Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : अवैध खनन पर डीएम सख्त

Gonda Capsule : अवैध खनन पर डीएम सख्त

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जनपद में साधारण बालू व मिट्टी के अवैध खनन व भंडारण को रोकने के लिए सभी एसडीएम व सीओ को तहसील स्तरीय टास्क फोर्स के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में साधारण बालू और मिट्टी व खनन के लिए विभाग द्वारा लाइसेंस निर्गत किए गए हैं। इसलिये जहां भी साधारण बालू या मिट्टी का अवैध खनन होगा वहां तहसील स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा सम्बन्धित व्यक्ति व संस्था के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।

25 वारंटी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के निर्देश पर गोंडा पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कटरा बाजार थाने की पुलिस ने 06, इटियाथोक व धानेपुर की पुलिस ने 03-03, थाना कोतवाली नगर, खोंडारे, मोतीगंज, उमरी, कौड़िया व कर्नलंगज थानों की पुलिस ने 02-02, थाना नवाबगंज की पुलिस ने 01 वांरटी को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।

सड़क पर जलभराव, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

गोंडा जिले के रुपईडीह विकास खण्ड के ग्राम पंचायत कोंचवा गडरियन पुरवा में जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोक निर्माण विभाग की सड़क पर जलभराव रहता है। परिणाम स्वरूप पकड़ी मारुडीह, बिछुड़ी, कौड़िया बाजार, बेलवा भान, भैरमपुर, कालूपुरवा, तेलियाकोट, इमलिया, गुदगुदियापुर सहित एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा द्वारा गांव में लगाए गए चौपाल में ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की थी, परंतु करीब एक माह बीत जाने के बाद भी आज तक जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन करते हुए जल निकासी की व्यवस्था कराने जाने की मांग की। हमारे आर्यनगर सहयोगी आनंद पाण्डेय के अनुसार, रविवार को मोहम्मद जीमल, जफर अली, वाहिद, शहजाद, मुमताज, मोहम्मद शमी, सलीम, मुस्लिम आदि ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विभागीय अधिकारियों से जल निकासी की व्यवस्था कराने की जाने की मांग की है।

रक्तदान शिविर का आयोजन

गोंडा जिले के एससीपीएम कालेज के ब्लड बैंक में मारवाड़ी युवा मंच द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह व सीओ सिटी विनय कुमार सिंह समेत मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने रक्तदान कर आम जन को रक्तदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मानवता के हित में काम करने और रक्तदान में भाग लेने की अपील की गई। इस आयोजन में कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के आयोजन में मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों सहित अन्य सहयोगी लोगों की सराहनीय भूमिका रही। इस मौके पर संस्था के चेयरमैन डा. ओएन पाण्डेय समेत अनेक विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे।

दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार

गोंडा जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने रविवार को दहेज हत्या के वांछित अभियुक्त पिंकू तिवारी निवासी ग्राम भुड़कुड़ी को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। आरोप के अनुसार, अभियुक्त ने परिजनों के साथ मिलकर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या कर दी थी। इस सम्बंध में विजय कुमार दूबे निवासी बौनापुर द्वारा स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि अभियुक्त को आज गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।

चोरी की मोटर साइकिल के साथ दो गिरफ्तार

गोंडा जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 02 सदस्यों को गिरफ्ताऱ करके उनके पास से चोरी की 02 अदद मोटर साईकिल बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन निरीक्षक अनिरुद्ध यादव ने मो. आरिफ पुत्र साकिर उल्ला तथा वसीम उर्फ लप्पड़ पुत्र मुस्तकीम निवासी गण बिरहमतपुर खास थाना वजीरगंज को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 अदद मोटर साईकिल व जामा तलाशी के दौरान वसीम के कब्जे से 25,000 रुपये नकद बरामद किया गया। हमारे वजीरगंज सहयोगी प्रदीप गुप्ता के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर भिन्न-भिन्न स्थानों से मोटर साईकिलों को चोरी करते थे तथा उनकी विक्री कर अनुचित लाभ कमाते थे।

आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित

गोंडा जिले के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सदाशिव, जानकीनगर, बाबागंज और तकिया मनोहर जोत में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आने वाले मरीजों को सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श समेत विभिन्न प्रकार के जांच की सुविधा मुहैया कराई गई तथा संचारी रोगों की जानकारी देकर बचाव के उपाय बताए गए। आगन्तुकों को इन दिनों क्षेत्र में फैली आंख की बीमारी की जानकारी देकर बचाव के टिप्स दिए गए। हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पाण्डेय के अनुसार, आरसीएच आपरेटर गुंजन सिंह ने बताया कि सभी केन्द्रों पर 160 मरीजों का उपचार किया गया। सदाशिव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट अनिल मिश्रा ने बताया कि यहां डाक्टर दीक्षा सिंह ने 55 मरीजां का उपचार किया। उन्होंने बताया कि केन्द्र पर आने वाले लोगों के त्वचा की जांच, पोषण व एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ व टीबी नियंत्रण की जानकारी देते हुए मलेरिया की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी

जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने रविवार को थाना कोतवाली नगर के ग्राम मजरेठिया तथा कोतवाली देहात के ग्राम गुलरिहा में दबिश देकर 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया। आबकारी निरीक्षक वंदना केसरवानी ने बताया कि छापे के दौरान एक अवैध भट्ठी एवं 200 किलो लहन मौके पर नष्ट किया गया। आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत 02 अभियोग पंजीकृत किये गये।

एआरटीओ की नागरिकों से अपील

निजी वाहनों का व्यावसायिक तौर इस्तेमाल किए जाने पर परिवहन विभाग सख्त हो गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन बबिता वर्मा ने आम नागरिकों से ऐसे वाहनों के बारे में विभाग को सूचना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सूचना विभाग के हेल्पलाइन 1800-1800-151 पर दे सकते हैं। सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बिना कार्य कराए निकाल लिए लाखों रुपए

जिले के रुपईडीह विकास खंड के ग्राम पंचायत महादेवा कला में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। शिकायतकर्ता संजय पाल आदि ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि ग्राम प्रधान और सचिव ने बिना कार्य कराए ही फर्जी ढंग से पैसा निकालकर खर्च कर लिया है तथा विकास कार्य नहीं कराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव में आमीन के घर से उमर के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य के लिए एक लाख 71 हजार रुपए की निकासी की गई है, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया है। यही स्थिति विभिन्न स्थलों पर रोड़ा डालने के उद्देश्य से रुपए निकालने में की गई है। ग्राम पंचायत में इंडिया मार्का हैंडपंप के रिबोर के लिए सरकारी धनराशि का आहरण किया गया है, लेकिन रिबोर का कार्य नहीं कराया गया। ह्यूम पाइप खरीद के नाम पर दो लाख रुपए आहरित किए जाने का आरोप है। जबकि उक्त पाइप ग्राम सभा में कहीं लगा ही नहीं है। शिकायतकर्ता ने डीएम से प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की है।

21 को निरस्त रहेगी विशेष ट्रेन

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों से 21 अगस्त को नई दिल्ली से चलने वाली 02570 नई दिल्ली-दरभंगा विशेष गाड़ी का संचलन निरस्त कर दिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है।

एनसीसी प्रवेश परीक्षा सोमवार को

महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में सोमवार को सुबह 7ः30 बजे से एनसीसी 48 बटालियन की ओर से जूनियर डिवीजन की भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि सुभाष इंटर कॉलेज उमरी बेगमगंज के छात्र-छात्राओं की भर्ती परीक्षा का आयोजन भी इसी ग्राउंड पर कमांड कार्यालय के अधिकारियों की देखरेख होगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

युवक पर जानलेवा हमला

वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदापुर में हुए एक भूमि विवाद में संतोष यादव नामक युवक को लोहे के राड से हमला कर मरणासन्न कर दिया गया। युवक की पत्नी शीला के तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शीला ने कहा कि गांव के अनिरुद्ध यादव, मीरा तथा ओम प्रकाश ने उसके पति को भूमि विवाद को लेकर पिटाई कर दी थी। इससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया

गोंडा के ददुआ बाजार स्थित श्रीश्याम मंदिर में शनिवार देर शाम महिला मंडल द्वारा हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया। छोटे बच्चों आराध्या गर्ग, अनिका, आरना अग्रवाल, कीर्ति सोमानी, रमा मित्तल आदि ने हरियाली तीज और राधा कृष्ण के भजनों पर नृत्य किया। इस मौके पर हरियाली तीज पर आधारित प्रश्नोत्तरी में शामिल महिलाओं व बच्चों को महिला मंडल द्वारा पुरस्कृत किया गया। 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के मध्य तीज क्वीन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सरिता नेवटिया, नुपुर मोदी, गुंजन मोदी, सरोज नेवटिया, गुंजन शाह, ज्योति तुलस्यान, संगीता अग्रवाल, प्रीति तुलस्यान और सुनीता खेतान ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मण्डल की सदस्यों सीमा अग्रवाल, मालिनी मोदी, सरोज अग्रवाल ने सरिता नेवटिया, नुपूर मोदी व गुंजन मोदी को तीज क्वीन का खिताब दिया गया। इस मौके पर महिला मंडल की अध्यक्ष सरोज अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, पूनम मित्तल, प्रीति अग्रवाल, नीतू गर्ग, नीलम जैन, सरोज गर्ग, पुष्पा सोमानी, संतोष अग्रवाल, मीना अग्रवाल, अनीता अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।

रोजगार सेवकों को मिली नई तैनाती

गोंडा जिले में नवसृजित नगर पंचायत तरबगंज, बेलसर ओर धानेपुर के साथ नगर पंचायत कटरा बाजार व कर्नलगंज नगर पालिका में शामिल की गई ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों को उपायुक्त श्रम एवं रोजगार के निर्देश पर रिक्त ग्राम पंचायतों में तैनात किया गया है। तरबगंज नगर पंचायत में पांच, बेलसर नगर पंचायत में छह, धानेपुर नगर पंचायत में चार, कटरा बाजार में चार तथा कर्नलगंज नगर पालिका में तीन ग्राम पंचायतें शामिल हुई थीं। इन ग्राम पंचायतों में 19 रोजगार सेवक तैनात थे। कर्नलगंज, मुजेहना और तरबगंज की एक-एक पंचायतें पहले से ही रिक्त चल रही रही थीं। उपायुक्त श्रम एवं रोजगार जनार्दन प्रसाद यादव के आदेश पर सभी को नई तैनाती दी गई है।

उद्योग व्यापार मण्डल का गठन

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल का नए सिरे से गठन किया गया है। भूपेन्द्र आर्य को संगठन का जिलाध्यक्ष तथा शिव कुमार सोनी को महामंत्री बनाया गया है। प्रांतीय मंत्री व मण्डल प्रभारी जगदीश रायतानी ने बताया कि हामिद अली राईनी को जिला प्रभारी, नवाबगंज के जिन्दर सिंह, बालपुर के मो. सईद व कर्नलगंज के प्रीतपाल सिंह को जिला उपाध्यक्ष, महेन्द्र जैन को मेहनौन तथा उदय गुप्ता को कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। नगर कमेटी में अतीक अहमद मीनाई का नगर प्रभारी, राजेन्द्र सिंह को नगर अध्यक्ष, प्रिंस चौरसिया को नगर महामंत्री व दिलीप अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा शाखा में मुकेश धनकानी को जिलाध्यक्ष, रमेश कुमार सोनी को जिला महामंत्री, रिशभ अग्रवाल को नगर अध्यक्ष तथा बरदान मल्होत्रा को नगर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधेड़ की तालाब में डूबकर मौत

गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार तड़के तालाब में डूब कर अधेड़ की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरचंदपुर के बनघुसरा निवासी राम सुरेश पांडेय (55) रविवार की भोर घर से शौच के लिए गए थे। काफी समय तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो घर से दक्षिण लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर तालाब के किनारे उनका लाठी व टॉर्च पाया गया। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में छानबीन किया तो उनका शव पाया गया।

चार ससुराली जनों के खिलाफ मुकदमा

धानेपुर थाना क्षेत्र के गेवार जोत निवासी मन्त्रा देवी ने अपने पति, सास, ससुर सहित चार लोगों पर मारपीट कर घर से भगाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के अनुसार, उसके ससुराली जनों ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। स्थानीय पुलिस ने महिला का डाक्टरी परीक्षण करवाकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके पति मलखान यादव, सास फूला देवी, ससुर शेषराम यादव व राहुल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

जयंती पर याद किए गए पूर्व प्रधानमंत्री

देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती पर रविवार को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मेहनौन विधानसभा के दुल्हापुर बनकट ग्राम पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम में दिलीप शुक्ला, राम प्रसाद मौर्या, शुक्ला प्रसाद शुक्ला और धर्मराज सिंह आदि ने गरीब बच्चों को कॉपी पेंसिल तथा मिष्ठान वितरित किया। दिलीप शुक्ला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी देश की एकता और अखंडता के पक्षधर थे। देश की प्रगति के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वह देश में दूरसंचार क्रांति के जनक थे। उन्होंने देश में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया। उन्हांने ही 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार दिया था। इस अवसर पर बालक राम, पवन कुमार, संगीता, कृष्णावती, नीलम, सुमन, चिंताराम, भगेलू, निर्गुण, नक्षत्र बाबू, योगेश, जय राम, सहदेव, गुड्डू, सतीश आदि अनेक लोग मौजूद रहे।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular