जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण ने गोंडा जिले में अवैध रेत खनन, ओवर लोडेड ट्रकों को अवैध रूप से चलवाने की शिकायतों की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। पर्यावरण एवं वन मंत्रालय, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा जिलाधिकारी गोंडा की संयुक्त जांच समिति कथित अवैध खनन और ओवर लोडेड ट्रकों के माध्यम से अवैध परिवहन के कारण पर्यावरणीय क्षति की जांच करेगी। समिति को सात नवंबर तक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया है। एनजीटी ने निर्देश दिया है कि कमेटी एक हफ्ते के भीतर जहां अवैध खनन हो रहा है, उस जगह का दौरा करके स्थलीय जांच करेगी। एनजीटी से शिकायत की गई थी कि गोंडा में अवैध रेत खनन, ओवरलोडेड ट्रकों के चलने से परिवहन, पर्यावरण, सड़क, पुल को नुकसान पहुंच रहा है। इसके बाद एक्शन में आई एनजीटी ने यह कार्रवाई की। शिकायत में कहा गया है कि तीन गांवों में अवैध खनन हो रहा है। यहां से निकाले जा रहे खनिज अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा कनेक्टिंग रोड, पुल आदि को भी नुकसान हुआ है।
इस बीच गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि जिले के तरबगंज तहसील में घाघरा व सरयू नदियों के तटवर्ती इलाकों में राजा राम नामक एक व्यक्ति द्वारा अवैध खनन की शिकायत राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) से की गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए एनजीटी ने जांच के लिए एक समिति का गठन किया है, जिसमें मुझे भी सदस्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ मामले की जांच करेंगे। शिकायत कर्ता को भी सुनेंगे तथा मौके का भी निरीक्षण करके गहनता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत में कई लोगों को नामजद किया गया है, किन्तु उन्होंने यह कहते हुए कोई नाम सार्वजनिक करने से इंकार किया कि मुझे अभी आधिकारिक रूप से आदेश की मूल प्रति प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि गोंडा जिले में काफी समय से अवैध खनन का प्रकरण चल रहा है। वर्ष 2017 में भी एनजीटी ने कार्रवाई करते हुए एक प्रकरण में भारी जुर्माना लगाया था किन्तु मामले की प्रभावी पैरवी न किए जाने के कारण इस पर स्थगनादेश मिल गया था। मेरे द्वारा इस प्रकरण को भी गंभीरता से लेते हुए दुबारा प्रभावी कार्रवाई शुरू कराई गई है। लचर कार्यप्रणाली के कारण पिछले दिनों गोंडा के खनन निरीक्षक को शासन ने निलम्बित भी कर दिया है।
बताते चलें कि तरबगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकरसूल में बड़े पैमाने पर किए गए अवैध बालू खनन के मामले में वर्ष 2018 में एनजीटी ने हाफिज अली बंधुओं समेत 32 आरोपियों पर 212 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। बाद में खनन के आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट से वसूली पर स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया था। उधर, कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मेरा अवैध खनन से दूर-दूर तक कोई सम्बन्ध नहीं है। कई न्यूज चैनल्स पर आज मेरे खिलाफ जो खबर अवैध खनन और ओवरलोड ट्रकां के संचालन की चलायी जा रही है, वह असत्य, अपुष्ट और गुमराह करने वाली है। मैं इस झूठी खबर का खंडन करता हूँ। उन्होंने कहा, ‘मीडिया के साथियों से आग्रह है कि खबर चलाने से पहले आपको गोंडा पुलिस प्रशासन, गोंडा जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश खनन और पर्यावरण विभाग से सच्चाई पता करनी चाहिए।’
शादी अनुदान पोर्टल को किया गया अपडेट
वित्तीय वर्ष 2023-24 में अल्पसंख्यक समुदाय के पिछड़े वर्ग को छोड़कर अन्य पिछड़ा वर्ग के गरीब परिवार की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए है। चालू वित वर्ष में शादी अनुदान पोर्टल पर नया अपडेट किया गया है। इसके तहत अब पोर्टल पर आवेदक की ईकेवाईसी की जाएगी। आवेदक द्वारा भरे गये विवरण में से केवल उसके आवास व पुत्री की शादी की तिथि का सत्यापन ही संबंधित अधिकारी द्वारा किया जाएगा। परिणाम स्वरूप कम समय में अधिक से अधिक आवेदकों को धनराशि उनके खातों में भेजी जा सकेगी। यह जानकारी देते हुए गोंडा के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव कुमार ने बताया है कि जनपद के पिछड़ी जाति के व्यक्तियों (इसमें अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग शामिल नहीं है), जिनकी पुत्री की शादी सम्पन्न हुए 90 दिन से अधिक का समय न हुआ हो अथवा शादी सम्पन्न होने में 90 दिन का समय शेष रह गया हो, वे योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु अपना आवेदन शादी अनुदान डाट यूपीएसडीसी डाट जीओवी डाट इन वेबसाईट पर आनलाइन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के उपरान्त आवेदन की प्रति का प्रिंटआउट प्राप्त कर आय, जाति प्रमाण पत्र समेत अन्य समस्त आवश्यक अभिलेखों को संलग्न करते हुए हार्डकापी ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय एवं शहरी क्षेत्र के आवेदक उपजिलाधिकारी कार्यालय में जमा करेंगे। उन्होंने कहा कि आवेदक उप्र. शासन द्वारा अधिसूचित पिछड़ी जाति से सम्बन्धित हो, जिसका वार्षिक आय शहरी क्षेत्र हेतु 56460 तथा ग्रामीण क्षेत्र हेतु 46080 से अधिक न हो। वह अधिकतम 02 पुत्रियों की शादी हेतु अनुदान प्राप्त कर सकता है।
शुक्रवार को बभनजोत ब्लाक में डीएम लगाएंगी चौपाल
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास खण्ड बभनजोत की ग्राम पंचायत गौरा बुजुर्ग, कस्बाखास, दौलतपुर माफी, बैजलपुर, हथियागढ़ तथा मोकलपुर में ग्राम चौपाल लगाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक चन्द्रशेखर ने बताया कि ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इसके साथ ही मुजेहना, परसपुर और तरबगंज विकास खंडों में लगाए जाने वाले ग्राम चौपाल की नई तिथियां भी प्रस्तावित कर दिया है। उन्होंने बताया कि विकास खंड मुजेहना में 16 अगस्त, परसपुर में 18 अगस्त व तरबगंज में 22 अगस्त को ग्राम चौपाल का आयोजन किया जायेगा। इन विकास खंडों में चौपाल हेतु पूर्व में चयनित ग्राम पंचायतें ही शामिल की गई हैं। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर ग्राम चौपाल में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया है। बता दें कि जिलाधिकारी द्वारा इन विकास खण्डों में पूर्व में ग्राम चौपाल की तिथियां निर्धारित की गई थीं, किन्तु अपरिहार्य कारणों से यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
हत्याभियुक्त गया जेल
गोंडा जिले के कोतवाली नगर थाने की पुलिस ने गुरुवार को एक हत्याभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि गत वर्ष एक युवक को उसके घर से बुलाकर जहरीला पदार्थ खिलाकर मार दिया गया था। इस सम्बंध में अज्ञात के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया था। विवेचना के क्रम में कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार प्रकाश में आए अभियुक्त सूरज को आज गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध इसके अतिरिक्त भी दो अभियोग दर्ज हैं।
संग्रह अनुसेवक निलम्बित
गोंडा के उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह ने संग्रह अनुसेवक सोहन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। उनके विरुद्ध तहसीलदार सदर द्वारा अनुशानहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अकर्मण्यता, लापरवाही बरतने, पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने तथा तहसील से बिना किसी सूचना के कई दिनों से नदारत रहने के सम्बंध में विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित की गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि नायब तहसीलदार गोंडा को प्रकरण में जाँच अधिकारी नामित किया जाता है। निलम्बन अवधि में वह एसडीएम कार्यालय से सम्बद्ध रहेंगे और बिना अनुमति के तहसील मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
गोंडा जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने गुरुवार को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को बहला फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसाकर युवक ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। बाद में वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस संबंध में पीड़िता द्वारा स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। पुलिस ने प्रकरण की विवेचना करते हुए आज आरोपी अम्बिकेश्वर सिंह उर्फ नन्दन सिंह को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
राजस्व विभाग के 31 हजार मामले निपटेंगे लोक अदालत में
गोंडा के जनपद न्यायाधीश ब्रजेन्द्र मणि त्रिपाठी के आदेश के आलोक में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज एफटीसी नितिन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिले के चारों तहसीलों के अधिकारियों के साथ प्राधिकरण कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की गयी। सचिव ने उपस्थित अधिकारियां को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रस्तावित तिथि नौ सितम्बर को अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित कर निस्तारण करावें। साथ ही राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों के माध्यम से ग्रामीण जनों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र आदि बनवाने के लिये प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आप अपने स्तर से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करावें, ताकि मुकदमे बाजी में फंसा व्यक्ति राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन दीवानी न्यायालय में आकर अपने प्रकरणों का निस्तारण करा सके। बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक लगभग 30800 प्रकरणों को निस्तारण हेतु चिन्हित किया गया है। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार तरबगंज राम प्रताप पाण्डेय, नायब तहसीलदार मनकापुर अनीश सिंह तथा नायब तहसीलदार कर्नलगंज जयशंकर सिंह उपस्थित रहे।
जल स्तर घटने से संक्रामक रोग का संकट
गोंडा जिले में सरयू नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव से बाढ़ के साथ ही अब संक्रामक रोग फैलने का संकट शुरू हो गया है। पिछले कई दिनों से नदी का जलस्तर स्थिर रहने के बाद अब घटने लगा है। गुरुवार को एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 47 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। इससे बाढ़ का संकट टला है, किन्तु कटान का खतरा बढ़ गया है। नदी के तटवर्ती ग्राम पंचायतों के करीब बाढ़ का पानी पहुंच गया है। इससे संक्रामक रोग भी फैल रहे हैं। नवाबगंज, तरबगंज, करनैलगंज, परसपुर, बेलसर के स्वास्थ्य केंद्रों पर लगातार माझा के बीमार लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने भी स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय कर दिया है। लोगों का परीक्षण कर दवाएं दी जा रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिक्तिसकों को भी निर्देश दिया गया है कि दवाओं की कमी न रहने पाए। पशुओं में बीमारी बढ़ने की आशंका को देखते हुए डीएम ने पशुपालन विभाग को टीकाकरण तेज करने का निर्देश दिया है। बाढ़ कार्य खंड की ओर से तटबंधों की निगरानी तेज कर दी गई है।
विद्युत करेंट से युवक की मौत
गोंडा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के दिनारी गाँव में गुरुवार करे विद्युत करेंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, दिनारी निवासी शहादत अली (28) पुत्र पीर गुलाम की आज विद्युत करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में मृतक के पिता पीर गुलाम ने कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्यवाही करने हेतु तहरीर दी है।
ईओ के कार्यालय न आने से भटक रहे नगरवासी
गोंडा जिले में कटरा बाजार नगर पंचायत में कई नई ग्राम पंचायतों को शामिल करके इसका विस्तार तो कर दिया गया, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था नहीं सुधरी। नगर वासियों के मुताबिक, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नियमित कार्यालय नहीं आती हैं, जिससे नगर के लोगों को अपने विभिन्न कार्यों को कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी अतुल कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने मकान का दाखिल खारिज कराने के लिए नगर पंचायत में कागज जमा किया था, किन्तु एक माह बाद भी काम नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी का कहना है कि अधिशासी अधिकारी नहीं आ रही हैं, जिससे काम नहीं हो पा रहा है। वहीं नगर पंचायत में जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के लिए दर्जनों लोगों का आवेदन कई दिनों से काम अटका पड़ा है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि नगर पालिका परिषद कर्नलगंज व नगर पंचायत कटरा दोनां का प्रभार उनके पास है। इस बीच त्यौहार की छुट्टी व ट्रेनिंग पड़ जाने के कारण कार्य बाधित है। शीघ्र ही समस्त अधूरे कार्यों को पूर्ण कराया जायेगा और लोगों की समस्या का निदान किया जायेगा।
सड़क हादसे में महिला की मौत
जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के बेलसर कस्बे में उमरी बेगमगंज मार्ग पर गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। जानकारी के अनुसार, उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मद पुर निवासी राम गोपाल उर्फ लल्लू चौरसिया अपनी पत्नी सीमा (30) को साईकिल से लेकर आज पूर्वान्ह किसी कार्यवश रगड़गंज बाजार आया हुआ था। वापस घर लौटते समय उमरी मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप महिला ट्रक के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगां ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सफाई महा अभियान की शुरुआत करेंगी डीएम
गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा शुक्रवार को प्रातः आठ बजे नगर के गुरुनानक चौराहे पर ’मेरा गोंडा मेरी शान’ अभियान के तहत जनपद के समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में सफाई महाभियान की शुरुआत करेंगी। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय ने दी।
सप्ताह भर पूर्व बनी पक्की सड़क उजड़ी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भले ही लगातार भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर हकीकत ठीक उसके विपरीत दिखाई पड़ रही है। जिसका जीता जागता उदाहरण कटरा बाजार क्षेत्र में सामने आया है जहाँ विकास की धुरी मानी जाने वाली सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। यहाँ एक सप्ताह पूर्व बनी पक्की सड़क को ग्रामीण हाथों से उजाड़ रहे हैं जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भ्रष्टाचार के खेल का यह नजारा साफ देखा जा सकता है जिससे सरकार के दावे की पोल खुल रही है। मामला कटरा बाजार क्षेत्र के अन्तर्गत पंडा पुरवा से बैसनपुरवा तक जाने वाली सड़क से जुड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तारकोल की जगह खराब मोबिल का प्रयोग किया गया है, जिससे यह सड़क जानवरों के चलने से ही उखड़ रही है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। ग्रामीणों ने एक हफ्ते पहले बनी इस सड़क को हाथों से उजाड़कर वीडियो वायरल किया है। खजुहा गांव निवासी अतुल सिंह का कहना है कि करीब 5 से 6 दिन पहले यह सड़क बनाई गई है। जानवरों के चलने से यह सड़क उजड़ रही है। हमने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था, जिसमें साफ तौर से देखा जा सकता है। एक व्यक्ति इस पक्की सड़क को हाथ से उजाड़ रहा है। इस सड़क के निर्माण में किस कदर भ्रष्टाचार हुआ है, इसका साफ अंदाजा लगा सकते हैं। कुलदीप सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले बनी सड़क हम लोगों के हाथ लगाते ही उजड़ जाती है। जानवर चलते हैं तो उस पर उनका पैर बन जाता है और गड्ढा हो जाता है।
बलरामपुर में 30 सितम्बर तक धारा 144 लगी
बलरामपुर जिले में अगस्त एवं सितम्बर माह में परम्परागत त्यौहारों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से धारा 144 लगा दी गई है। यह जानकारी देते हुए जिला मजिस्ट्रेट अरविन्द सिंह ने बताया कि मिश्रित आबादी होने के साथ-साथ अन्तर्राष्ट्रीय सीमा से मिला होने के कारण यह जनपद शान्ति-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द के दृष्टिगत अति संवेदनशील जनपद है। वर्तमान में हरियाणा में हुई घटना तथा अन्य कारणों से सम्पूर्ण जनपद में दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अधीन प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये तत्कालक प्रभाव से निषेधाज्ञा प्रभावी कर दिया गया है। यह 30 सितम्बर 2023 तक लागू रहेगा। इस आदेश के किसी भी अंश का उल्लघंन भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन द्वारा किसी भी माध्यम से साम्प्रदायिक सद्भाव व सामाजिक सामंजस्य को बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया जाएगा। सम्बन्धित अधिकारी आदेश का कड़ाई से अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे।
अनुरोध
*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक
पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”, रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’
Informer की आवश्यकता
एलबीएस पीजी कालेज गोंडा से संचालित होने वाले रेडियो अवध 90.8 एमएफ को जिले भर के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों से सूचनाएं संकलित कर प्रेषित करने के लिए सूचना प्रदाता अथवा इंफार्मर की आवश्यकता है। हिन्दी में समाचार लिखने में दक्ष, इच्छुक युवक युवतियां कार्यक्रम निदेशक जानकी शरण द्विवेदी से फोन नम्बर 956500908 पर सम्पर्क कर सकते हैं। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक लोग भी विलम्बतम 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। स्थानीय युवक युवतियों को वरीयता। (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
