हाईवे पर आने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश
अभियान चलाकर राजमार्गों पर बने सभी अवैध कट शीघ्र किए जाएं बंद
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिलाधिकारी डॉ उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाए जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव एवं कस्बों से सीधे हाईवे पर आने वाली सड़कों पर टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि कोई भी वाहन तेज गति से हाईवे पर न आ सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान चलाकर हाईवे के सभी अवैध कटों को पूर्ण रूप से बंद किया जाए एवं वैध कटों पर सभी जरूरी साइन प्रदर्शित किये जाए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट को सुधारने को भी कहा। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिये कि हाइवे किनारे स्थित अस्पतालों के डॉक्टरों का इमरजेंसी ट्रामा सर्विस हेतु प्रशिक्षित किया जाये, जिससे दुर्घटना होने पर मरीज को बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके। इससे दुर्घटना में जन हानि होने की संभावना कम होगी।
यह भी पढें : Gonda : 10 को आयोजित होगी मण्डलीय संगीत प्रतियोगिता
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को सभी स्कूली बसों की फिटनेस चेक करने, 108 एंबुलेंस, 112 पुलिस वाहन एवं रोडवेज बसों के वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण करने, प्रमुख चौराहों पर यातायात नियमों संबंधी पोस्टर बैनर लगाने, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई करने, गणतंत्र दिवस पर सभी विभागों में सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाने, अवैध होर्डिंग हटाने, ट्रैक्टर ट्राली के ऊपर रेफ्लेक्टर लगवाने, आम जन को हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन, ड्रंकन ड्राइविंग एवं रांग साइड के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा डीआईओएस को निर्देश दिये कि सड़क सुरक्षा के संबंध में मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को जागरूक किया जाए एवं स्कूली छात्रों के बीच निबंध, पोस्टर, रंगोली, नुक्कड़ नाटक आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए। इसमें एनसीसी एनएसएस एवं स्काउट गाइड के छात्रों को भी शामिल किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, सूचना विभाग को आपस में मिलकर सड़क सुरक्षा के लिए कार्य करने को कहा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, एआरटीओ परिवर्तन शैलेंद्र तिवारी, ट्राफिक इंस्पेक्टर, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रिंसिपल एलबीएस डिग्री कॉलेज प्रो. रवींद्र कुमार पांडेय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, एक्सईएन प्रांतीय खंड प्रमोद त्रिपाठी, एक्सईएन सीडी-1 लालजी, एक्सईएन एनएच अयोध्या एके अरुन सहित संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
