उद्योग बंधु की बैठक में मण्डलायुक्त ने एलडीएम को दिया निर्देश
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने निर्देश दिया है कि उद्यमियों को ऋण देने में कोताही बरतने वाले बैंकर्स के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाय। वह बुधवार को आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कई उद्यमियों ने बैंकां द्वारा ऋण दिए जाने में हीलाहवाली करने तथा चोरी का मामला उठाया था। आयुक्त ने एलडीएम को निर्देश दिया कि उद्यमियों के प्रपत्रों की जांच कर जल्द से जल्द ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाय। लापरवाह बैंकर्स के खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित करें। चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बैंठक में मौजूद परिक्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक एपी सिंह ने कहा कि अब और अधिक चौकसी के लिए सम्बंधित को निर्देशित कर दिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से भी अपने संस्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने की अपील की है। डीआइजी ने कहा कि इससे चोरी की घटनाएं रोकने में आसानी होगी। साथ ही अन्य अपराधों में अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। मण्डलायुक्त ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि वे उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण जनपद स्तर पर यथाशीघ्र कराएं। बैठक में गोंडा के अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, संयुक्त आयुक्त उद्योग सविता भारती रंजन, गोंडा के उपायुक्त बाबूराम, बलरामपुर के राजेश कुमार पाण्डेय, बहराइच के केशव राम तथा श्रावस्ती के सहायक प्रबंधक मनीष वर्मा मौजूद रहे।
24 को रवाना होगा लोक अदालत का प्रचार वाहन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोंडा के तत्वाधान में आगामी नौ सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार के लिए गुरुवार को गोंडा के जनपद न्यायाधीश द्वारा एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए प्राधिकरण के सचिव नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि यह वाहन चारों तहसीलों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार करेगी। उन्होंने बताया कि जनपद न्यायालय एवं समस्त तहसीलों में आयोजित किए जाने वाले इस लोक अदालत में धन वसूली, मोटर वाहन दुर्घटना, वैवाहिक, श्रम, झगड़े, राजस्व, पानी बिल, सर्विस मैटर, वन अधिनियम जैसे सभी लेवल के लम्बित वादों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने वादकारियों से अपील किया है कि वे सम्बन्धित न्यायालय अथवा ट्रिब्यूनल में पंहुचकर राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों को निस्तारण कराकर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में सुलह समझौते के आधार पर तथा अर्थदण्ड अधिरोपित करके किए निपटाए जाने वाले मामलों में सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसके खिलाफ किसी भी अदालत में अपील का प्रावधान नहीं है अर्थात यहां से मुकदमा खत्म होने के बाद हमेशा के लिए मुकदमे बाजी से फुर्सत मिल जाएगी।
25 हजार का इनामिया गिरफ्तार
गोंडा जिले के परसपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को बीते 07 वर्षों से फरार 25 हजार के इनामिया शाहिद पुत्र ननकऊ को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वह परसपुर थाने में वर्ष 2016 में दर्ज एक मुकदमे में वाछित था। उसके खिलाफ गोंडा तथा बहराइच जिलों में ढ़ाई दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आज उसे उसके निवास स्थान चयपुरवा थाना कौड़िया से गिरफ्तार किया। वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। इस पर एसपी ने 25 हजार का पुरस्कार घोषित किया था।
एडीजे ने किया वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोंडा के सचिव व अपर जिला जज (एफटीसी) नितिन श्रीवास्तव ने वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया गया। प्रभारी अधीक्षक केसवर्कर निधि त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में कुल छह पीड़िताएं वन स्टाप सेंटर में संरक्षित हैं। सचिव ने पीड़िताओं से मुलाकात कर उनके खान-पान एवं रहन-सहन के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधीक्षक ने बताया कि वन स्टाप सेंटर में आने के लिये सामने से कोई रास्ता नही है। रात में भी पीड़ित महिलाओं को दुर्गम रास्ते से आना जाना पड़ता है। इस पर सचिव ने जिलाधिकारी से वार्ता कर समाधान करवाने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता दीपशिखा शुक्ला, स्टाफ नर्स कृष्णावती पाण्डेय, कम्प्यूटर आपरेटर रिचा तिवारी, मल्टी पर्पज अर्चना उपाध्याय, वन स्टाप सेंटर की महिला आरक्षी गीता यादव, कंचन सिंह, रीना वर्मा व रश्मि उपस्थित रहीं।
एलबीएस कालेज में दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा में बुधवार को बीए एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू हुआ। अपने सम्बोधन में प्राचार्य प्रो. रवींद्र कुमार पांडेय ने नई शिक्षा नीति की अच्छाइयों एवं बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए नव प्रवेशी छात्र छात्राओं को उच्च आदर्शों को आत्मसात करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों को महाविद्यालय में हर संभव सहायता एवं पठन पाठन की सुविधा दिलाने की बात कही। यह जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी प्रोफेसर शिव शरण शुक्ल ने बताया कि मुख्य नियंता प्रो. आरबीएस बघेल ने छात्र छात्राओं को अनुशासन की सीख दी। दीना नाथ तिवारी, प्रो. अतुल कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बीपी सिंह, विजय अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, मंशाराम वर्मा, डीके सिंह, अरुण प्रताप सिंह, पूजा यादव, मनीषा पाल, हरीश शुक्ला, डॉ विवेक सिंह एवं डॉ अमित शुक्ला आदि ने भी महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
गोंडा में भी पूजा अर्चना
पूरे देश के साथ ही गोंडा में भी चंद्रयान-थ्री के सफल लैंडिंग को लेकर पूजा अर्चना और प्रार्थना की गई। जिले के एम्स इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि कालेज के छात्र छात्राओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के साथ चंद्रयान थ्री का चित्र लगाकर पूजन अर्चन किया तथा सफल लैंडिंग की प्रार्थना की। बजरंग दल अवध प्रान्त के संयोजक राकेश वर्मा के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने आज हनुमान गढ़ी पर 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ करके चंद्रयान थ्री के सफल लैंडिंग के लिए हनुमान जी से प्रार्थना किया। इस अवसर पर अरुण शुक्ल, राकेश वर्मा गुड्डू, भरत गिरी, आशीष मोदनवाल, सतीश मिश्रा, कमल बाबा, प्रकाश कुमार, शैलेश तिवारी, सोनू सोनकर, राजन गौतम, अनिल निषाद, संतोष गुप्ता, अभिषेक वर्मा, अरुण गौतम, हिमांशु, ओमप्रकाश मौर्य इत्यादि उपस्थित रहे। इटियाथोक के भीखमपुरवा में स्थित गुरुकुल के विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा का पाठ और हवन किया। परास खाल प्राथमिक विद्यालय के बच्चों व शिक्षकों ने सामूहिक रूप से ईश्वर से इस मिशन के सफल होने की प्रार्थना की। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, चन्द्रयान थ्री की लैंडिंग देखने के लिए क्षेत्र में हर तरफ लोग टेलीविजन या मोबाइल पर चिपके रहे। प्राथमिक विद्यालय भीखम पुरवा में बच्चां ने चंद्रयान थ्री के लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखा। शिक्षक मनोज मिश्रा ने बच्चों को इस बारे में विस्तार से बताया। इस उपलब्धि पर कस्बे में भाजपाइयों ने तिरंगे के साथ खुशियां मनाई और एक दूसरे को बधाइयां दी।
आनर किलिंग के मामले में दो गिरफ्तार
गोंडा जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने दो दिन पूर्व हुए आनर किलिंग का 24 घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए घटना को अंजाम देने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि थाना क्षेत्र के मेहनौन गांव में दो दिन पूर्व प्रेम प्रसंग में सतीश और आरती नामक युवक युवती की हत्या कर दी गई थी। अभियुक्तों ने सतीश का शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था, जबकि आरती का शव अयोध्या ले जाकर श्मशान घाट पर दफना दिया गया था। पुलिस टीम ने अयोध्या से आरती का भी शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया तथा घटना को अंजाम देने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल द्वारा इस घटना के शीघ्र अनावरण करने वाली टीम को पुरुस्कृत किया गया है।
एमडीबी कालेज में युवा संवाद का आयोजन
