जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। देश और दुनिया में भारत का मान बढ़ाने वाली महिला शक्ति को गोंडा जिला प्रशासन एक नए अंदाज में सम्मानित करने जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से तैयार कराई गई मिशन शक्ति वॉल का लोकार्पण आगामी 22 अक्टूबर को आयोजित 11000 कन्याओं के भव्य कन्या पूजन समारोह “शक्ति वंदन“ के अवसर पर किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाई के संदेश के साथ बनी यह वॉल देश और दुनिया में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली राष्ट्र की महिलाओं को समर्पित है। देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले, एथलीट पीटी ऊषा, नृत्यांगना रुक्मिणी देवी अरुंडेल, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, चित्रकार अमृता शेरगिल, तैराक आरती शाह, भारतीय पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा, रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई, पूर्व राज्यपाल सरोजनी नायडू, वनस्पति वैज्ञानिक जानकी अम्माल, अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला, पहली महिला आईपीएस किरण बेदी, स्वर कोकिला लता मंगेशकर, खिलाड़ी मैरी कॉम, क्रिकेट खिलाड़ी मिताली राज, संत मदर टेरेसा, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा, कवयित्री पंडिता रमाबाई, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को इस वाल पर स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह शख्सियत सभी के लिए एक मिसाल हैं। इन्होंने अपनी मेहनत, कौशल, दृढ़ संकल्प और अथक प्रयासों से समाज में अमिट छाप छोड़ी है।
एलबीएस कालेज में खुलेगा प्रदेश का पहला मिशन शक्ति कैफे
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि शक्ति वंदन समारोह के साथ ही सरकारी सहायता प्राप्त श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज से मिशन शक्ति कैफे की शुरुआत की जा रही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाने वाला यह प्रदेश का पहला मिशन शक्ति कैफे होगा, जो महिला स्वावलम्बन के साथ ही छात्र-छात्राओं को पोषक और ताजा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि देश के अब तक के सबसे बड़े कन्या पूजन “शक्ति वंदन“ समारोह से पहले शनिवार को भगत सिंह इंटर कालेज की बाहरी दीवाल पर छात्रों और जनपद के कलाकारों द्वारा मातृ शक्ति के रंग उकेरे जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से यहां ‘पेंट माई वॉल’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कल सुबह 10 बजे इसकी शुरुआत की जाएगी। आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे एलबीएस कालेज के प्राचार्य प्रो. रविन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम की थीम मिशन शक्ति रखी गई है।
