित आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को मिलकर ढ़ाढस बंधाया।
शितलू बाबा की पुण्यतिथि मनाई गई
गोंडा जिले के बेलसर स्थित महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज के संस्थापक व पूर्व विधायक स्वर्गीय शीतला प्रसाद सिंह उर्फ शितलू बाबा की 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने शिक्षकों तथा गणमान्य नागरिकों और छात्र छात्राओं के साथ हवन पूजन एवं शांति पाठ किया। इसके बाद श्रीराम सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा को पूर्व प्रधानाचार्य देवकली प्रसाद, रामनाथ पांडे, लियाकत अली, राम गणेश तिवारी, दीप नारायण सिंह, डॉ. पवन प्रताप, पदमनाथ पांडेय, आनंद कुमार आदि ने भी संबोधित किया। क्षेत्रीय कवि हीरा सिंह मथुर, सुरेंद्र बहादुर सिंह झंझट, घनश्याम पांडेय, रवीन्द्र पांडेय रवि, हनुमान प्रसाद गुप्ता आदि ने अपनी रचनाओं के जरिए पूर्व विधायक को भावांजलि अर्पित की। संचालन अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर चंद्र प्रताप सिंह, राज बहादुर सिंह, श्रीपति वर्मा, अर्जुन सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक शुक्ला, शैलेंद्र सिंह चित्तू, हाजी मोहम्मद हनीफ, रामचंद्र, बुझावन, रामभरोस गुप्ता, धीरेंद्र कुमार सिंह के साथ विद्यालय के शिक्षक तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहीं।
अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
जिले के कौड़िया थाने की पुलिस ने राहगीर महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि एंटी रोमियो की टीम को रामपुर से परसिया रानी सिसई काली मां देवस्थान को जाने वाली सड़क पर युवक खड़ा मिला। वह महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहा था। इस पर उपनिरीक्षक कृष्ण प्रताप सिंह ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलमान पुत्र उमर निवासी गंडाही थाना कटरा बाजार बताया।
ट्यूबवेल टेक्निकल इंप्लाइज ने किया प्रदर्शन
ट्यूबवेल टेक्निकल इंप्लाइज एसोसिएशन गोंडा की जिला इकाई ने सचिव संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही संगठन ने चेतावनी दी कि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई, तो संगठन सड़क पर उतरकर आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। प्रदर्शन के दौरान अनिल श्रीवास्तव, रंजीत कौशल, पवनसुत दान, शिवकुमार मिश्र, रंजीत चौधरी, अनुपम श्रीवास्तव, इंद्रपाल तिवारी, कृपाराम यादव, सुभाष चंद्र शुक्ला, राजेश प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।
