Thursday, February 19, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कल से चलेगा अभियान

Gonda Capsule : आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कल से चलेगा अभियान

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान पखवाड़ा मनाये जाने के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सीएमओ सहित आयुष्मान से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिये हैं कि अधिक से अधिक लाभार्थियों को चिन्हित कर हर संभव प्रयास करें और उन्हें आयुष्मान कार्ड बनाकर उपलब्ध कराएं। इसी परिपेक्ष्य में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक आयुष्मान पखवाड़ा चलाए जाने का निश्चय किया गया है। इस अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे सभी परिवारों को लक्षित किया जाएगा। जिनमें अब तक किसी भी सदस्य के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध नहीं है एवं जो अंन्त्योदय कार्ड धारक, निर्माण श्रमिक कार्ड धारक परिवारों के सदस्य हैं। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों का आशा बहू, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका तथा अन्य कर्मचारियों के माध्यम से कैम्प लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा। इसके साथ ही जनपद के सभी जनसेवा केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनायेंगे। इसमें किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित आयुष्मान विभाग से संबंधित नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. संदीप तिवारी व इंजीनियर अंकित श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी किरन पाण्डेय

‘गोंडा बाईव्रेंट फोक आर्ट एण्ड कल्चर सोसाइटी’ द्वारा राजधानी लखनऊ में आगामी 28 सितम्बर को आयोजित लोक गीत व संगीत के प्रदेश स्तरीय मेगा कंसर्ट में सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कालेज में संगीत विषय की प्राध्यापक लोक गायिका किरन पाण्डेय अपने आवाज की जादू बिखेरेंगी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गोमती नगर स्थित उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे जी महराज ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से आने वाली लोक गायिकाओं की महफिल सजेगी, जिसमें गोंडा जिले के आवास विकास कालोनी की निवासी लोक गायिका किरन पाण्डेय अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन करेंगी। कार्यक्रम की संयोजक लोक गायिका वंदना मिश्रा के अनुसार, लोक गायन के इस मेगा कंसर्ट में राज्य के सभी जिलों से 18 से 90 वर्ष तक की महिला शास्त्रीय, उप शास्त्रीय लोक गायिकाओं को आमंत्रित किया गया है। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित किये जा रहे इस कार्यक्रम में यूपी के हर जिले से एक लोक गायिका को मंच प्रदान करते हुये उनकी मधुर आवाज को देश और दुनिया के सामने लाने का प्रयास है। कोशिश है कि मंच पर उपस्थित होने वाली विभिन्न जिलों की गायिकाएं स्वतंत्रता संग्राम के गीतों के साथ, रघुनंदन भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति दें। लोक गीत और संगीत के इस भव्य कार्यक्रम में दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और महिला सशक्तिकरण की झलक दिखाई देगी।

सफाई कर्मचारी संघ ने की डीपीआरओ से वार्ता

उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सफाई कर्मियों की परेशानियों पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि वार्ता के दौरान डीपीआरओ से जनपद के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की जेष्ठता सूची बनाए जाने की मांग की गई। डीपीआरओ ने साफ़ किया कि एक सप्ताह के भीतर वरिष्ठता सूची जारी कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को बिना नोटिस जारी किए कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। जल्दी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका पूर्ण करा कर कर्मचारियों का हस्ताक्षर करा दिया जाएगा। कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को निस्तारण करने के लिए पटल सहायकों को निर्देशित किया गया है। इस मौके पर संघ के महामंत्री शिवराम शुक्ला, कोषाध्यक्ष नींबू लाल ब्लॉक अध्यक्ष पडरी कृपाल श्रीप्रकाश मिश्रा, महामंत्री बेचूलाल, छपिया ब्लाक अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, विजय तिवारी सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बीआरसी पर शिविर लगाकर बनेगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र

स्वास्थ्य विभाग व समग्र शिक्षा अभियान के सयुंक्त प्रयास से समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को उनकी दिव्यांगता के अनुरूप दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाने हेतु अब विद्यालयों में ही बच्चों का परीक्षण करके उन्हें प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिला समन्वयक राजेश सिंह ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र व यूडीआईडी कार्ड के लिए कही भटकना नहीं पडेगा। डिप्टी सीएमओ डॉ टीपी जायसवाल की अध्यक्षता में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ पीएन सिंह, ईएनटी सर्जन डॉ पीएन राय, साइकोलॉजिस्ट डॉ रंजना गुप्ता व नेत्र रोग विशेषज्ञ के समग्र शिक्षा अभियान में शामिल हुए। समेकित शिक्षा योजना अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को उनकी दिव्यांगता के अनुरूप दिव्यांग का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए विकास खंड रुपईडीह के 222 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया गया, जिसके सापेक्ष 146 दिव्यांग बच्चों को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर ही दिव्यांग का प्रमाण पत्र व यूडी आईडी कार्ड बनाया गया। इस मेडिकल एसेसमेंट शिविर में स्पेशल एजुकेटर रवि प्रताप सिंह, संजय कुमार पांडे, सुनीत कुमार मिश्र, चंदसेन पाठक, चंद्रशेखर ने सहयोग किया। 16 सितम्बर को ब्लॉक संसाधन केंद्र इटियाथोक पर शिविर लगेगा।

छठें पुण्य तिथि पर याद किए गए लक्ष्मण मौर्य

प्रदीप पांडेय
जिले के इटियाथोक क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले शिक्षक स्व. लक्ष्मण शरण मौर्य की छठवीं पुण्यतिथि मंगलवार को स्थानीय कस्बे में उनके सुपुत्र के आवास पर मनाई गयी। श्री मौर्य के आत्मा को शान्ति प्रदान करने के लिए इटियाथोक खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी समेत उनके सुपुत्र जितेंद्र प्रकाश मौर्य, शिक्षकों एवं संभ्रांत लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उनके सुपुत्र व शिक्षक जितेंद्र प्रकाश मौर्य ने कहा कि पिता की कमी को पूर्ण नहीं किया जा सकता किंतु उनके दिखाए मार्ग पर चलकर क्षेत्र के बच्चां को पढ़ा लिखाकर आगे करने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षक अनुराग मिश्र ने कहा कि वर्षो पूर्व जब इटियाथोक कस्बे में कोई ढंग का विद्यालय नहीं था, तब उन्होंने कस्बे के विद्यालय को सुसज्जित कर क्षेत्र के बच्चां को बेहतर शिक्षा देने का सफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मौर्य उन दिनों अपनी सख्ती के लिए विद्यार्थियां के बीच काफी प्रसिद्ध थे। यही वजह है कि आज उनके विद्यालय के अनेक विद्यार्थी डाक्टर, शिक्षक, पुलिस व अन्य पदों पर रहकर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर देव प्रभाकर पांडेय, डॉ. अखिलेश शुक्ल, चंद्र प्रकाश वर्मा, डॉ. रामराज, पीडी मिश्र, राजेश पांडेय, विनोद कुमार तिवारी, राजेश कुमार तिवारी, रिंकू शुक्ला सहित दर्जनों लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

नीट में क्वालीफाई करने वाली बेटी सम्मानित

मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) में बेहतर परिणाम लाने वाली मेधावी बेटी परमीत कौर को कर्नलगंज के सिख समाज व चिकित्सकों की टीम ने सम्मानित किया है। मंगलवार को स्थानीय गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर के दौरान चिकित्सकों व सिख समाज के लोगों ने संयुक्त रूप से परमीत कौर को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। गांधी नगर निवासी वर्याम सिंह की बेटी परमीत कौर ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 720 में से 655 अंक लाकर सभी को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान सरदार हरजीत सिंह, सचिव जोगिंदर सिंह जानी, डॉ गौरव अग्रवाल, सरदार भूपेंद्र सिंह सलूजा, रमनदीप सिंह लवी, वर्याम सिंह, हरदेव सिंह, बाल गोपाल वैश्य, वीरेंद्र सिंह ज्ञानी, राकेश सिंह आदि उपस्थित रहे।

शादी के लिए युवती भगाई गई

परसपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी के लिए भगाई गई एक लड़की की मां द्वारा एक दबंग युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मां की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसकी तकरीबन 18 वर्षीय बेटी निरक्षर है। सप्ताह पूर्व एक युवक ने शादी रचाने की नीयत से उसकी बेटी को अगवा कर लिया है। इंस्पेक्टर समशेर बहादुर सिंह ने बताया कि थाना कर्नलगंज ग्राम गुरसड़ा निवासी अमन कुरील नामक व्यक्ति पर अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया बालिका को शीघ्र बरामद कर लिया जाएगा।

दिन दहाड़े बाइक चोरी, जांच में जुटी पुलिस

प्रदीप पांडेय
गोंडा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मडीह कला पंचायत के सदाशिव बाजार से एक व्यक्ति की बाइक दिन दहाडे चोरी हो गई। पीडित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार सोनी निवासी सदाशिव बाजार ने अपनी अपाची मोटर साइकिल उक्त बाजार स्थित अपने घर के सामने खड़ी कर रखा था। मंगलवार को कोई अज्ञात चोर दिन दहाड़े मोटर साइकिल लेकर फरार हो गया। चोरी की सूचना पीड़ित ने तहरीर के माध्यम से स्थानीय पुलिस को दी है। पीड़ित के शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, लिखा पढ़ी कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

सपा नेता पर धार्मिक भावना भड़काने की एफआइआर

मनकापुर थाने में भाजपा के मंडल महामंत्री दीपक मिश्रा की तहरीर पर सपा के निवर्तमान जिला महासचिव द्वारा ब्रह्मलीन जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं के आहत करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा नेता दीपक मिश्रा, आनंद सिंह, आशुतोष मिश्रा, अभिनव मिश्रा आदि का आरोप है कि सपा के अधिकारिक व्हाट्एप ग्रुप में सपा के निवर्तमान जिला महासचिव राजेश्वरी पटेल ने ब्रह्मलीन जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निधन पर अमर्यादित शब्दों में टिप्पणी है। इससे हिन्दू धर्म की भावनाएं आहत हुई है और हम लोगों में रोष व्याप्त है। कोतवाल मनोज कुमार राय ने बताया कि इस प्रकरण में धार्मिक भावनाओं को आहत करने, समाज में अशांति फैलाने के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

मोटर पम्प चुराने के आरोप में चार गिरफ्तार

उमरी बेगमगंज थाने की पुलिस ने खेतों से पंपिंग सेट तथा विद्युत मोटर पंप चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चुराए गए तीन मोटर पंप बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष मुकेश पांडेय ने बताया कि गश्त के दौरान डरोली चौराहे के समीप चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाए गए। जामा तलाशी के दौरान उनके पास से दो चाकू, एक आरी ब्लेड, एक प्लास, एक रिंच, एक नकब राड बरामद हुआ। इसके बाद जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उनके निशानदेही पर चुराए गए तीन मोटर पंप बरामद हुए। पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किए गए अभियुक्त हैदर अली पुत्र हाशिम अली निवासी बड़नापुर थाना उमरी, पप्पू गुप्ता पुत्र लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता निवासी बड़नापुर थाना उमरी, सौरभ शुक्ला पुत्र हवलदार शुक्ला निवासी बकियापुर थाना तरबगंज, देवी प्रसाद पुत्र माताफेर निवासी डिंगुरापुर ग्राम सभा बदलेपुर थाना उमरी को सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत जेल रवाना कर दिया है।

एनआरएलएम कर्मचारियों ने दिया धरना

मानदेय में निर्धारित इंक्रीमेंट नहीं मिलने से नाराज एनआरएलएम के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी विकास भवन पर प्रदर्शन कर अपनी मांगों को दोहराया और निस्तारण होने तक कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया। आउटसोर्सिंग कर्मचारी संगठन के बैनर तले एनआरएलएम कर्मचारियों ने कहा कि 19 सितम्बर तक इंतजार करने के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्टाफ को 12वीं शासी निकाय एवं 18वीं शासी निकाय में अनुमोदित मॉडल एचआर पालिसी का लाभ प्रदान किए जाने की मांग की जा रही है। सात प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्वि किए जाने, मंहगाई के अनुरूप इंक्रीमेंट किए जाने, मॉडल एचआर पालिसी के अनुसार सभी कर्मचारियों को लैपटाप आदि दिलाए जाने, जीवन बीमा व मेडिकल क्लेम दिलाए जाने, सभी कर्मचारियों को ईपीएफ का लाभ प्रदान किए जाने, कर्मचारियों के बेवजह स्थानान्तरण जल्द कराए जाने की मांग की गई। सभी कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग से हटाकर विभागीय संविदा पर किए जाने की मांग की गई। दूसरे मिशन से आए हुए दागी कर्मचारियों को हटाए जाने की मांग की गई। मानदेय बढ़ोत्तरी की मांग भी कर्मचारियों ने उठाया। विकास भवन स्थित मिशन कार्यालय के सामने कर्मचारी धरने पर बैठ गए। इस दौरान डीडीएम नीलाम्बुज श्रीवास्तव, अम्बिका चौधरी, सीमा आदि रही।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

उतरौला (बलरामपुर) के एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज के प्रांगण में माध्यमिक विद्यालयों का मंडल स्तरीय अंडर-19 वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बलरामपुर, गोंडा तथा बहराइच की टीमों ने प्रतिभाग किया।मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम व विशिष्ट अतिथि डॉ. चंदन पांडेय ने परिंदों को हवा में आजाद कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पहला मैच गोंडा एवं बहराइच के मध्य खेला गया, जिसमें गोंडा ने सीधे दो सेटों में बहराइच को हराकर मैच जीत लिया। फाइनल मुकाबला गोंडा और बलरामपुर के बीच खेला गया जिसमें गोंडा ने बलरामपुर को दो सेटों में पराजित कर ट्राफी अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता आयोजन में क्रीड़ा सचिव सईद अहमद, रामपाल यादव, अबुल काजिम खान, मदनलाल, नवीन पाल, अर्पण पांडे, मोहम्मद सोहेल, नसीम अहमद, पंकज पांडे, गौतम, भरत पांडे, सांगा तोमर, मोहिउद्दीन अहमद सिद्दीकी, अजय चौधरी, विजय आनंद सिंह, अब्दुरर्हमान सिद्दीकी, हसन कुरेशी एवं मधुसूदन चौबे का विशेष योगदान रहा। विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मोमेंटो व अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक प्रधानाचार्य हाशिम खान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोच, विद्यालय प्रबंधकों तथा अन्य आगंतुकों का आभार व्यक्त कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular