जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआइसी) की बेवसाइट से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में चयनित शिक्षकों की सूची हैक कर ली गई है। हैकर मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को फोन कर पैसे मांग रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेम चन्द्र यादव ने अज्ञात के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रचलित है। वार्डन समेत फुल टाइम और पार्ट टाइम टीचर के 73 पदों पर भर्ती के लिए जून महीने में आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अभिलेखों की जांच-पड़ताल के बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन कर काउंसलिंग की मेरिट सूची एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड की गई थी। सूची में चयनित अभ्यर्थियों के नाम और उनके मोबाइल नंबर भी थे। इस सूची को एनआईसी की वेबसाइट से हैक कर लिया गया और सूची में शामिल अभ्यर्थियों से चयन के नाम पर किसी व्यक्ति द्वारा खुद को बीएसए आफिस में कार्यरत शैलेन्द्र सिंह बताकर पैसों की मांग की जा रही है। बीएसए ने इसकी लिखित शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से की है। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि जिस नंबर से अभ्यर्थियों को फोन किया गया है उसकी लोकेशन गोंडा से करीब 550 किमी दूर मिली है। ऐसे में पुलिस का मानना है कि सूची हैक करने वाला बिहार या झारखंड का कोई गिरोह हो सकता है।
निजी स्कूलों को टक्कर देगा अटल आवासीय विद्यालय
गोंडा जिले के मनकापुर विकास खण्ड के सिसवा में नवनिर्मित अटल आवासीय विद्यालय में सोमवार से पढ़ाई शुरू हो जायेगी। इस विद्यालय में श्रमिकों के बच्चों को त्रिभाषा सूत्र की शिक्षा दी जाएगी। नवोदय विद्यालय की तरह इसमें देवीपाटन मंडल के पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को संवारा जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य हकीमउल्ला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 16 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस विद्यालय का निर्माण 71 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से हुआ है। 24 घंटे बिजली की सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से दो करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यह विद्यालय मंडल का पहला ऐसा विद्यालय है, जिसमें श्रमिकों के बच्चों को रहने-खाने के साथ पढ़ाई की सुविधा मुफ्त मिलेगी। बच्चों के चिकित्सा, खेलकूद, पठन-पाठन, यूनीफार्म, दैनिक उपभोग सामग्री. किताब, कापी, स्टेशनरी के साथ चारपाई, गद्दा, चादर, रजाई, तकिया आदि सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। विद्यालय को गुरुकुल का स्वरूप देकर भारतीय संस्कृति को भी पुनर्जीवित करने का प्रयास है। इसीलिए यहां के विभिन्न संकायों और ब्लाकों का नाम स्थानीय विशिष्टताओं पर रखा गया है। यहां का पठन पाठन कम्प्यूटर आधारित होगा। इसके लिए विद्यालय में 48 डेस्क टॉप व 40 लैपटाप लगाते हुए इंटरनेट के लिए लीज लाइन उपलब्ध कराया गया है। अटल आवासीय विद्यालय में समय-समय पर बच्चों को पौष्टिक भोजन, नाश्ता, फल व दूध दिया जायेगा। इसी के साथ विद्यालय में एक स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट की तैनाती भी की गई है। बता दें कि देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र के निर्देश पर बीते 10 जून को प्रवेश परीक्षा का आयोजन कर 40 बालक और 40 बालिकाएं का चयन किया गया था। स्कूल परिसर में 148 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विद्यालय को नशा मुक्त जोन घोषित किया गया है। कोई भी कर्मचारी या शिक्षक नशा या धूम्रपान करके विद्यालय कैम्प्स में प्रवेश नहीं कर सकेगा। कैम्पस में पालीथिन का प्रयोग भी वर्जित रहेगा।
इंडिया गठबंधन एक धोखा-नितिन अग्रवाल
उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग के राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा है कि जी 20 के आयोजन के साथ ही भारत वैश्विक मंच पर शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। यह पहला अवसर है जब भारत को जी-20 की अध्यक्षता करने का मौका मिला है। मैं मानता हूं कि यह हम सब 140 करोड़ देशवासियों के लिए बड़े गौरव का विषय है। वह रविवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गोंडा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया है। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। व्यापारियों को संबोधित करते हुए आबकारी मंत्री ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। साथ ही इंडिया गठबंधन को भ्रष्टाचारी दलालों का गठबंधन भी बता डाला। मीडिया से बात करते हुए नितिन अग्रवाल ने कहा कि यह गठबंधन नहीं धोखा है और ऐसे धोखे को इस देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। आपने देखा होगा कि इस गठबंधन में जो दल हैं, उनमें अभी से मतभेद हो गए हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा सनातन धर्म को धोखा बताने पर आबकारी मंत्री ने कहा कि क्या इसका समर्थन अखिलेश यादव कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी पहले इसका जवाब दें। आबकारी मंत्री ने सपा बसपा को यूपी में भ्रष्टाचार की नींव डालने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि पिछली सरकारों में व्यापारियों को राजनीति में आगे बढ़ाने और सक्रिय भूमिका देने की बात आती थी, तो उन्हें पीछे धकेल दिया जाता था। भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश से माफियाओं का खात्मा हुआ है। प्रदेश से गुंडागर्दी, अराजकता और लूटपाट का माहौल खत्म हो गया है।
भाजपा सांसद ने फिर साधा निशाना
कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को एक बार फिर किसी का नाम लिए बिना बाबा रामदेव सहित देश के कई उद्योगपतियों पर निशाना साधा। नवाबगंज कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने आवारा जानवरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मैं बिना नाम लिए बताना चाहता हूं। मैं सलाह देने गया था, लेकिन वह नहीं माने। और मिलकर कहा था कि यह करिए लेकिन उन्होंने कहा कि यह नहीं हो पाएगा। तो हमने कहा कि यह कंट्रोल भी नहीं हो पाएगा। हमारी सलाह नहीं मानी गई। आज उसका समाधान सड़क पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब ज्यादा बोलेंगे तो सब गड़बड़ हो जाएगा, बोलो भारत माता की जय। भाजपा सांसद ने कहा कि देश के अंदर कई बेईमान पैदा हुए, जिन्होंने कहा कि आप अपना तेल मत खाइए, नहीं तो नुकसान होगा। अगर आप अपने सरसों से तेल निकलवा कर खाएंगे, तो जिंदा नहीं बचेंगे, बहुत नुकसान करेगा। हमारा खाएंगे, तब जिंदा रहेंगे। इस देश के बेईमानों ने आप लोगों को रिफाइंड के नाम पर 10 साल तक भूसी का तेल खिला दिया। ऐसे-ऐसे बेइमान हैं, जो कहते हैं कि अपना आटा मत खाइए, हमार कवन छाप वाला आटा खाओ। तुम्हारा तेल नहीं शुद्ध है। हमारा कोल्हू छाप वाला तेल शुद्ध है।
मारपीट का मुकदमा दर्ज
जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के अनभुला निवासी सावित्री सिंह पत्नी दिनेश प्रताप सिंह बच्चों के विवाद का उलाहना देने के लिए घर जाने पर उसके साथ विपक्षियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार, गांव के बच्चों के खेलते समय हुए विवाद का उलहना लेकर वह श्रीकांत सिंह के घर गई थी। इस पर उसकी तथा एक बच्चे आयुष की पिटाई की गई। महिला के बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। हमारे वजीरगंज सहयोगी ने थानाध्यक्ष अभय सिंह के हवाले से बताया कि चोटिलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
दो मवेशियों की मौत
गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर भिटौरा बकड़हिया गांव के पास अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत हो गई। हमारे सहयोगी अखिलेश त्रिपाठी के अनुसार, एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना के निर्देश पर लेखपाल प्रेम शंकर आर्य व ग्राम प्रधान अंजना देवी ने ग्रामीणों की मदद से मवेशियों के शव को रेलवे लाइन के पास दफन करा दिया।
कृषि मेला आज
गोंडा जिले के बभनजोत विकास खण्ड मुख्यालय पर कृषि विभाग की ओर से सोमवार को कृषि मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया है। उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि मेले में क्षेत्रीय किसानों को कृषि से संबंधित जानकारियां देने के साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
सांसद को ज्ञापन सौंपेग शिक्षा मित्र
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ आगामी सोमवार को संगठन के बैनर तले गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह को शिक्षा मित्रां की समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपेगा। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा ने बताया कि जनपद के सभी शिक्षामित्र सोमवार को मनकापुर स्थित सांसद के आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे।
निरस्त रहेंगी ये ट्रेनें
पूर्वोत्तर रेलवे ने बगहा-बाल्मीकि नगर खण्ड के दोहरीकरण के परिप्रेक्ष्य में प्री नॉन इण्टरलॉकिंग कार्य के कारण कई गाड़ियों के निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, रेगुलेशन करने का फैसला किया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 15211/34 दरभंगा-अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस 12 से 15 सितम्बर तक निरस्त रहेगी। इसी प्रकार 13 सितम्बर को 15529 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनस तथा 14 सितम्बर को 15530 आनन्द विहार टर्मिनस-सहरसा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
एमडी ने की लम्पी डिजीज की समीक्षा
गोंडा जिले के विकास भवन सभागार में पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज के रोकथाम हेतु रविवार को आयोजित बैठक में पीसीडीएफ लखनऊ के प्रबंध निदेशक आनंद कुमार सिंह ने आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने संक्रमण की रोकथाम में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर फील्ड वर्क करें। गांव-गांव जाकर इस संक्रमण के लक्षण व बचाव के संबंध में जन जागरूकता फैलाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जो पशु लम्बी रोग से संक्रमित हो गए हैं, उसे तत्काल अन्य पशुओं से आइसोलेट कर दिया जाए। गौशालाओं को संक्रमण से दूर रखा जाए। गौशालाओं के सभी पशुओं को वैक्सीन लगाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वैक्सीन लगाकर संक्रमण को रोका जाए। उन्होंने सीवीओ को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर प्रधानों व सचिवों आदि के साथ बैठक कर लोगों को इस बारे में जानकारी दें। गांवों में बैनर व पम्पलेट के माध्यम से कंट्रोल रूम का नंबर का प्रचार प्रसार करायें। तीन दिन का अभियान चलाकर संक्रमण पर रोक लगाई जाए। इस रोग के बारे में फैल रही गलत खबरों का खंडन किया जाए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, सभी बीडीओ, सभी अधिशासी अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी का उपस्थित रहे। बता दें कि लंपी स्किन डिजीज एक वायरल बीमारी होती है, जो गाय-भैंसों में होती है। इसमें शरीर पर गांठें बनने लगती हैं, खासकर सिर, गर्दन, और जननांगों के आसपास। धीरे-धीरे ये गांठे बड़ी होने लगती हैं और घाव बन जाता है।
घर-घर से माटी संकलन जारी
भाजपा आलाकमान के निर्देश पर गोंडा जनपद के इटियाथोक क्षेत्र के कलेना, लखनीपुर एवं भरिया लबेदपुर ग्रामो में मेरा माटी मेरा देश अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक घर से रविवार को मिट्टी इकट्ठा किया। इटियाथोक भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यब्रत ओझा ने गाँववासियों से कहा कि यह हमारा आपका सबका सौभाग्य है कि हमारे घरों की एक चुटकी मिट्टी देश के अमर शहीदों के किसी काम आएगी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के इस निर्णय की हम सब भारतवासी भूरि भूरि प्रशंसा करते हैं। ओझा ने कहा कि भाजपा द्वारा जनपद के सभी 452 शक्ति केंद्र के सभी बूथों पर इस अभियान के निमित्त प्रभारी एवं संयोजक क़ी रचना कर उन्हें कार्य में लगाया गया है। मंडल उपाध्यक्ष अजय राठौर ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि भाजपा द्वारा इस अभियान के निमित्त मिट्टी संकलन का कार्य जनपद के प्रत्येक बूथों पर बीते शुक्रवार से प्रारम्भ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप द्वारा शुक्रवार को गौरा विधानसभा के सिसवा गाँव से इस अभियान का शुभारम्भ किया गया है। इटियाथोक में रविवार को चलाये गए इस अभियान में प्रधान कलेना, संतोष चौरसिया, दिलीप वर्मा, राहुल ओझा, इंदरमन, रिजवान, चंद्रप्रकाश पांडेय, सतेन्द्र मिश्रा एवं अन्य ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोंडा के बच्चे राज्य स्तर पर चयनित
भारत स्काउट एवं गाइड का राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का आयोजन केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट प्रयागराज गाइड एवं केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट प्रयागराज स्काउट में किया गया, जिसमें केंद्रीय विद्यालय गोंडा के आठ स्काउट्स एवं आठ गाइड ने प्रतिभाग किया। सभी स्काउट और गाइड राज्य पुरस्कार के लिए चयनित की गए। हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि स्काउट मास्टर इंतेखाब आलम के मार्गदर्शन में स्काउट्स एवं गाइड्स ने तैयारी की। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अपर्णा सक्सेना व शिक्षकों पंकज कुमार, विजय कुमार गुप्ता, सुश्री पूजा कुमारी, रवि प्रकाश, श्रीमती कल्याणी आदि ने बधाई दी है।
आरक्षी को दी गई विदाई
गोंडा जिले के थाना इटियाथोक में रविवार को विदाई पार्टी का आयोजन कर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज समेत अन्य सहयोगियों ने आरक्षी रंजीत वर्मा के उज्जवल भविष्य की कामना की। सभी ने वर्मा के अब तक के कार्यो की सराहना की है। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय ने बताया कि इटियाथोक थाने पर पिछले ढाई वर्षो से तैनात रंजीत वर्मा का चयन कुशीनगर आरटीओ ऑफिस में क्लर्क के पद पर हुआ है। इन्होंने पुलिस विभाग की नौकरी से त्यागपत्र देकर परिवहन विभाग कार्य करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर थाने में विदाई पार्टी का आयोजन कर सहयोगियों ने आरक्षी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
