Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : आयुक्त ने टेढ़ी की भृकृटि, होगी FIR

Gonda Capsule : आयुक्त ने टेढ़ी की भृकृटि, होगी FIR

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने निर्माण कार्यों में धांधली पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कार्यदायी संस्था यूपी राज्य निर्माण इकाई गोंडा के अधिशासी अभियन्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के साथ सम्बन्धित अफसरों और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा भुगतान रोकने का निर्देश दिया है। बता दें कि आयुक्त ने बीते मंगलवार को अफसरों के साथ पंडरी कृपाल ब्लॉक में निर्माणाधीन लेखपाल ट्रेनिंग सेन्टर, ब्लॉक परिसर में आवासीय भवन और जेल परिसर में आवासीय भवन का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त को लेखपाल ट्रेनिंग सेन्टर का काम अधूरा और बंद मिला। पूछने पर सीएंडडीएस के सहायक अभियंता ने बताया कि यह परियोजना वर्ष 2007 में स्वीकृत हुई थी। इसकी लागत 3.52 करोड़ रुपये है। स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष बजट उपलब्ध न होने के कारण वर्ष 2013 से निर्माण कार्य बन्द हो गया है। इसका संशोधित इस्टीमेट शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान ट्रेनिंग सेंटर तक आने जाने के लिए रास्ते की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। इसी प्रकार जेल परिसर में निर्माणाधीन छह आवासों में पड़े बीम व लिंटर निरीक्षण के दौरान टेढ़ा और कई स्थानों पर टूटा मिला। इस पर उन्होंने सीडीओ और संयुक्त विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि सामग्री की गुणवत्ता की टीम गठित कर जांच कराएं। साथ ही कार्यदायी संस्था को ब्लैक लिस्टेड करते हुए लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाए।

शांति समिति की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को चेताया

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अधिकारियों को आगाह किया है कि वे दुर्गा पूजा तथा दहशरा त्यौहारों को उच्चतम गरिमा के अनुरूप सम्पन्न कराने के लिए बैठक में दिए गए निर्देशों का धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। त्यौहारों के दौरान शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वह गुरुवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में केन्द्रीय शांति समिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। डीएम ने कहा कि दुर्गा पूजा तथा दशहरा के दौरान पूजा पाण्डालों, मंदिरों तथा राम लीला स्थानों के आसपास साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था प्रमुख आवश्यकता होती है। सम्बंधित विभागों के अधिकारी इसे शीर्ष प्राथमिकता पर पूरा करें। डीएम ने कहा कि प्रशासन दुर्गा पूजन एवं दशहरा त्यौहारों के दौरान किसी गैर परम्परागत कार्य करने की अनुमति नहीं होगा। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किये हैं कि शहर में साफ-सफाई व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कर लें, ताकि त्यौहार में किसी प्रकार का व्यवधान न आने पाये। इसी प्रकार अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जनपद में विद्युत की सप्लाई सुचारू रूप से बनी रहे। एसपी अंकित मित्तल ने कहा कि आयोजक सुरक्षा प्रबंधों को चौकस रखने के लिए दुर्गा पाण्डालों के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा इस आशय की सूचना भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने जबरन चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि पूजा स्थलों पर वितरित होने वाले प्रसाद की जांच भी कराई जाय। विसर्जन के लिए मूर्तियां समय से समूह में ले जाई जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, पुलिस अधीक्षक शिवराज, सिटी मजिस्ट्रेट चन्द्र शेखर, एसडीएम गण विशाल कुमार, भारत भार्गव, सुशील कुमार, राजीव मोहन सक्सेना, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत जिले भर से आए शांति समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

25 तक बंटेगा निःशुल्क खाद्यान्न

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अक्टूबर माह में 12 से 25 तारीख के मध्य अन्त्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डो से सम्बद्ध यूनिटों पर प्रति यूनिट 05 किलो खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण किया जायेगा। आवश्यक वस्तुओं का निर्बाध रूप से वितरण प्रातः 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक होगा। यह जानकारी देते हुए गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं का वितरण निर्बाध रूप से सुनिश्चित कराने एवं व्यावर्तन व कालाबाजारी रोकने के लिए समस्त उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर विकास, राजस्व, बाल विकास तथा नगरीय निकाय विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी नोडल अधिकारी के रूप में लगायी गयी है। नामित सभी नोडल अधिकारीगण सम्बन्धित दुकान पर अपनी उपस्थिति में सम्बन्धित कार्डधारकों में खाद्यान्न का वितरण नियमानुसार कराना जाना सुनिश्चित करेगें। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता अथवा जन सामान्य को किसी विक्रेता के विरूद्ध किसी प्रकार की शिकायत हो, तो जिला पूर्ति कार्यालय अथवा सम्बन्धित तहसील के उप जिलाधिकारी के कार्यालय से सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी कोटेदार द्वारा खाद्यान्न वितरण के सम्बन्ध में घटतौली अथवा अनियमितता किये जाने की शिकायत प्रकाश में आती है, तो उसके विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

शरीर के अंगों में आंख महत्वपूर्ण-डा. धनंजय

स्वशासी मेडिकल कॉलेज गोंडा के प्रधानाचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने कहा है कि शरीर के अंगों में आंख का विशेष स्थान है। आंख अनमोल है, इसलिए इसकी देखरेख बहुत जरूरी है। बिना आंख के जीवन में अंधकार छा जाता है। वह गुरुवार को विश्व दृष्टि दिवस पर सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। नेत्र परीक्षण अधिकारी संघ ने कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम को सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोबिंद, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके श्रीवास्तव, डॉ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव सीतापुर नेत्र अस्पताल के डॉ. योगेश चंद्र श्रीवास्तव को संबोधित किया। नेत्र परीक्षण अधिकारी संघ के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, एके गोस्वामी च कमल श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान डीएन सिंह, सीएल गौतम, गोबिंद रावत, जय हिंद मौर्य, उमेश प्रताप, अखिलेश, राम खेलावन वर्मा, सौरभ सिंह, ओम प्रकाश, संजय आदि मौजूद रहे। सेमिनार के बाद अतिथियों व कार्यक्रम के आयोजक मंडल ने बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में जाकर मरीजों में फल का भी वितरण किया।

राजेन्द्र अध्यक्ष व चंद्र मणि बने महामंत्री

गोंडा बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी व चंद्रमणि तिवारी महामंत्री निर्वाचित घोषित किए गए। कल देर रात परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने जोश व उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल माला से स्वागत किया। चुनाव में कुल 37 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। शाम चार बजे तक मतदान खत्म होने के बाद देर रात तक मतगणना चली। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राम विलास मिश्रा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी ने रिकॉर्ड 701 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनिल सिंह को 392 मतों से हराया। वहीं, चंद्रमणि तिवारी ने 484 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार सिंह को 175 मतों से पराजित कर महामंत्री पद पर जीत दर्ज की। वरिष्ठतम उपाध्यक्ष पाटेश्वरी दत्त पाण्डेय 805 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आलोक कुमार सिन्हा को 223 मतों से पराजित किया।

चिलबिला खत्तीपुर में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

गोंडा जिले में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा चौक की तरफ से सेवा क्षेत्र के ग्राम चिलबिला खत्तीपुर में वित्तीय साक्षरता शिविर सह ग्राहक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को बैंक की जमा एवं ऋण योजनाओं सहित भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, फसल बीमा, अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। यह जानकारी देते हुए वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं वित्तीय लेनदेन सम्बंधित कार्यों हेतु जागरूक करना था। गोष्ठी में अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को नियमित रूप से खाता चलाने एवं ऋण का ससमय भुगतान करने पर होने वाले फायदे के बारे में बताया गया। साथ ही बैंक की एक मुश्त समाधान योजना एवं डिजिटल बैंकिंग को विस्तार से समझाते हुए बैंक की योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। लोगों को साइबर अपराध से बचाव हेतु भी जानकारी प्रदान की गयी। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल अग्रवाल, केके पाण्डेय, उदित कुमार झा, ब्रजेश दत्त पाण्डेय, राम नारायण पाठक, सौरभ, राम खेलावन, ननकू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूरे. के जीएम ने किया कटरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्र वीर रमण ने गुरुवार को रेलवे के अधिकारियों के साथ जिले के कटरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के समुचित प्रबंधन, स्टेशन के पुनर्विकास कार्य तथा यात्री सुविधाओं को आधुनिक करने को लेकर हो रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, शौचालय, वेटिंग रूम, रेलवे परिसर, स्टेशन भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कटरा रेलवे स्टेशन अयोध्या से बिल्कुल सटा हुआ है। भविष्य में इस स्टेशन का काफी महत्व होगा। इसलिए उन्होंने स्टेशन का उच्चीकरण करने, तीन प्रवेश द्वार तथा दिव्यांग शौचालय बनाने, सड़क के किनारे स्टेशन का बोर्ड लगाने व गेट बनवाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन के दीवाल पर लटक रहे बिजली के केबिल को देखकर नाराजगी जताई। बाद में वह अयोध्या रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशन पर अमृत स्टेशन के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए अयोध्या चले गए। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि इस मौके पर मुख्य परिचालन प्रबंधक संजय त्रिपाठी, प्रमुख इंजीनियर रंजन यादव, डीआरएम आदित्य कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक राघवेन्द्र कुमार, विशाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

500 विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी एबीवीपी

आगामी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्म दिन पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद करीब 500 विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी। गोंडा के परसपुर कस्बे में स्थित महाकवि तुलसीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री प्रखर मिश्र के नेतृत्व व जिला संयोजक मृदुल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित एक बैठक में कार्यकर्ताओं पर कार्यक्रम पर चर्चा कर रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। तहसील संयोजक मुकेश सोनी ने बताया कि इससे पूर्व 25 अक्टूबर को विकास खण्ड के अन्तर्गत आने वाले विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों के मध्य एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर नगर अध्यक्ष उमंग सिंह, मंत्री अजय तिवारी, कला मंच संयोजक वैष्णव सिंह, तुषार सिंह, आशीष मौर्या, रितेश राठौर, अंतरिक्ष सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

गोंडा तुलसीपुर के बीच चलेगी मेला स्पेशल

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए 15 से 30 अक्टूबर तक गोंडा-तुलसीपुर-गोंडा डेमू अनारक्षित नवरात्र मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसका संचलन 15 से 29 अक्टूबर तक गोंडा से तथा 16 से 30 अक्टूबर, 2023 तक तुलसीपुर से किया जायेगा। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के हवाले से हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि यह विशेष गाड़ी गोंडा से रात नौ बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान कर रात 11 बजकर 55 मिनट पर तुलसीपुर पहुँचेगी। वापसी में यह ट्रेन तुलसीपुर से तड़के 03.15 बजे प्रस्थान कर प्रातः 05 बजे गोंडा पहुँचेगी।

एसीएमओ ने किया आयुष्मान कैम्प का निरीक्षण

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत डेहरास व मोहना में आयुष्मान पखवाड़ा के तहत चल रहे आयुष्मान कैम्प का अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सीके वर्मा तथा डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशन मैनेजर शिवांशु मिश्रा ने कार्ड बनने की प्रगति का जायजा किया। एसीएमओ ने आयुष्मान कार्ड बनाने की गति में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र का आयुष्मान कार्ड बनने से रह न जाये। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर आरोग्य मित्र राज नरायन, पंचायत सहायक हेमा पाण्डेय, आँचल कुरील, सावित्री, नीरज, सुनीता पाण्डेय, अनीता पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

एक जहरखुरान गिरफ्तार

राजकीय रेलवे पुलिस गोंडा की टीम ने गुरुवार को मनकापुर रेलवे स्टेशन से चेकिंग अभियान के दौरान एक जहरखुरान को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा ने बताया कि अंबेडकर नगर जिले का निवासी बृजेश कुमार ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों से मेलजोल बढ़ाकर खाने-पीने की वस्तुओं में नशीली दवा मिलाकर उन्हें पिला देता था और जब यात्री बेहोश हो जाते, तो वह उनका सामान ज्वैलरी मोबाइल बैग आदि चुराकर अंजान यात्रियों को बेंच देता था। वह इसी उद्देश्य से मनकापुर रेलवे स्टेशन पर आया था। उसके पास से एक अदद सोने का मंगल सूत्र, दो जोडी पायल, एक अदद मोबाईल बरामद कर न्यायालय के सुपुर्द किया। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह, मुख्य आरक्षी संजय मद्धेशिया, विनय पांडेय, अजय कुमार षामिल रहे।

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित

गोंडा जिले के इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत कर्मडीह कला पंचायत के जूनियर हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को जिला अंधता निवारण समिति गोंडा द्वारा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर 74 मरीजों का परीक्षण किया गया। मौके पर आठ मरीजों को चश्मा वितरित किया गया और तीन मरीजों को दवाएं दी गईं। चिकित्सक ने 18 मरीजों को मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। शिविर में मौजूद रहे प्रधान प्रतिनिधि लल्लन तिवारी ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन डॉ. पीके श्रीवास्तव के यहां किया जाएगा। शुक्रवार को अस्पताल के वाहन से ऑपरेशन वाले मरीजों को ले जाएंगे।

24 रेल यात्री बिना टिकट पकड़े गए

गोंडा के प्लेटफार्म निरीक्षक केएल यादव तथा टीटीई एसके पटेल ने जंक्षन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे रेल यात्रियों से जुर्माना वसूला। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि गोंडा से बहराईच जा रही ट्रेन मे चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 24 यात्रियों से 6950 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

‘अपराजिता’ के तत्वाधान में वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित

कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन के निर्देशन में अपराजिता सामाजिक समिति के तत्वाधान में गुरुवार को गोंडा जिले के एक निजी महाविद्यालय में बाल विवाह, बाल यौन शोषण, बाल तस्करी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं बाल श्रम से मुक्त विषयों पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपराजिता समिति की टीम ने महाविद्यालय की छात्राओं को विषय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा बाल विवाह पर एक वाद विवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें लगभग 100 छात्राओें ने प्रतिभाग किया। 75 प्रतिशत छात्राओं ने विपक्ष में तथा 25 प्रतिशत छात्राओं ने पक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्षा डा. सीमा श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा. नीलम छाबड़ा, डा. हरप्रीत कौर, डा. मौसमी सिंह, डा. नीतू सिंह, डा. आशू त्रिपाठी, डा. साधना गुप्ता, गीता श्रीवास्तव, किरन पाण्डेय, डा. कुमकुम आदि उपस्थित रहे। इससे पूर्व बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज में समिति द्वारा भुवन ऋभु की किताब ’व्हेन चिल्ड्रेन हैव चिल्ड्रेन : टिपिंग प्वाइंट टू एंड चाइल्ड मैरेज’ का लोकार्पण किया गया। प्रख्यात बाल अधिकार कार्यकर्ता और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा की लड़ाई लड़ने वाले सुप्रीम कोर्ट के प्रखर अधिवक्ता भुवन ऋभु द्वारा लिखित यह पुस्तक बाल विवाह से सबसे ज्यादा प्रभावित देष के 300 से ज्यादा जिलों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बेहद अहम दस्तावेज है। इस मौके पर अपर जिला जज नितिन श्रीवास्तव, सीएमओ डा. रश्मि वर्मा, डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर संतोष कुमार सोनी, प्रोग्राम मैनेजर अर्पिता सिंह, परियोजना समन्यवक विकास जायसवाल, शोभित तिवारी, अत्रेय त्रिपाठी, अवंतिका शुक्ला, नंदनी, नमन, रमाकांत आदि मौजूद रहे।

‘मेरी माटी मेरा देश’ के तहत विविध आयोजन

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अन्तर्गत गुरुवार को गोंडा जिले के विभिन्न विकास खण्डों में अनेक प्रकार के आयोजन किए गए। परसपुर से हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा व क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में नगर में एक शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें कलश में मिट्टी लेकर विकास खण्ड स्थित शहीद स्मारक पर कलश रख वंदन किया गया। विधायक अजय सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांव के एक सामान्य व्यक्ति को भी देश की माटी का महत्व बताते हुए उसे अपनी मातृभूमि से जोड़ना है। इसका उद्देश्य उन स्वतन्त्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि भी देना है, जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बासुदेव सिंह, खंड विकास अधिकारी जेएन राय, सीएचसी अधीक्षक डॉ लवकेश शुक्ला, प्रभारी एडीओ पंचायत सत्येन्द्र सिंह, एडीओ एजी डॉ अनूप सिंह चौहान, राकेश गुप्ता, सूरज सिंह, संदीप सिंह, टीके सिंह, कुँवर बहादुर सिंह, डॉ एसपी सिंह, नितिन राठौर, प्रदीप तिवारी, बृजेश, अजीत, धर्मराज, योगेश, सतीश, पिंकू, राकेश सहित ब्लॉक के सभी कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पंचायत सहायक आदि उपस्थित रहे। कटरा बाजार से हमारे सहयोगी अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्रीय सांसद बृजभूषण शरण सिंह व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ल के नेतृत्व में क्षेत्र में एक शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में कलश में मिट्टी लेकर विकास खण्ड स्थित शहीद स्मारक पर कलश रख उन्हें वंदन करते हुए सांसद ने यात्रा के उद्देष्य पर प्रकाष डाला। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह व सुनील सिंह, जसवंत लाल सोनकर, राम सभा तिवारी, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, सत्यजीत पांडेय, सरवन तिवारी, मोहित द्विवेदी, उमापति त्रिपाठी, भूप सिंह, अंकित, बप्पन चौबे आदि उपस्थित रहे।

दिवंगत शिक्षक के परिजनों से मिले साथी

टीचर्स सेल्फ केअर टीम के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद आर्य के निर्देश पर गोंडा के जिला संयोजक रणजीत सिंह के नेतृत्व में दिवंगत शिक्षक राकेश कुमार चतुर्वेदी के घर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात किया तथा पिता एसएन चतुर्वेदी एवं पत्नी पूनम द्विवेदी को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। जिला सह संयोजक जगदम्बा प्रसाद ने बताया कि आगामी 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्र में संगठन दिवंगत शिक्षक परिवार के सहयोग के लिए अभियान चलाएंगे। इस मौके पर संरक्षक श्रीपाल सिंह, रमापति पांडेय, सतीश कर्दम, काली प्रसाद वर्मा, अरविंद सिंह, अनिल चौरसिया, अखिलेश शुक्ल, अवधेश त्रिपाठी, अरविंद विमल, आशुतोष गिरी, बृजेश पाण्डेय, दीपक कश्यप, देवेश रंजन आदि उपस्थित रहे।

कुएं में मिला मंद बुद्धि व्यक्ति का शव

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गनवरिया के मजरा शाहपुर के पास एक व्यक्ति का शव कुएं में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की षिनाख्त दिखलौल ग्राम पंचायत के मर्दनपुरवा निवासी हरीराम वर्मा के रूप में हुई है। आशंका कि सडक किनारे बने कुएं में अचानक उनका पैर फिसल गया और इसमें डूबकर उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने हमारे सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि वह मंदबुद्धि का व्यक्ति था, जो इधर उधर घूमता रहता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular