महिला पहलवानों के आरोपों पर उनके गृह जिले में मिली जुली प्रतिक्रिया
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। देश के कई नामी पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष व कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाए जाने पर उनके गृह जिले में मिली जुली प्रतिक्रिया हुई है। सत्ता पक्ष से जुड़़े कुछ लोगों तथा खिलाड़ियों द्वारा जहां नपे-तुले शब्दों में प्रतिक्रिया दी गई है, वहीं राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी सपा की तरफ से उनके तत्काल पद छोड़ने की मांग की गई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर बमबम ने कहा कि सांसद पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं। इसकी जांच होनी ही चाहिए। जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी अलग हो जाएगा। इससे किसी की छवि अनावश्यक रूप से खराब नहीं की जा सकेगी। सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित है। उन्होंने एक अन्य पोस्ट को शेयर किया है, जिसमें कहा गया है कि सांसद के खिलाफ इन आरोपों के पीछे एक उद्योगपति का हाथ है। जान से मारने की धमकी पर किसी खिलाड़ी ने पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दर्ज करवाई? वरिष्ठ खिलाड़ियों को फेडरेशन के नए नियम से ज्यादा तकलीफ हो रही है। वह चाहते हैं कि ओलम्पियन का ट्रायल न कराया जाय। उन्होंने कहा कि जांच में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। रणजी खेल चुके जिले के क्रिकेटर राशिद हुसैन चांद ने कहा कि नेता जी की अगुवाई में कुश्ती का खेल एक राज्य विशेष से निकलकर पूरे देश का खेल बन गया है। उन्होंने कहा कि उनका एक खिलाड़ी के रूप में सांसद से वर्षों का सम्बंध है, किन्तु इस प्रकार का आरोप पहली बार लगा है। समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोंडा सदर सीट से दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर आरोप लगाने वाले पहलवान कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं। वे देश के लिए खेलते और तमगा जीतकर लाते हैं। अन्तर राष्ट्रीय स्तर पर वे भारत का नाम रोशन करते रहे हैं। एक लम्बे अर्से तक अन्याय सहते रहने के बाद उन्होंने एक गंभीर आवाज उठाई है। प्रधानमंत्री और खेल मंत्री को तत्काल इसका संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए और नैतिकता के आधार पर बृजभूषण शरण सिंह को त्यागपत्र दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश भर के बुद्धिजीवियों को इन खिलाड़ियों के समर्थन में आना चाहिए। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अनुशासन समिति के सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता रवि प्रकाश पाण्डेय ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है कि महिला पहलवानों के साहस को सलाम, जिन्होंने सत्यता उजागर कर दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसका तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद की करतूत से पूरा जिला शर्मिन्दा है। सिर्फ महिला पहलवान ही नहीं, टिकट दिलवाने के नाम पर कुछ बड़े घरों की महिलाएं भी इनके शोषण की शिकार हुई हैं, किन्तु वे भय से चुपचाप बैठ गईं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि सांसद तथा उनके प्रतिनिधि से मुझे जान का खतरा है। सरकार हमें सुरक्षा प्रदान करे। इस बीच एक न्यूज एजेंसी ने खबर जारी की है कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली भारतीय कुश्ती संघ की सालाना बैठक में पार्टी की छवि बचाने तथा निष्पक्ष जांच का हवाला देकर बृजभूषण शरण सिंह पद छोड़ने का ऐलान कर सकते हैं। बताया जाता है कि वह आज नई दिल्ली से गोंडा के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
रेडियो अवध पर विज्ञापन के लिए संपर्क करें :
रेडियो अवध के माध्यम से अपने संस्थान व प्रतिष्ठान का प्रचार कराने तथा अपने परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों व शुभचिंतकों को उनके जन्म दिवस तथा मैरिज एनिवर्सरी आदि पर शुभकामनाएं देने के लिए 955400905 और 7800018555 पर संपर्क करें!
क्या आप RJ बनना चाहते हैं?
रेडियो जॉकी (RJ) के रूप में अपना करियर बनाने के इच्छुक युवक युवतियों के सहयोग के लिए तैयार है रेडियो अवध 90.8! प्रशिक्षण के लिए संपर्क करें : 9554000908
मार्केटिंग के लिए युवक चाहिए…
रेडियो अवध 90.8 FM को मार्केटिंग के लिए इच्छुक उत्साही युवक एवं युवतियों की आवश्यकता है। आकर्षक वेतन एवं बोनस भी देय है। संपर्क करें : 9554000908/ 9628000908
