Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : आयुक्त ने झाड़ू लगाकर किया श्रमदान

Gonda Capsule : आयुक्त ने झाड़ू लगाकर किया श्रमदान

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। देवीपाटन मण्डल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने रविवार को श्रावस्ती में झाडू लगाकर एक घण्टे श्रमदान कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही जीवन का मूल आधार है। किसी भी समाज के लिए स्वच्छता सामाजिक रूप से भी आवश्यक है और स्वास्थ्य के लिए भी। इसलिए साफ-सफाई अपनाकर ही बीमारियों से बचा जा सकता है। श्रावस्ती की जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिले के सभी अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई की जायेगी।

स्वच्छता प्लाग रन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

गोंडा जनपद की नोडल अधिकारी कंचन वर्मा तथा जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने रविवार को गुरु नानक चौराहे हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता प्लाग रन की शुरुआत की। गांधी पार्क पहुंचकर उन्होंने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण करके श्रमदान किया। नोडल अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने स्वच्छता सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी ली। टाउन हॉल में स्वच्छता पर आधारित एक कार्यक्रम का भी आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि इंदौर शहर की स्वच्छता की तर्ज पर गोण्डा में भी स्वच्छता अभियान चलाने की जरुरत है। हम सभी को स्वच्छता में गोण्डा को देश के टॉप स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनानी है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी एम.अरुन्मोली, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, उप निदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, प्रो. रवीन्द्र कुमार पांडेय, डॉ आरबी सिंह बघेल, डॉ ओंकार पाठक, डॉ रेखा शर्मा, नितेश कुमार राठौर आदि उपस्थित रहे।

डीआईजी कार्यालय में चला सफाई अभियान

देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्यालय के समस्त अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा ’एक तारीख, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता कार्यक्रम के तहत कार्यालय परिसर व परिसर के बाहर साफ-सफाई की गई। डीआईजी ने पुलिस कर्मियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आम जनमानस के अपने कुछ कर्तव्य हैं, उनमें से एक अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना भी है। इसके लिए हमें अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। साथ ही हमें अपने आसपास भी गंदगी को किसी भी हालत में नहीं होने देना है। इसके लिए हमें निरंतर छोट-छोटे प्रयास करते रहना चाहिए। राष्ट्र पिता महात्मा गांधी ने जीवन भर स्वच्छता पर जोर दिया था और एक स्वच्छ भारत का सपना देखा था जिसे साकार करने के लिए भारत में जगह-जगह एक अक्टूबर को महात्मा गाँधी जयन्ती के उपलक्ष्य में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पीआरओ प्रशांत मिश्रा, पेशकार जयप्रकाश सिंह, गोपनीय सहायक मुजाहिद उस्मानी, उपनिरीक्षक अमित कनौजिया, मीडिया सेल कर्मी अजय प्रताप सिंह, नित्यानंद तिवारी सहित समस्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

आओ, अपनी प्रतिभा दिखाओ और नौकरी पाओ…

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLScQq0qO3dAB93bn-Jq6HAWxmhwBtHBiwiCeL7ResBr93E2ZgA/viewform

डीएम ने किया जलभराव क्षेत्र का निरीक्षण

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने रविवार को पोर्टरगंज गोंडा-लखनऊ राज्य मार्ग पर हो रहे जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जलभराव वाले स्थान पर जल निकासी हेतु तत्काल कार्य योजना तैयार करके अवगत करायें। उन्होंने कहा है कि रोड के किनारे जितनी दूरी में जलभराव हो रहा है, वहां तक के लिए निकासी हेतु एक नाली का निर्माण कराया जाय, ताकि जलभराव वाले स्थानों को मुक्त किया जाय। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट चन्द्र शेखर, तहसीलदार सदर सत्यपाल सिंह, एई भूगर्भ जल विभाग, क्षेत्रीय लेखपाल तथा ग्राम प्रधान सहित सभी अधिकारीगण व लोग उपस्थित रहे।

वृद्धों का किया गया सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम में शरणार्थी वृद्धजनों का सम्मान समारोह आयोजित कर 84 महिला व पुरुष बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। वृद्धाश्रम के संचालक राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव व जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने आश्रम में रह रहे ख्यातिलब्ध जादूगर जगदीश भारती और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रश्मि वर्मा ने वयोवृद्ध महिला माधुरी मिश्रा को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान सेंट जेवियर्स कॉलेज के शिक्षक व शिक्षिकाओं के मीठे भजनों से बुजुर्गों के उदास चेहरों पर मुस्कान आ गयी। आश्रम में स्वास्थ विभाग द्वारा मेडिकल कैंप लगाकर नेत्र चिकित्सक कमल श्रीवास्तव द्वारा नेत्र परीक्षण करके निःशुल्क चश्मा भी वितरित किया गया। इस मौके पर अंकुर गर्ग, ओपी मिश्र, नाथूराम यादव, केबी सिंह, संदीप मेहरोत्रा, ओंकार पाठक, पूनम श्रीवास्तव, शमा परवीन, डा.परविंदर सिंधु, हरी लालवानी, प्रत्यूष राज, अर्चना सिंह, डा.फर्रुख सगीर, योगेश सिंह, संतोष सिंह, पूनम सिंह आदि उपस्थित रहे। इस बीच तहसील सदर के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने इस अवसर पर वृद्ध मतदाताओं को सम्मानित किया।

एडीजी ने किया 59 पुलिस निरीक्षकों का तबादला

जिले में अपनी तैनाती के तीन साल पूरा कर चुके गोरखपुर जोन के 59 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इस तबादले में गोंडा जिले की महिला थाना प्रभारी समेत कोतवाली देहात, कर्नलगंज, कटरा बाजार, उमरी बेगमगंज, छपिया व इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक भी शामिल हैं। यहां के 18 इंस्पेक्टर दूसरे जिलों में भेजे गए हैं, जबकि बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती में तैनात 20 इंस्पेक्टरों को गोंडा में तैनाती मिली है।

पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट

गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने दरवाजे पर आकर सलीम पुत्र ननके को अपशब्द कहते हुए मोबाइल तोड़ दिया। विरोध करने पर ग्रामीण को मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी। सलीम की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार

गोंडा शहर के स्टेशन रोड पर दुर्गा मंदिर के पास शनिवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। परिणाम स्वरूप कार सवार लोग चोटिल हो गए। बडगांव चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दोनों वाहनों के स्वामी एक दूसरे के जान-पहचान के निकले और आपस में सुलह समझौता हो गया है।

कालेज में चला स्वच्छता अभियान

गोंडा जिले के परसपुर नगर पंचायत स्थित तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में रविवार को स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत एनसीसी कैडेटां द्वारा विद्यालय परिसर में साफ सफाई कर श्रमदान किया गया। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय को एएनओ नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रांगण से परसपुर चौराहे तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इस अवसर पर एनसीसी के प्रशासनिक प्रभारी, भरत सिंह, राजेश प्रताप सिंह, संजय सिंह, दिनेश सिंह, विनय कुमार शुक्ला, अनिल वर्मा, राकेश कुमार सिंह व एनसीसी कैडेट सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहीं।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

गोंडा जंक्शन पर क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में मुख्य अतिथि पंकज कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार, मंडल वाणिज्य निरीक्षक सुनील मिश्र, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ एनपी सिंह, मुख्य चल टिकट निरीक्षक लालजी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक जेके शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक इशरत फातिमा, प्लेटफार्म निरीक्षक केएल यादव, वेंडर्स, कुलियों, सफाई श्रमिकों व रेल कर्मियों तथा यात्रियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गयी।

विद्युत आपूर्ति में व्यवधान

गोंडा जिला मुख्यालय स्थित 220 केवी उपकेंद्र से पोषित खरगू चांदपुर फीडर पर शनिवार शाम हल्की हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि शाम को बिजली कटने के बाद दो बार कुछ सेकेंड के लिए आई उसके बाद दोपहर तक आपूर्ति में सुधार नहीं हो सका। जय प्रकाश ओझा ने बताया कि बिजली की दुश्वारियों से गांव के लोग बहुत परेशानी का सामना कर रहे हैं। बिजली की ट्रिपिंग, तार टूट जाने की समस्या बनी रहती है। बिजली विभाग के अभियंता ने फोन पर बताया कि बनवरिया गांव के पास फाल्ट होने की सूचना मिली है। सुधारने के लिए कर्मी भेजे गए हैं।

स्वच्छ पेजजल के बारे में किया गया जागरूक

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड में लोगों को स्वच्छ पेजजल के बारे में जागरूक किया गया। प्रशिक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि परसपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरथरी, लोहंगपुर, हरदिहा सपौर में इंफोटेक साल्यूसन नोएडा की टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगां को स्वच्छ पेयजल व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि नल के पास पानी, मानव मल मूत्र, अन्य प्रदूषण, जानवर आदि इकट्ठा न हां, नल के पास नहाना, कपड़ा या बर्तन धोना बंद करें। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर टीम कॉर्डिनेटर अफजल खान, अटल कुमार तिवारी, शिवम, ग्राम प्रधान ज्योति मिश्रा, आशा गुड़िया, अवशेष गुप्ता, राज कुमार पाठक, गौरी शंकर शुक्ला, उषा, गुणवती शुक्ला आदि मौजूद रहे।

रविवार को बंद रहे अनेक विद्यालय

गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के अनेक परिषदीय विद्यालयों में रविवार को छात्रों की प्रभात फेरी व श्रमदान का निर्देश होने के बावजूद ज्यादातर स्कूलों में ताले लटकते मिले। हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि चौखड़िया खास स्थित प्राथमिक विद्यालय, तुलसीपुर माझा के मजरे डाली पुरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय व दत्तनगर डीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में ताला लटकता मिला। इसी प्रकार होलापुर काजी, होलापुर तालिब, कंपोजिट विद्यालय बल्लीपुर सानी में भी गेट पर ताला लगा मिला।

जन आरोग्य मेला आयोजित

गोंडा जिले के परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौरीगंज, तिवारीपुरवा व त्यौरासी में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में भौरीगंज पर आठ, तिवारी बाजार पर 23 व त्यौरासी पर 192 मरीजों का इलाज किया गया। हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने आयुष चिकित्सक ओपी गुप्ता के हवाले से बताया कि ज्यादातर मरीज सर्दी जुकाम व स्किन बीमारियों से पीड़ित थे। इस अवसर पर डॉ दीपक कुमार, डॉ रविन्द्र नाथ, धर्मेंद्र शुक्ला, आलम खान, अभिनव विसेन सुमन, उर्मिला, अनूप सिंह, दीनानाथ, नीता देवी आदि उपस्थित रहीं।

विधायक ने लगाई चौपाल, सुनी जन शिकायतें

गोंडा जिले के नवाबगंज में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत क्षेत्र के दूधनाथ मंदिर पर मनकापुर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ सत्येन्द्र सिंह ने श्रमदान किया। उन्होंने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर और साफ-सफाई कर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर जनार्दन तिवारी, चंदन श्रीवास्तव, राहुल तिवारी, राजेन्द्र तिवारी, रवि श्रीवास्तव और नगरपालिका के तमाम कर्मचारी मौजूद रहे। थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय की अगुआई में पुलिस कर्मियों ने स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम में भाग लिया। पुलिस कर्मियों ने परिसर, कार्यालय और आवास में सामूहिक रूप से साफ-सफाई की। इस दौरान आरक्षी अमित सिंह, मनोज सिंह, रविकेश आदि मौजूद रहे।

अश्लील हरकत के साथ बढ़ी दुष्कर्म की धारा

गोंडा जिले वजीरगंज थानांतर्गत निजी विद्यालय में पढ़ रही 9 वर्षीय बच्ची के साथ विद्यालय वाहन चालक के अश्लील हरकत करने के आरोप पर दर्ज मामले में न्यायालय के आदेश पर दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गई हैं। बीते 20 सितंबर को पीड़ित बच्ची के पिता ने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा कराया था। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी नौ वर्षीय बच्ची पूरे डाढू स्थित निजी विद्यालय में विद्यालय के वाहन से पढ़ने जाती थी। आरोप है कि विद्यालय का वाहन चालक शिव बहादुर ओझा निवासी ओझा पुरवा चंदापुर विद्यालय आते जाते समय बच्ची के साथ अश्लील हरकत करता था। पीड़ित बच्ची के पिता ने आरोपी के विरुद्ध छेड़खानी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया था। पीड़िता के 164 के बयान के आधार पर न्यायालय ने दुष्कर्म की विभिन्न धाराएं बढ़ाने के आदेश के बाद पुलिस ने धारा तरमीम कर जांच शुरू कर दी। हमारे सहयोगी विजय शुक्ल ने थानाध्यक्ष अभय सिंह के हवाले से बताया कि न्यायालय के आदेश पर धाराओं को तरमीम कर विवेचना की जा रही है। आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

Gonda Capsule : आयुक्त ने झाड़ू लगाकर किया श्रमदान
RELATED ARTICLES

Most Popular