जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले में एक दलित बुजुर्ग की हत्या की विवेचना 14 बार बदलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रमुख सचिव गृह को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि जांच बदलवाने के लिए उनके फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल किया गया था। भाजपा सांसद ने प्रमुख सचिव को लिखे पत्र में कहा कि इस मामले की विवेचना स्थानांतरित करने के संबंध में वर्ष 2017 में मेरा एक फर्जी पत्र आपको प्रेषित किया गया है। इस पत्र पर मेरे फर्जी हस्ताक्षर बनाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि विवेचना स्थानांतरित करने के लिए उन्होंने प्रमुख सचिव को कोई पत्र नहीं भेजा था। सांसद ने मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध भी किया है। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2017 में गोंडा के एसपी रहे उमेश सिंह ने राजनेताओं की सिफारिश के साथ आरोपियों के अनुरोध पर विवेचना को बार-बार स्थानांतरित करने का विरोध किया था। नियमों के मुताबिक, केवल वादी पक्ष के अनुरोध पर ही विवेचना को स्थानांतरित किया जा सकता है, जिसके बारे में उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराया था। यह भी सामने आया है कि दलित बुजुर्ग रमई की हत्या की वजह गोंडा बहराइच राजमार्ग पर स्थित करोड़ों रुपये की भूमि थी, जिसे आरोपी अपने नाम कराना चाहते थे। कई बार प्रयास करने और दबाव बनाने के बाद भी जब रमई ने भूमि बेचने से मना कर दिया तो उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई गयी थी।
पीईटी की तैयारियों में जुटा प्रशासन
गोंडा जिला प्रशासन प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा की तैयारियों में जुट गया है। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बुधवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ एक बैठक कर कुल चार पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा को नकलरहित और सकुशल सम्पन्न कराने की रणनीति तैयार की। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की देखरेख में जिले के 30 परीक्षा केन्द्रों पर 28 और 29 अक्टूबर को प्रथम पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दो से पांच बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को नकल रहित संपन्न कराने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं। एडीएम ने बताया कि सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों के साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। प्रधानाचार्य परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ ही पेयजल, बिजली आदि का प्रबंध करेंगे। जनपद में कुल 54720 परीक्षार्थी पीईटी परीक्षा देंगे। तैयारी बैठक में समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
170 किमी लम्बा स्काई वे बनाने की मांग
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा के शोध केंद्र निदेशक व हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र नाथ मिश्र ने भगवान राम से जुड़े प्रमुख पौराणिक व सांस्कृतिक स्थलों पर लोकमंगल पथ के नाम से स्काई वे का निर्माण कराने का सुझाव देते हुए केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा है। प्रो. मिश्र ने पत्र लिखा है कि वैश्विक स्तर पर धार्मिक नगरी अयोध्या को पयर्टन केन्द्र बनाने के लिए मखौड़ा, अगोना, मगहर व त्रिमुहानी सूकरखेत तक 170 किमी स्काई वे का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सप्तपुरियों में प्रमुख विश्व की प्राचीनतम अयोध्या नगरी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की राजधानी व जैन तीर्थंकरों की जन्मस्थली के रूप में विख्यात रही है। आजादी के पांच दशक तक राजनैतिक दुराग्रह से उपेक्षा की शिकार रही। इसी पावन भूमि से 84 कोसी परिक्रमा होती है। अयोध्या से 50 किमी पश्चिम भगवान राम की गोचर भूमि जिले के परसपुर स्थित सूकर खेत तक स्काई वे निर्माण करने से पर्यटन के साथ रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
एनसीसी कैम्प की तैयारियां पूरी
गोंडा जिले के महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में 48 बटालियन एनसीसी के प्रशिक्षण शिविर के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने बताया कि कैंप में लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट आनंद कुमार पांडेय व बटालियन से आए एनसीओ अस्लामी की देखरेख में एनसीसी कैडेट्स ने दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए आवासीय व शिक्षण कक्षों, विद्यालय परिसर, रसोई घर क्रीड़ा मैदान, विद्यालय प्रांगण, श्री राम सभागार की विधिवत साफ सफाई करके निर्धारित स्थलों पर टेंट लगा दिया है। क्वार्टर गार्ड स्थल को गार्ड ऑफ ऑनर के लिए तैयार किया गया है। शिविर 26 अक्तूबर से 4 नवंबर तक चलेगा।
ट्रक एसोसिएशन ने दिया ज्ञापन
गोंडा जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के वाणिज्यिक उपयोग को लेकर ट्रक एसोसिएशन लामबंद हो गया है। एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन कर एआरटीओ प्रवर्तन शैलेंद्र त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा है। कार्रवाई न होने पर 31 अक्तूबर को जिले के सभी ट्रक आरटीओ कार्यालय में खड़ा कर देने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई बार अफसरों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के वाणिज्यिक उपयोग न होने के संबंध में वार्ता की गई, जिसमें कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ट्रक के व्यवसाय पर संकट खड़ा हो गया है और सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है। ज्ञापन देने वालों में ट्रक एशोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग तिवारी, बिजय बहादुर सिंह, श्याम पाल सिंह, बड़के तिवारी, राम कुमार सोनकर, गोपाल चौरसिया, ओमकार तिवारी, इकबाल खां, अनूप पांडेय, शमीउल्लाह खां आदि शामिल हैं।
मोटर साइकिल सवार युवक जख्मी
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मसकनवा-बभनान मार्ग पर भिखारीपुर गांव के पास बुधवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आने से दो मोटर साइकिल पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान मो. हनीफ, मंजूर अहमद निवासी बखरौली व कैफ अंसारी निवासी धानेपुर के रूप में हुई है। मसकनवा के चौकी प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि बुधवार की शाम मो. हनीफ व मंजूर अहमद मोटर साइकिल से घर आ रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के पास बभनान से मसकनवा की तरफ जा रहे मोटर साइकिल चालक कैफ अंसारी व मसकनवा की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्राली की आपस में भिड़त हो गई। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छपिया ले जाया गया, जहां घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार
जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने दो नाबालिग बच्चों के साथ दुष्कर्म करने वाले युवकों को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात दो छोटे बच्चे शौच के लिए घर से बाहर गए थे। रास्ते में खड़े गांव के ही दो युवकों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया और स्कूल के पास झाड़ी में ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। बच्चों के शोर मचाने पर उन्हें धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। प्रकरण में पीड़ित परिवार की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया था। दोनों आरोपियों रवि (22) और अमरीश (23) को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया।
बिना टिकट 29 धरे गए
गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तैनात प्लेटफार्म निरीक्षक केएल यादव ने बुधवार को जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 29 रेल यात्रियों से जुर्माना वसूला। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि उन्होंने टीटीई एसके पटेल व आरपीएफ जवानों के साथ गोंडा से बहराईच जा रही ट्रेन में चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 29 यात्रियों से 8400 रुपए का जुर्माना वसूला।
चकबंदी कानूनगो का निधन
गोंडा जिले के परसपुर में तैनात चकबंदी कानूनगो रामनाथ का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वह अयोध्या के रौनाही के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, आज सुबह वह कार्यालय जाने के लिए तैयार हो रहे थे कि अचानक उनकी तबियत खराब हो गई और घर पर ही मृत्यु हो गयी। दुबरा महंत कोठी में विभागीय कर्मचारियों ने एक शोकसभा कर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की। इस मौके पर एसओसी देवेंद्र सिंह, सीओ सुधीर कुमार राय, लवलेश कुमार मिश्रा, जितेंद्र कुमार वर्मा, अखिलेश कुमार पांडे, प्रीतम कुमार वर्मा, शशि कुमार सोनी, हरगोविंद वर्मा, सुभाष प्रसाद, राम नरेश वर्मा, तेज नरायन श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र कुमार, बंशीलाल वर्मा, सर्वेश शुक्ला, संतदीन आदि मौजूद रहे।
मोटर साइकिल सवार युवक जख्मी
गोंडा जिले के खरगपुर थाना क्षेत्र में कल शाम हुए सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, खरगपुर श्रावस्ती मार्ग पर रामलाल पुरवा गांव के पास मंगलवार की शाम एक बेकाबू कार ने गांव निवासी बाइक सवार मेवा लाल साहू को पीछे से टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि प्रकरण में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
छेड़छाड़ का आरोपी धरा गया
गोंडा जिले के खरगपुर थाने की पुलिस ने एक महिला के साथ छेड़छाड़, हमला करने तथा धमकी देने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र के भुलईडीह गांव निवासी एक महिला ने आरोपी सुनील कुमार कनौजिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।
विकास योजनाओं पर चर्चा
गोंडा जिले के परसपुर विकास खंड के डेहरास में पंचायत सचिव नन्दनी मौर्या के नेतृत्व में बुधवार को एक बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर पंचायत सहायक आँचल कुरील आदि उपस्थित रहे। राजस्व व पुलिस कर्मी नदारत रहे। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कंडरू में पंचायत सचिव देवेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित बैठक में राजस्व विभाग से तिलकराम वर्मा तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे। पंचायत सचिव ने बताया कि बैठक में पेंशन, आवास व शौचालय सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई।
राम और रावण ने भी मांगे विश्वविद्यालय
गोंडा जिले के परसपुर के ग्राम पंचायत लोहंगपुर सहजौरा में सम्मय माता स्थान पर हो रहे रामलीला कार्यक्रम में विजय दशमी के अवसर पर कलाकारों ने अंगद और रावण संवाद का बहुत ही शानदार ढंग से मंचन किया। रामलीला कमेटी के सदस्यों व क्षेत्र के युवाओं ने श्रीराम मांगे विश्वविद्यालय व रावण भी मांगे विश्वविद्यालय का नारा लगाया। रामलीला कमेटी के संरक्षक व पूर्व प्रधान प्रमोद मिश्रा ने बताया कि यह रामलीला कार्यक्रम 21 अक्टूबर से शुरू होकर विजय दशमी के दिन रावण के पुतले के दहन के साथ समाप्त होता है। यह दशहरा मेला 1972 से अनवरत रूप से चलता आ रहा है। विजय दशमी के दिन हजारों के संख्या में स्थानीय लोगों ने रामलीला मंचन का दृश्य देखकर आनंद लिया। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय थाने की पुलिस के अलावा स्वयंसेवक भी मुस्तैद रहे।
विजय बंधु का गोंडा पहुंचने पर स्वागत
एनएम ओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बंधु के स्थानीय स्टेशन पर पहुंचने पर एआईजीसी और एआई एलारसा के पदाधिकारियों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार जब तक पुरानी पेंशन की बहाली नहीं करती है, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने शीघ्र ही गोंडा में अपना कार्यक्रम देने का आश्वासन दिया। हमारे सहयोगी पंकज कुमार भारतीय ने बताया कि इस अवसर पर अटेवा के जिला संयोजक अमर यादव, एलारसा के वरिष्ठ पदाधिकारी सुधीर सिंह, एआईओसी के सहायक सचिव कुमार गौरव, संगठन सचिव राणा प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र त्रिपाठी, कपिल वर्मा, पवन तिवारी, संतलाल, सन्नी गौतम, जितेंद्र यादव, जीपी वर्मा, पिंटू कुमार आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि विजय बंधु, पुरानी पेंशन बहाली के शीर्ष नेता हैं। उनके आहवान पर एक अक्टूबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देश भर से लाखां कर्मचारियों का जन सैलाब उमड़ पड़ा था।
