छात्र-छात्राओं के बीच होगी निबंध, रंगोली व फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
प्रतियोगिताओं को लेकर डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों के साथ की बैठक
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी के बलिदान दिवस की श्रृंखला में पांच दिन तक चलने वाले कार्यक्रमों के आयोजन की शुरुआत गुरुवार से होगी। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि गुरुवार को सायंकाल पांच बजे गांधी पार्क स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हाल) में शिवपूजन शुक्ल के अवधी गायन व फाल्गुनी सिन्हा के देशभक्ति नृत्य से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसी दिन सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज, नारायणा पब्लिक स्कूल एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव व काकोरी ट्रेन एक्शन की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक आदि प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इसको लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने जीजीआईसी में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार की। डीआईओएस ने बताया कि 16 दिसंबर को पूर्वान्ह 11 बजे से जीजीआईसी परिसर में निबंध प्रतियोगिता व 17 दिसंबर को पूर्वान्ह 11 बजे से सेंट थॉमस स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जबकि 19 दिसंबर को टाउन हॉल में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। डीआइओएस ने सीबीएसई, आइसीएसई व यूपी बोर्ड के विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील किया है कि प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन बच्चे नियत तिथि, समय व स्थान पर प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए उपस्थित हों।
17 दिसम्बर को मनेगा पेंशनर्स दिवस
मुख्य कोषाधिकरी श्रीराम मौर्य ने बताया कि 17 दिसम्बर को पेंशनर्स दिवस मनाया जायेगा। जनपद से सम्बन्धित समस्त पंेशनर्स जिला पंचायत सभागार में 17 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे उपस्थित रहकर अपनी समस्याओं के विषय में अवगत कराएं जिससे उनकी समस्याओं का निराकारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि विगत वर्षाे की भांति इस वर्ष भी पेंशनर्स दिवस मनाया जा रहा है, जिसमें जनपद से सम्बन्धित पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनर्स के हित में जिला पंचायत सभागार में उनकी समस्याओं को सुना जायेगा तथा उनका निराकरण कराया जायेगा। उन्होंने सभी पेंशनर्स से अपील किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स दिवस के अवसर पर कार्यालयध्यक्षों अथवा कार्यालय के किसी वरिष्ठ राजपत्रित अधिकारी को कार्यक्रम में उपस्थित होना अनिवार्य है।

भारतीय स्टेट बैंक का खुला एक और ग्राहक सेवा केन्द्र
कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के लखनऊ गोंडा रोड स्थित ग्राम कादीपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एक और ग्राहक सेवा केंद्र खुलने से क्षेत्रवासियों को अब और आसानी से बैंकिंग कार्य में बिना लम्बी दूरी तय किये आसानी से सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इस ग्राहक सेवा केंद्र का उद्घाटन क्षेत्रीय प्रबंधक अमर पाल सिंह, शाखा प्रबंधक राम आधार एवं पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राम जी लाल मोदनवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर उदय शंकर मिश्रा, रोहित शर्मा, विजय मिश्रा,अमित पाठक, संदीप यादव व रोहित कनौजिया सहित अनेकों लोग मौजूद रहे।
जर्जर सड़क पर नहीं जा रही किसी की नजर
उमरी बेगमगंज से हमारे संवाददाता अतुल तिवारी के अनुसार, विकास खंड बेलसर अंतर्गत उमरी मुख्यालय से ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। वर्षों से खराब सड़क की मरम्मत के लिए अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए। जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। खराब सड़क के कारण लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हिंदुस्तान डेली न्यूज़ से चर्चा में स्थानीय लोगों ने बताया कि बेगमगंज बाजार व नवरंग पुरवा (विंध्या तिवारी पुरवा) की डामर सड़क जो जनपद मुख्यालय की सड़क से जुड़ी हुई है, पिछले दस वर्षों से अधिक समय से खराब है। रोड बनाने के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। चुनाव के समय जो भी प्रत्याशी आते हैं, वह हर वर्ष की भांति वायदा करके भूल जाते हैं। उक्त सड़क पर गड्ढे बढ़ने, सड़क पर दरार आने और कई स्थानों पर सड़क के दबने से डामर की टेकरियां बनने के कारण वाहन असंतुलित हो रहे हैं। सड़क की हालत खराब होने के कारण कई बार दुर्घटना बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों को इस मार्ग के खराब होने के कारण बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों को जनता की समस्या पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं करते हैं। अधिकारियों की उदासीनता के कारण लोगों को ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य द्वारा खराब सड़क की नाप-जोख कराकर जल्द ही ठीक कराने आश्वासन दिया गया है।

पकड़े गए छुट्टा पशु नहीं पहुंचे गौशाला
कर्नलगंज विकास क्षेत्र में जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों के सहयोग से एक गांव में पकड़े गए कुछ छुट्टा पशु गौशाला नहीं पहुंचाये गए जिससे बांस बल्ली से चारों तरफ बाड़ लगाकर उसी के अंदर रखे गए पशु भाग निकले। मामला विकास खंड कर्नलगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत पारा से जुडा है। यहां के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दान बहादुर सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर ग्रामीणों के सहयोग से करीब चार दर्जन बेसहारा पशुओं को पकड़ा गया था, जिन्हें बांस बल्ली से चारों तरफ बाड़ लगाकर उसी के अंदर रखा गया था।पशुओं के पकड़े जाने से ग्रामीण काफी खुश थे। लेकिन उनकी खुशी धीरे-धीरे गम में तब्दील हो रही है। उन्होंने बताया कि जिम्मेदार लोगों की उदासीनता के कारण पशुओं को गौशाला तक नहीं पहुंचाया जा सका। रविवार की देर रात्रि कुछ बेसहारा पशु बाड़ तोड़कर भाग निकले। ग्रामीण हरीश मिश्रा ने बताया कि यदि पशुओं को गौशाला नही भेजवाया गया तो ग्रामीणों के सहयोग से धरना प्रदर्शन किया जायेगा। संयुक्त खंड विकास अधिकारी श्रीकांत तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी का निर्देश है कि सड़क किनारे कि ग्राम पंचायतों में घूम रहे बेसहारा पशुओं को पहले पकड़वाकर गौशाला पहुँचाया जाय जिससे मार्ग दुर्घटनाओं से लोगों को बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे के समस्त ग्राम पंचायतों के बेसहारा पशुओं को आगे पीछे करके गौशाला में संरक्षित कराया जायेगा।

विद्यार्थी जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है योग
वर्तमान समय में योग अपने महत्व एवं उपयोगिता के कारण दुनिया भर में लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनता जा रहा है। ऐसे में स्कूली बच्चों की रुचि बढ़ाने के प्रयास भी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय के योग वेलनेस सेंटर के तत्वाधान में कम्पोजिट विद्यालय इमरती विशेन में बच्चों ने योगाभ्यास किया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने सभी छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास करवाया। साथ ही उससे होने वाले लाभ के बारे में भी बताया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि आने वाला समय योग का ही है। यदि विद्यार्थी जीवन में कम उम्र से ही योग की शिक्षा मिल जाए, तो बेहतर भारत के राष्ट्र निर्माण में काफी सहयोग मिलेगा। इस योग सत्र में विद्यार्थियों को भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन व सूर्य नमस्कार सहित कई आसनों का अभ्यास कराया गया। सत्र के अंत में योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने कहा की योग बच्चों के मन मस्तिष्क को उसके कार्य के प्रति जागरूक करता है। इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही योग शिक्षा देना अत्यंत जरूरी है, जिससे विद्यार्थियों में एकाग्रता व आत्मविश्वास बढ़ता है। इस योग सत्र में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाओं सहित अन्य जन भी मौजूद रहे।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