गोंडा जिले के बेलसर में स्थित महाराजा देवी सिंह इण्टर कॉलेज में बुधवार को ‘युवा संवाद : भारत 2047’ का आयोजन किया गया। नेहरू युवा मंडल तेलियाकोट द्वारा अमृतकाल के पंच प्रण आधारित विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंहएवं विशिष्ट अतिथि एलबीएस कालेज की डॉ रेखा शर्मा रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज के प्रधानाचार्य एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने किया। कालेज की छात्राओं वंदना, नेहा मोदनवाल एवं दिव्यांशी उपाध्याय ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि हमारे युवा पुराणों से सीख लें, जिससे भारत विकसित राष्ट्र बनाकर विश्व गुरु का स्थान ले सके। डॉ रेखा शर्मा ने ऋषियों मुनियों वेदों और उपनिषदों की चर्चा करते हुए कहा कि प्राचीन काल से ही भारत विश्व गुरु रहा है। हमने सदैव विश्व बंधुत्व की बात कही है। युवा मण्डल तेलियाकोट के सचिव विनय श्रीवास्तव ने अमृत काल के पंच प्रण पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से संवाद स्थापित किया। इस मौके पर शिक्षक सुजीत श्रीवास्तव, आशीष मिश्रा, रजनी कांत तिवारी, सत्येंद्र पांडेय, अभय तिवारी, राज दुबे, कशिश सिंह, प्रिंसी पटवा, रेवांशी पाण्डेय, सुधांशु शुक्ला, शिवानी पाण्डेय, अंशिका सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे। संचालन अशोक कुमार ने किया। अध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रतिभागी युवाओं एवं सन्दर्भदाताओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अयोध्या प्रसाद मिश्र, धीरेंद्र सिंह , डॉ पीपी सिंह, बृजेंद्र सिंह, आनंद पांडेय, राकेश शुक्ला, रंजीत कुमार, चंद्रशेखर, संजीव सिंह, सतपाल सिंह, सूरज गुप्ता, मोहम्मद यूनुस, देवेंद्र यादव, रघुनाथ द्विवेदी, अमित वर्मा, अनिल तिवारी, उमेश गुप्ता समेत एनसीसी कैडेट्स एवं युवा मण्डल के सदस्य उपस्थित रहे।
चाइल्ड लाइन ने रोकवाया बाल विवाह
गोंडा जिले के इटियाथोक थाने में चाइल्ड लाइन की टीम ने बुधवार को एक नाबालिग लड़की की शादी होने से रुकवाते हुए सम्बंधित पक्षों को थाने पर बुलाकर उनकी काउंसलिंग करवाई। इसके बाद लड़की के बालिग होने तक उसका विवाह न किए जाने के लिए लिखा पढ़ी करवाई। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि आज दोपहर में टोल फ्री नंबर 1098 पर एक व्यक्ति ने इटियाथोक थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के शादी होने की जानकारी दी। इस सूचना पर चाइल्ड लाइन सब सेंटर के प्रभारी बृजभूषण यादव व अखिलेश चतुर्वेदी ने इटियाथोक थाने पुलिस से संपर्क कर बालिका व उसके परिजनों को थाने पर बुलवाया। यहां पर उन्हें सामाजिक तथा कानूनी भाषा में समझा बुलाकर बालिका की उम्र 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद ही शादी करने को कहा गया। युवक के परिजनों ने बताया कि उन्हें बालिका के नाबालिग होने की जानकारी नहीं थी। चाइल्ड लाइन व स्थानीय पुलिस के हस्तक्षेप के बाद एक नाबालिग की शादी होने से बच गई। इस मौके पर वरिष्ठ उप निरीक्षक बब्बन सिंह, महिला आरक्षी किरण भारती, आदित्य राय व संजय कुमार निषाद आदि मौजूद रहे।
कार्यदायी संस्था की लापरवाही से लोग परेशान
जनपद के इटियाथोक विकास क्षेत्र के ग्रामां में जल जीवन मिशन व हर घर जल योजना के तहत कार्यदाई संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य में बड़े पैमाने पर लापरवाही सामने आ रही है। क्षेत्र के अयाह, वेदपुर, रानीजोत सहित कई ग्रामां में पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों, रास्तों व खड़ंजा मार्गो की खुदाई की गई, किन्तु पाइप डालने के बाद रास्तों को ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया। बरसात से जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ हो गया है। रास्तां पर पड़े मिट्टियों से फिसलन भी हो गई है। परिणाम स्वरूप लोगों के आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। अयाह के पूर्व प्रधान अमेरिका प्रसाद, मोहित मिश्रा व अन्य लोगों ने डीएम से हस्तक्षेप करने की मांग की है। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि रानीजोत निवासी कामरेड रघुनाथ पाड़ेय ने भी इस दुर्दशा की तरफ जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किया है।
मारपीट के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा
परसपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम गजसिंहपुर में जमीन रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। हमारे कर्नलगंज सहयोगी महादेव मौर्य के अनुसार, गांव निवासी केशव यादव पुत्र श्याम बिहारी का आरोप है कि जमीनी रंजिश को लेकर विपक्षीगणों ने उसे भद्दी-भद्दी गाली देते हुए उसे मूका थप्पड़ व लाठी डण्डा से मारा। हल्ला गोहार करने पर वे जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये। प्रभारी निरीक्षक शेष मणि पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी केदार नाथ यादव, सावित्री निवासी भेड़ियाकोट गजसिंहपुर एवं राजाबाबू निवासी बनुआ थाना उमरी बेगमगंज के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
कृषि गोष्ठी का आयोजन
जनपद के विकास खंड रुपईडीह में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत खरीफ एवं कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का श्री गणेश किया। हमारे आर्यनगर सहयोगी आनन्द पान्डेय ने बताया कि ब्लाक रुपईडीह सभागार में आयोजित इस संगोष्ठी में क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह ने किसानों की आय दुगुनी करने, पीएम किसान योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रवण शुक्ल, रमाकांत मिश्रा, कौशल तिवारी, महेश शुक्ला, एडीओ राम वीर सिंह, वीरेंद्र शास्त्री आदि मौजूद रहे।
पुलिस से मारपीट में चार गिरफ्तार
जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने के आरोप में दो महिला समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हमारे खरगूपुर सहयोगी ने बताया कि अजय सिंह की सूचना पर बुधवार को ग्राम चौरी परिहार पहुंचे पीआरवी कर्मचारियों के साथ कालर अजय सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। पीआरवी ने इसकी सूचना थाने पर दी। उप निरीक्षक चन्द्रसेन वर्मा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे तो अजय सिंह ने अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडा से लैस होकर पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस सम्बन्ध में स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। साथ ही दो महिलाओं गीता देवी पत्नी अजय सिंह व सावित्री देवी पत्नी अरुन सिंह समेत अभय सिंह उर्फ रिंकू पुत्र नरसिंह बहादुर सिंह तथा समरथ सिंह पुत्र स्व. छेदी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
फरार गैंगेस्टर दबोचा गया
जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गैंगेस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त बुद्धिलाल पुत्र परागदत्त दुबे को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह था, जो अपने भौतिक तथा आर्थिक लाभ हेतु फर्जी जमीन के कागजात बनवा कर लोगों के साथ धोखाधड़ी किया करता था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भरे नमूने
जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देशानुसार मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को बेलसर रोड, तिवारी बाजार, आवास विकास चौराहा, जजेज कॉलोनी, अंबेडकर चौराहा एवं मुन्नन खां चौराहा पर दूध, दुग्ध उत्पाद एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच किया। जांच के दौरान टीम द्वारा चार दूध व एक पेड़ा का नमूना जांच हेतु संग्रहीत किया गया। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयप्रकाश, विनोद वर्मा, युगुल किशोर, संतोष कुमार, मनीष मल्ल आदि शामिल रहे। उन्होंने बताया कि मण्डइया चौराहा पर भैंस का दूध, आवास विकास चौराहे पर मिश्रित दूध, अंबेडकर चौराहे पर पेड़ा तथा जजेज कॉलोनी से गाय का दूध का नमूना लिया गया।
तिरंगे का अपमान करने वाले धरे गए
जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को तिरंगे का अपमान करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के भगवान दीन पुरवा निवासी उमानाथ शुक्ला तथा शिव शंकर पाण्डेय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते हुए एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसका संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने पर राष्ट्रीय ध्वज अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। हमारे आर्य नगर सहयोगी आनन्द पाण्डेय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय थाने की पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
