Monday, February 16, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : अवैध अतिक्रमण हटाने का काम जारी

Gonda Capsule : अवैध अतिक्रमण हटाने का काम जारी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले में सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान जारी है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर जिले की चारों तहसीलों में सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। पूरे जिले में अब तक 40 से अधिक दुकानों और मकान को तोड़कर अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय संपत्तियों, खासकर नजूल भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतें काफी दिनों से प्राप्त हो रही थीं। अवैध कब्जेदारों को नोटिस देकर स्वतः अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया गया था। जहां पर लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, वहां पर प्रशासन अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी चार तहसीलों में यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। का एक लंबा हाईवे है। गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर भी अवैध अतिक्रमण है, उसे भी हटाने का कार्य किया जा रहा है।

30 दिन के अंदर जरूर दें आरटीआई का जवाब

उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त सुभाष चंद्र सिंह ने कहा है कि सभी जन सूचना अधिकारी आरटीआई एक्ट की धारा 6, 18, 19 व 20 का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। इन धाराओं के अध्ययन से उन्हें आरटीआई का जवाब देने में सरलता होगी। वह सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी जन सूचना अधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे थे। आयुक्त ने कहा कि आरटीआई के तहत मांगी गयी सूचनाओं इस कानून के मूल भावना के तहत हों। शिकायतों का जवाब 30 दिन के अंदर आवेदक को जरूर उपलब्ध करा दिया जाए। यदि किसी प्रार्थना-पत्र के सम्बन्ध में सूचना नहीं दी जा रही है तो आवेदनकर्ता को 30 दिवस के अन्दर सूचना न देने के कारणों से अवश्य अवगत कराया जाय। यदि मांगी गयी सूचना आपके विभाग से संबंधित नहीं है, तो उसे 5 दिन के अंदर संबंधित विभाग को अंतरित कर दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सूचना देते समय व्यापक लोकहित का ध्यान अवश्य रखा जाए। उन्होंने कहा कि आरटीआई के बारे में जागरूकता फैलाने एवं इसको सरल बनाने के उद्देश्य से सूचना की दुनिया नाम से यूट्यूब चैनल बनाया गया है। आमजन व जन सूचना अधिकारी इस चैनल के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते है। उन्होंने सभी जन सूचना अधिकारियों से इसका प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी समेत जिले भर के जन सूचना अधिकारी मौजूद रहे।

वरासत लम्बित होने पर सीआरओ नाराज

जिले के मनकापुर तहसील में वरासत के मामले में आनलाइन आवेदन होने के बाद काफी दिनों से वरासत दर्ज न होने पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने तत्काल सभी लंबित वरासत दर्ज कराके आनलाइन पोर्टल पर दर्ज संख्या शून्य कराने का निर्देश जनपद के सभी तहसीलदारों को दिया गया है। जनपद के विभिन्न तहसीलों गोंडा में 42, कर्नलगंज 07, तरबगंज में 21 तथा मनकापुर में 09 अर्थात कुल 79 मामले वरासत के लम्बित हैं। इसकी समीक्षा तत्काल करते हुए समय सीमा के अंदर वरासत न दर्ज करने वाले लेखपालों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि मनकापुर में लंबित वरासत को तत्काल जांच कराके पोर्टल पर लंबित प्रकरण को शून्य कराने का निर्देश तहसीलदार को दिया गया है।

मंगलवार को पुरस्कृत होंगे विजेता प्रतिभागी

गोंडा के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर चलाये गये स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को 10 अक्टूबर को सायं 4ः30 बजे जनपद न्यायालय सभागार में जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

मुलायम सिंह की पुण्यतिथि पर मरीजों को फल वितरित

गोंडा जिले के कटरा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारत रत्न मुलायम सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसूता महिलाओं, भर्ती मरीजों तथा गरीबों को मिष्ठान तथा फल वितरण किया गया। दूबे ने बताया कि नेता जी गरीबों के सच्चे हितैषी थे। वह सबके सुख दुख को समझते थे। गरीबों के कल्याण के लिए मुफ्त शिक्षा तथा दवा आदि की व्यवस्था की थी। हमारे कटरा बाजार सहयोगी अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस मौके पर वकार खान, मुजीबुल हसन सुबराती, पंकज गोस्वामी, दद्दन शुक्ला, राघवराम, राजेंद्र दूबे, दीनानाथ, शेष प्रकाश, सलाहुद्दीन, कमलेश बाबा, कुलदीप मणि, ननके, मुकेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

कालेज में चलाया गया मिशन शक्ति अभियान

गोंडा जिले के छपिया थाने की पुलिस ने सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत श्री रुद्रप्रभा इंटर कालेज दरियापुर में छात्राओं को 1090 व 1076 एम्बुलेंस सहित आकस्मिक सेवा टोल फ्री नंबरों के बारे में जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इन नंबरों का प्रयोग करने व घटना की सूचना देने के बारे में जानकारी दी। टीम में महिला आरक्षी ममता, अच्छेलाल गुप्ता, मृदुल, अरुण वर्मा आदि शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सिद्धदात्री त्रिपाठी, काजल तिवारी, प्रतिभा तिवारी, वीरेंद्रलाल आदि उपस्थित रहे।

आंखों में पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन

गोंडा में विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर चलाए जा रहे आन्दोलन के क्रम में सोमवार को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे बैठकर छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने आंखों पर पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने बताया कि आज हम लोगों ने अंबेडकर चौराहे पर बाबासाहब की प्रतिमा की साफ सफाई करके अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर धरना दिया। लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के इकाई अध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि शासन प्रशासन हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार करे। छात्र नेता सूरज शुक्ला ने बताया कि आज मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी को ज्ञापन दिया गया है। इस अवसर पर मीडिया संयोजक धर्मेंद्र शुक्ला, अवधेश तिवारी, अनूप मिश्रा, शुभम तिवारी, राम वृक्ष कुमार, नीरज आदि उपस्थित रहे।

पर्यावरण जागरूकता के लिए निकली पदयात्रा

गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में सवेरा परिवार की ओर से जल, पक्षी और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक जागरूकता यात्रा निकाली गई। शाम को रीवां गांव में पहुंचने पर रथयात्रा का ग्राम प्रधान अभिषेक सिंह और संगठन के सदस्यों ने स्वागत किया। बाद में पर्यावरण संरक्षण के विषय पर गांव में एक जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रकृति प्रेमी व सवेरा परिवार के आचार्य शिवेंद्र ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन से मानव जीवन के समक्ष स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो रही रही हैं। उन्होंने लोगों से पौधरोपण करके उसके पालन-पोषण करने की अपील की। उन्होंने गांव के खुले स्थान पर हरिशंकरी का पौध लगाने का आग्रह किया। बताया कि पीपल-बरगद-पाकड़ को संयुक्त रूप से एक साथ रोपित करने से हमें अधिक मात्रा मे प्राणवायु मिलने के साथ पक्षियों को आश्रय व भोजन प्राप्त होता है। अयोध्या के 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर निकाली गई इस यात्रा का पहला चरण पांच दिनों का होगा। प्रधान जनार्दन सिंह ने कहा कि पेड़ों संरक्षण के लिए हमारे धर्म में प्रकृति की पूजा पद्धति को इजाद किया गया था।

धनुषधारी बने कर्नलगंज के ईओ

गोंडा जिले के कर्नलगंज नगर पालिका में धनुषधारी सिंह को अधिशासी अधिकारी बनाया गया है। उन्हांने यहां आकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में इसी पद पर तैनात थे। कर्नलगंज में विगत दो वर्षों से अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात रहीं प्रियंका मिश्रा को बरेली जिले के नवाबगंज नगरपालिका में तैनाती मिली है।

छह माह से लापता किशोर मिला

गोंडा जिले के कौड़िया थाने की पुलिस ने आपरेशन मुस्कान के तहत करीब छह माह से लापता एक किशोर को बरामद करते हुए सोमवार को परिजनों को सौंप दिया। बता दें कि कौड़िया थाना क्षेत्र से एक किशोर 15 अप्रैल 2023 को लापता हो गया था। थाने के उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार यादव ने उसे आज बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को पाकर परिजनों ने गोंडा पुलिस के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

दो जेसीबी व दो डम्बर सीज

गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एसडीएम तरबगंज भारत भार्गव, सीओ संजय तलवार तथा नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के नेतृत्व में सोमवार को सरयूघाट चौकी प्रभारी शिव लखन सिंह ने छापा मारकर लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग पर स्थित ग्राम महेशपुर में अवैध खनन करते 02 जेसीबी व 02 डम्पर सीज किया। यह जानकारी हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने दी।

खाते से जालसाजों ने उड़ाए तीन लाख

गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कृपाराम शुक्ला पुत्र भवानी प्रसाद शुक्ला निवासी ग्राम लोहनडीह के खाते से जालसाज ने पौने तीन लाख रुपये पार कर दिए। उसके खाते से तीन अगस्त से आठ अगस्त के बीच में 18 बार ट्रांजक्शन किया गया। खाते पर मोबाइल नंबर फीड न होने के कारण उसे पैसा निकासी के बारे में जानकारी नहीं हुई। जब ग्राहक अपने खाते से पैसा निकालने गया तो उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ताला तोड़कर चोरी का प्रयास

गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगदही में बीती रात चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। कमरे में कुछ न होने से उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरीश चंद्र ने बताया चोरों ने किचन, शिक्षण कक्ष, अतिरिक्त कक्ष का ताला तोड़ दिया। स्कूल में कोई सामान नहीं पाने पर खाली हाथ लौट गए। हमारे सहयोगी बीएन मिश्र ने चौकी प्रभारी रगड़गंज गोपाल सिंह के हवाले से बताया कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कैम्प लगाकर की गई राजस्व वसूली

गोंडा जिले के परसपुर विद्युत उपखण्ड के कर्मचारियों द्वारा ग्राम चरहुआं व चरसडी में कैम्प लगाकर राजस्व वसूली की गई। अवर अभियंता करुणेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को टीम द्वारा शिविर लगाकर 52 हजार से अधिक रुपये की बकाया वसूली की गई। बकाया राशि जमा न करने पर 12 उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया गया। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर टीजी टू दिलीप कुमार वर्मा, लाइनमैन सर्वेश सिंह, अभिषेक कश्यप, शिव कुमार सिंह, गुरु प्रसाद, राहुल सिंह, राहुल तिवारी, आशीष पांडेय, संतोष, राम लाल, रमेश आदि उपस्थित रहे।

11 अक्टूबर को होगा लघु उद्योग भारती का अधिवेशन

लघु उद्योग भारती का महाधिवेशन 11 अक्तूबर को आगरा में आयोजित होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के 60 जिलों से आए उद्यमियों को संबोधित करेंगे। लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश गुप्त ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि महाधिवेशन में डेढ़ हजार से अधिक लघु उद्यमी प्रतिभाग करके अपनी समस्याओं तथा प्रदेश के विकास के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार अधिवेशन होने जा रहा है। ऐसे अधिवेशन से लोगों को आर्थिक विकास के लिए नई दिशा व दशा प्रदान होगा। महाधिवेशन में गोंडा से मंडल कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह, मंत्री प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव, जिला महामंत्री शिवकुमार सोनी के अतिरिक्त सदस्य कैलाश लधवानी, गोपाल मित्तल, मुकेश शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल होंगे।

पूरी रात गुल रही बिजली

गोंडा जिले के मनकापुर पावर हाउस के अंतर्गत विद्यानगर फीडर पर रविवार की पूरी रात बिजली गुल रही। उपभोक्ता आदर्श का कहना है कि भीषण गर्मी में किसी तरह रात काटने के बाद 11 घंटे बाद सप्लाई बहाल हुई। देर रात तक लोग पावर हाउस के सीयूजी नंबर के साथ स्टेशन के अधिकारियों को सप्लाई के बारे में जानकारी के फोन मिलाते रहे लेकिन सभी का नम्बर आफ बता रहा था। उपभोक्ताओं का कहना है कि पावर हाउस पर काम कर रहे अधिकारियों के साथ लाइनमैनो की मनमानी किसी से छुपी नहीं है सब कुछ जानकर अफसर भी चुप्पी साधे हुए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो बिजली सप्लाई के पावर हाउस पर जिम्मेदारों के खिलाफ आन्दोलन किया जायेगा।

गोवध निवारण एक्ट में एक गिरफ्तार

गोंडा जिले के परसपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को गोवध निवारण अधिनियम के वांछित अभियुक्त कुन्ने उर्फ नूर मोहम्मद को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। बता दें कि बीते 18 सिंतबर को थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक मक्के के खेत से गोवंश के अवशेष प्राप्त हुए थे। इस सम्बन्ध में स्थानीय थाने पर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आये आरोपी कुन्ने उर्फ नूर मोहम्मद को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular