Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : कन्या पूजन में गोंडा रचेगा इतिहास

Gonda Capsule : कन्या पूजन में गोंडा रचेगा इतिहास

नवरात्रि में 11 हजार कन्या पूजन कर लिम्का बुक में नाम दर्ज कराने की तैयारी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। नारी सुरक्षा, उसके सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शारदीय नवरात्र से मिशन शक्ति के अगले चरण की शुरुआत करने जा रही है। इस अवसर पर गोंडा जनपद एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 22 अक्टूबर को महा अष्टमी के दिन ’शक्ति वंदन’ समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें एक साथ 11,000 बेटियों का कन्या पूजन किया जाएगा। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा कन्या पूजन कार्यक्रम होगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि यह सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में अब तक का सबसे बड़ा कन्या पूजन समारोह होगा। इस समारोह को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व प्रतिष्ठित लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान कन्याओं के सामूहिक पूजन की गतिविधि को दर्ज किया गया था। 9 मार्च 2019 को यहां 1008 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया था। गोंडा प्रशासन इससे बड़ा आयोजन करके नया रिकॉर्ड बनाएगा। डीएम ने बताया कि वह इस समारोह को लेकर तैयारियों में जुटी हैं। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के विशाल प्रांगण में आयोजित कन्या भोज के उपरांत सभी बेटियों को हाइजीन किट भी प्रदान की जाएगी। डीएम ने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के आधार पर नौ अलग-अलग क्षेत्रों जैसे पुलिस, उद्यमी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज, कला और एनजीओ में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को समारोह के दौरान नव देवी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम में पिछड़ी, अति पिछड़ी जातियों के साथ ही दलित, आदिवासी, वनटांगियां समेत सभी जाति व पंथ की बेटियों को आमंत्रित करके उनका पूजन किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने कई विद्यालयों और समाजसेवी संगठनों से संपर्क किया है। डीएम ने कहा कि इस पहल का नाम “शक्ति वंदन“ रखा गया है, जो हाल ही में संसद से पास हुए महिला आरक्षण बिल (महिला शक्ति वंदन अधिनियम बिल) से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में आधी आबादी को उसका अधिकार देने की पहल करते हुए कानून बनाया है, उसी तर्ज पर इस कार्यक्रम के माध्यम से भी गोंडा और उसके आसपास के जिलों की बेटियों को शक्ति का दर्जा देते हुए उनका वंदन किए जाने की योजना है। इसका संदेश सिर्फ गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी जाएगा।

कौशल विकास के प्रशिक्षण केन्द्रों में फर्जीबाड़ा

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के औचक निरीक्षण में जनपद में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों के फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ है। प्रशिक्षण कार्य के लिए शासन की ओर से नामित संस्थाओं द्वारा नियम विरुद्ध इस कार्य को सबलेट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद डीएम ने जनपद के सभी कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों की जांच सात दिन में पूरी करके रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। यह जानकारी देते हुए डीएम ने मंगलवार को बताया कि वह देर शाम विकास खण्ड वजीरगंज के अंतर्गत ग्राम हथिनाग (डुमरियाडीह) में संचालित आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंची थीं। यह केन्द्र शीतला देवी मेमोरियल शिक्षण संस्थान के परिसर में संचालित है। पता चला कि इस केन्द्र के छात्रावास में कोई भी प्रशिक्षणार्थी नहीं रह रहा था। छात्रावास में ताले लगे पाए गए। निरीक्षण के समय 01 बालक एवं 05 बालिकाएं केन्द्र पर उपस्थित थीं। पूछताछ पर पता चला कि वह सायंकालीन पाली में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आए थे। हॉस्टल के केयर टेकर राजेश कुमार ने बताया कि शासन द्वारा प्रशिक्षण के लिए बाहर की एक संस्था को नामित किया गया है। संबंधित संस्था ने उन्हें यह काम सबलेट किया है और नौ रुपये प्रति घंटे प्रति छात्र के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है। इस खुलासे के बाद डीएम ने सात दिन के अंदर जनपद के सभी केन्द्रों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए हैं।

मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण

गोंडा की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान आगामी 27 अक्टूबर से चलाया जाएगा। एक जनवरी 2024 के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए डीएम जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, चकबंदी अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया जाएगा। इस पर दावे व आपत्तियां 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक ली जाएंगी। चार व पांच नवंबर, 25 व 26 नवंबर तथा दो व तीन दिसंबर को विशेष अभियान तिथि निर्धारित की गई है। दावे व आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसम्बर को किया जाएगा। जबकि निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन पांच जनवरी शुक्रवार को किया जाएगा।

सहायक अध्यापक निलम्बित

श्रावस्ती जिले के ब्लाक गिलौला के प्राथमिक विद्यालय भदौरा के सहायक अध्यापक प्रशांत मिश्रा को देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र के निर्देश पर जांचोपरांत निलम्बित कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए श्रावस्ती की बीएसए अमिता सिंह ने बताया के आयुक्त के निर्देश पर बीईओ गिलौला के माध्यम से शिकायत की जांच कराई गयी। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया। आयुक्त ने बताया कि संबंधित अध्यापक के खिलाफ लगातार शिकायत प्राप्त हो रही थी कि वह बिना अनुमति विद्यालय से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं और धरना प्रदर्शन में शामिल होते हैं।

गैस प्लांटों में जांची गई संरक्षा एवं सुरक्षा

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा राष्ट्रीय आपदा मोचक बल एनडीआरएफ के द्वारा भारत, हिन्दुस्तान, इंडियन पेट्रोलियम तथा एलपीजी प्लांट में किसी भी आपदा से निपटने हेतु की गई तैयारी के संबंध में बैठक किया गया तथा प्लांट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम कमांडर जितेंद्र सिंह ने बताया कि रासायनिक गैस रिसाव से किस तरीके से निपटा जाय। यह जानकारी जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने दी।

जिला जज ने विजेताओं को दिए पुरस्कार

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोंडा द्वारा बीते दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक चलाए गए स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को मंगलवार को जनपद न्यायाधीश ब्रजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने सम्मानित किया। इसके साथ ही हिंदी दिवस पर सराहनीय कार्य करने वाले न्यायिक कर्मचारियों व कर्मचारियों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह जानकारी देते हुए प्राधिकरण के सचिव अपर जिला जज नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में काजल को प्रथम, अमन को द्वितीय व सपना को तृतीय पुरस्कार दिया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में अभिषेक चतुर्वेदी को प्रथम, नेहा ओझा को द्वितीय व विनय कुमार वर्मा को तृतीय पुरस्कार दिया गया। माध्यमिक विद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में अवनेन्द्र तिवारी को प्रथम, मो. आसिफ को द्वितीय व विवेक कुमार को तृतीय पुरस्कार तथा चित्रकला प्रतियोगिता में अतुल गुप्ता को प्रथम, अभिषेक कुमार को द्वितीय व मो. काशिफ को तृतीय पुरस्कार दिया गया। महाविद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता में निधि शुक्ला को प्रथम, शक्ति पाण्डेय को द्वितीय व मंतशा फातिमा की तृतीय तथा चित्रकला प्रतियोगिता में रुखसाना को प्रथम, निधि तिवारी को द्वितीय व कीर्ति सिंह को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा जनपद न्यायाधीश ने हिंदी दिवस कार्यक्रम में जनपद न्यायालय के कर्मचारियों के मध्य कविता, निबंध व सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था, जिसमें विभिन्न कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया था। जनपद न्यायाधीश ने अजय सिंह, रवि प्रकाश वर्मा, जयप्रकाश शुक्ला, विजय यादव, पूर्णिमा वर्मा, माला वर्मा अरविंद कुमार आदि को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नेहा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल, एडीजे प्रथम पूजा सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

सड़क हादसे में युवक जख्मी

गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत प्योली के प्रधान कुँवर बहादुर सिंह के बेटे संदीप सिंह मंगलवार को एक सड़क हादसे में जख्मी हो गए। वह अयोध्या में उपचार के लिए भर्ती गांव के ही एक बीमार बच्चे को देखने जा रहे थे। बताते हैं कि कर्नलगंज-बेलसर-नवाबगंज मार्ग पर मोहना के पास अचानक एक कुत्ता सामने आ जाने के कारण वह बाइक से टकराकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें गोंडा के एक निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया है। उनकी हालत स्थिर बताई जाती है।

60 अनधिकृत वेंडर गिरफ्तार

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में मण्डल के गोंडा जंक्शन एवं लखनऊ जंक्शन स्टेशनों तथा ट्रेनों में अनधिकृत वेंडिंग को रोकने के लिए एक सप्ताह का विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान साठ व्यक्तियों को अनाधिकृत रुप से वेंडिंग करते हुए पकड़ा गया। जनसम्पर्क अधिकारी महेश कुमार गुप्ता के हवाले से हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि इस प्रकार का अभियान आगे भी चलता रहेगा।

गाड़ियां के निरस्तीकरण व मार्ग परिवर्तन की सूचना

पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के बुढ़वल-सीतापुर खंड पर स्थित बुढ़वल-सुढ़ियामऊ स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण कार्य के परिप्रेक्ष्य में 7 से 15 अक्टूबर, तक प्री-नॉन इंटरलॉक एवं 16 से 19 अक्टूबर तक नॉन इंटरलॉक कार्य के कारण गोरखपुर से 17 से 19 अक्टूबर तक चलने वाली 15069 गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। ऐशबाग से 16 से 18 अक्टूबर के मध्य चलने वाली 15070 ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। गांधीधाम से 13 अक्टूबर को चलने वाली 09451 गांधीधाम-भागलपुर विशेष गाड़ी अपने निर्धारित मार्ग बाराबंकी-बुढ़वल-गोण्डा-मनकापुर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग बाराबंकी-अयोध्या कैण्ट-अयोध्या-मनकापुर के रास्ते चलायी जायेगी। यह जानकारी देते हुए पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि इसी प्रकार भागलपुर से 16 अक्टूबर को चलने वाली 09452 भागलपुर-गांधीधाम विशेष गाड़ी अपने निर्धारित मार्ग मनकापुर-गोण्डा-बुढ़वल-बाराबंकी के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मनकापुर-अयोध्या-अयोध्या कैण्ट-बाराबंकी के रास्ते चलायी जायेगी।

तो 12 अक्टूबर से हड़ताल पर जाएंगे रोडवेज कर्मी

गोंडा जिले के रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने गेट मीटिंग करके निगम प्रबंधन के षङयंत्र से पुलिस प्रशासन की ज्यादतियों से हो रही प्रताड़ना का विरोध किया। कर्मचारियों ने अन्याय के खिलाफ लड़ने की हुंकार भरी। कर्मचारियों ने दोहराया कि यदि 11 अक्टूबर तक प्रशासन व प्रबंधन द्वारा दर्ज मुकदमे को खत्म करके अवैध रूप से किया गया चालान निरस्त नहीं किया जाता है तो 12 अक्टूबर से गोंडा डिपो के कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर रवि प्रताप मिश्रा, उमेश कुमार, बृजेश सिंह, विजय प्रताप सिंह, वेद प्रकाश ओझा, विंध्या प्रसाद यादव, सुबोध चंद्र बाजपेयी, राम सूरत सुमन, अशोक पांडेय, घनश्याम, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।

एसपी ने किया थाने का निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मंगलवार को धानेपुर थाने में विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, मेस, थाना परिसर व आरक्षी बैरक आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकार्डो को अद्यतन करने व महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला पुलिस कर्मियों को आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके प्रति सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करते हुए तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एसपी ने थाने के अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, ऑर्डर बुक न्यायालय, ड्यूटी रजिस्टर व नक्शा नौकरी का निरीक्षण कर सभी अभिलेखो को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।

प्रथम पुण्यतिथि पर याद किए गए मुलायम सिंह

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को आज उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर याद किया गया। गोंडा में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए युवा नेता सूरज सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जन्म संघर्ष की कोख से हुआ था। वह पहले पहलवान, फिर शिक्षक और बाद में राजनेता बने। उन्होंने प्रदेश के अनगिनत परिवारों को पहचान दिलाने का काम किया, जिसका उदाहरण मेरा परिवार स्वयं है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अपनी आने वाली पीढ़ी को शिक्षित और अनुशासित बनाने का प्रण लेना होगा। यादव महासभा के अध्यक्ष एडवोकेट रामधन यादव ने मुख्य अतिथि सूरज सिंह का स्वागत किया। आयोजक मण्डल के अध्यक्ष कस्तूरी यादव ने सभी का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया। इस मौके पर मस्तराम यादव, मंगली यादव, जैसराज यादव, जगदम्बा यादव, साहब राम, पप्पू यादव, राम अनुज, केशवराम यादव आदि ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

अनुदेशकों ने बीएसए को सौंपा मांग पत्र

गोंडा जिले के परिषदीय विद्यालयों में नियुक्त अनुदेशकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के महामंत्री अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि अनुदेशकों का मानदेय समय से प्राप्त नहीं होता है। इसके लिए शिक्षा मित्रों की भांति प्रत्येक माह की 20 तारीख को प्रपत्र जिले पर संकलित करने की व्यवस्था की जाए। जिलाध्यक्ष स्वदेश कुमार मिश्र ने बताया कि इस मौके पर महासचिव दीपक मौर्य, रमेश यादव, प्रज्ञानन्द, सत्यव्रत आदि मौजूद रहे।

गर्भवती महिलाओं का गोदभराई

गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खंड क्षेत्र के 156 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 150 केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 352 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। सुपरवाइजर दीपाली सिंह व पूनम त्रिपाठी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को ज्यादा हरी सब्जियों का सेवन करना चाहिए, रोज खाने के साथ दही आदि का सेवन करना चाहिए। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को एक-एक थाल में सेब, केला, गुड़, चना, नारियल, मिठाई व आयरन की गोलिया आदि दी गई।

हरा पेड़ काटने का मुकदमा दर्ज

जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामापुर में तैनात लेखपाल सुखराम वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने खलील पुत्र इब्राहिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि गांव में कब्रिस्तान की भूमि में लगा एक पेड़ यूकेलिप्टस व तीन पेड़ चिलबिल का खलील ने काटकर बेंच दिया था। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस बीच कटरा बाजार विकास खंड के ग्राम पंचायत सहरिया कला में श्मशानघाट की जमीन पर दबंगों द्वारा मकान बना लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीण अनिल कुमार, विश्वरूप, ओम प्रकाश, सतगुर आदि ने नसरुद्दीन, हसरत, अब्दुल, सिराजुद्दीन, सलाउद्दीन आदि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए श्मशान भूमि खाली कराए जाने की मांग की है। हमारे सहयोगी डॉ चंद्रशेखर पांडेय ने उप जिलाधिकारी कर्नलगंज विशाल कुमार के हवाले से बताया कि उन्होंने राजस्व निरीक्षक से प्रकरण में पैमाइश के उपरांत रिपोर्ट मांगी है।

दो अभियुक्तों पर गैंगेस्टर तामील

गोंडा जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने पशु क्रूरता मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि बीते 10 जून को आरोपी पीडी बंधा मार्ग से ट्रक से पशुओं को वध के लिए क्रूरतापूर्वक ले जा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें आजाद कराया, जबकि आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी स्वयं सिंह निवासी डिंगुरे जिला अमेठी व दद्दन निवासी शेखपुर जाफर थाना रौनाही जिला अयोध्या के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की है।

फ्राड से ठगे गए 37 हजार लौटाए

गोंडा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोढ़ियाघाटा निवासी गौरव सिंह के खाते से ठगों ने फ्राड करके 37727 रुपए निकल लिए थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने ठगी की रकम को वापस करा दिया। पीड़ित ने इसके लिए पुलिस टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

ससुराली जनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

गोंडा जिले के खोड़ारे थाने में बेलभर खलगंवा निवासी शीला ने ससुराली जनां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। शीला ने बताया कि उसकी शादी हिंदू रीति रिवाज से बीते 21 मई को प्रकाश चौहान के साथ हुई थी। आरोप के अनुसार, बीते सात अक्तूबर को दहेज की मांग को लेकर पति, सास, ससुर व ननद ने उसे मारा पीटा और पांच लाख रुपए नकद व बुलेट की मांग को लेकर उसे घर से भगा दिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया है कि प्रकरण में चार लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज करके विवेचना की जा रही है।

वृद्धाश्रम में भंडारा आयोजित

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक राम प्रकाश गुप्त के सहयोग से सेवा भारती द्वारा पंतनगर स्थित वृद्धाश्रम में भंडारे का आयोजन करके पौष्टिक भोजन और फल वितरित किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. ओंकार पाठक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उर्मिला देवी, गोपाल मित्तल, खुशबू, श्रुति, श्रीश आदि ने वृद्ध जनों की सेवा की। इस अवसर पर श्रीमान सिंह, अश्विनी शुक्ला, पंकज अग्रवाल, दीपेश, आकाश, सूरज, धर्मेंद्र पांडेय, राजेंद्र पाठक, एसके सिंह, योगेंद्र कुमार अग्रवाल, कमल शाह, एसएन सिंह, हनुमान सिंह, अमन जयसवाल, ओमप्रकाश, राधेश्याम मिश्र आदि रहे।

शिकायतकर्ता के खिलाफ ही दर्ज हो गया मुकदमा

गोंडा जिले के वजीरगंज थाने में बंधवा क्षेत्र के लेखपाल विवेक वर्मा द्वारा शिकायतकर्ता के ही खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराने को लेकर तरबगंज के एसडीएम भारत भार्गव ने स्पष्टीकरण तलब किया है। जानकारी के अनुसार, बंधवा निवासी अधिवक्ता शुभम सिंह ने गांव में सरकारी चकमार्ग व नाली की जमीन पर अवैध खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में अवैध खनन की पुष्टि के बावजूद लेखपाल द्वारा कार्रवाई न करने पर उपजिलाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया था। इस पर लेखपाल ने शिकायतकर्ता समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। इसकी शिकायत एसडीएम से करने पर उन्होंने लेखपाल से स्पष्टीकरण तलब किया है। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने बताया कि एसडीएम ने तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पिकअप टकराने से आठ जख्मी

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुल्लापुर गांव स्थित रेलवे क्रासिंग पर बीती रात एक अनियंत्रित पिकअप रेलवे पोल से टकरा गई। परिणाम स्वरूप उसमें सवार 08 लोग जख्मी हो गए। जानकारी के अनुसार, नवाबगंज कस्बे के बाजपुरवा मोहल्ला निवासी रामभजन सोमवार की रात एक पिकअप पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में पिकअप अनियंत्रित होकर रेलवे पोल से टकरा गई, जिससे अमरनाथ, जगलाल, तारकेश्वर, जदुनाथ, बाबूराम, सम्पूरन, सीताराम आदि घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक है, जिनका इलाज अयोध्या के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के हवाले से बताया कि प्रकरण में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

विदेश भेजने के नाम ठगी करने वालों पर मुकदमा

गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के नौ पीड़ितों को विदेश भेजने के नाम पर ठगों के एक गिरोह ने नौ लाख रुपये ऐंठकर फर्जी बीजा व हवाई जहाज का टिकट थमा दिया। पीड़ितों की गुहार पर पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार, बेरोजगार लोगों को नवाबगंज थाना क्षेत्र के निवासी दीपचंद निषाद ने विदेश भेजने का लालच देकर लोगों से करीब नौ लाख रुपए ठग लिये। दबाव पड़ने पर उसने सऊदी अरब का बीजा और रियाद का हवाई जहाज का फर्जी टिकट थमा दिया। इसे लेकर पीड़ित पुलिस अधीक्षक से मिले। एसपी ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने थानाध्यक्ष अभय सिंह के हवाले से बताया कि कप्तान के आदेश पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular