जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ककरहा रनियापुर गांव के निवासी रामसेवक तिवारी के परिजनों ने ग्रामीणों संग गुरुवार को हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोंडा बहराइच मार्ग पर घुचुआपुर में जाम लगाकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पुलिस हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करे। बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज ब्लॉक की पूर्व प्रमुख बीना राज मिश्रा ने कहा कि अगर 3 दिनों के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह थाना से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक का घेराव करेंगी। इस मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने तीन दिन के अंदर खुलासे का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया। इस मौके पर सीओ कर्नलगंज मुन्ना उपाध्याय, सीओ सदर विनय कुमार सिंह समेत कौड़िया, कटरा बाजार, कर्नलगंज, खरगूपुर, इटियाथोक थानों की पुलिस मौजूद रही। बतात चलें कि जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र से दो दिन से लापता एक सेवानिवृत्त कर्मचारी रामसेवक तिवारी का शव पुलिस ने बुधवार की देर शाम बरामद किया था। घटना के अनावरण के लिए एसपी आकाश तोमर ने स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) समेत कई टीमें लगाई गई हैं।
आधार सत्यापन न कराया तो रुक जाएगी पेंशन
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप निदेशक भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दिव्यांग भरण पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) तथा कुष्ठावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे समस्त लाभार्थियों के शत प्रतिशत आधार सीडिंग कराएं। उन्होंने मण्डल में दिव्यांग भरण पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) तथा कुष्ठावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे समस्त लाभार्थियों को सूचित किया है कि वे किसी भी जनसेवा केन्द्र अथवा लोकवाणी केन्द्र या स्मार्ट फोन द्वारा www.sspy-up.gov.in पोर्टल पर अपना मोबाइल नम्बर पंजीकृत करते हुए स्वंय अपना आधार सत्यापन करना सुनिश्चित करें। यदि किसी दिव्यांगजन को आनलाइन आधार सत्यापन किसी कारण वश नही हो पा रहा है तो वे किसी भी कार्यालय दिवस में अपने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर अपना आधार सत्यापित करा सकते है। उन्होंने बताया है कि दिव्यांगजनों द्वारा अपनी पेंशन में आधार सत्यापित नही कराने पर वर्ष 2022-23 की द्वितीय किश्त का भुगतान निदेशालय द्वारा किया जाना सम्भव नहीं होगा।
अवैध गांजा के साथ एक गिरफ्तार
जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने हासिम पुत्र स्व. मेंहदी हसन निवासी दीनपुरवा मौजा रामापुर थाना तरबगंज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। अभियुक्त के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।
तीसरे दिन भी लापता दवा व्यवसायी का सुराग नहीं
कर्नलगंज कस्बे के गांधी नगर मोहल्ला निवासी मंगलवार की दोपहर से लापता दवा व्यवसायी युवक पीयूष गुप्ता उर्फ़ विभु पुत्र सतीश गुप्ता का आज तीसरे दिन भी पता नहीं चला है। परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगायी है। परिजनों ने बताया कि उनका पुत्र दोपहर लगभग एक बजे लाल रंग की टीशर्ट, ब्लू जींस पहनकर कहीं लापता हो गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हेल्मेट बाबा को एएसपी ने किया सम्मानित
यातायात जागरूकता को लेकर पिछले एक दशक से अभियान चला रहे राजेश प्रजापति उर्फ हेल्मेट बाबा के गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और यातायात निरीक्षक अभिनव प्रताप सिंह ने उन्हें अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। गुरुनानक चौक स्थित यातायात कार्यालय पर आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में हेलमेट बाबा ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए एएसपी शिवराज ने दो पहिया वाहनों पर हेलमेट प्रयोग करने व दो ही सवारी बैठकर चलने, चार पहिया वाहनों पर सीट बेल्ट लगाकर चलने, हमेशा ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबधी प्रपत्रों को साथ रखने, यातायात के नियमों का पालन करने, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन को पास दिए जाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन पर बात न करने, तेज गति से वाहन न चलाने, गलत साइड से ओवर टेकिंग न करने, वाहन की नियमित जाँच तथा सर्विस कराने तथा पर्यावरण को प्रदूषित न करने इत्यादि के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया। बताते चलें कि औरैया जिले के रहने वाले रमेश प्रजापति उर्फ हेलमेट बाबा गुरुवार को जनपद मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने हेलमेट लगाकर साइकिल चलाकर बाइक चलाने वाले लोगों को जागरूक किया। गुरुनानक चौक से उतरौला रोड तक निकाली गई जागरूकता रैली में उन्होंने बताया कि लगातार हो रहे सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कई लोग दिव्यांग हो चुके हैं। इसलिए दोपहिया वाहन पर सवार दोनों लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। रैली में शामिल बच्चों को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने समोसे और बर्फी भी खिलाई। इस मौके पर कोतवाल पंकज सिंह, गुरुनानक चौकी प्रभारी भानू प्रताप सिंह और रोडवेज चौकी प्रभारी एसके मौर्या समेत यातयात कर्मचारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी शत्रोहन पुत्र राधेश्याम मिश्रा निवासी ग्राम सिकोरी पुरवा मौजा सोनहरा थाना कर्नलगंज को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त ने थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था तथा उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस सम्बन्ध में लड़की के पिता द्वारा स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 363, 366, 376 व 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
चलती बाइक पर सांप ने डसा
वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नियामतपुर में कार्यरत रोजगार सेवक के पति विमल कुमार को गुरुवार की सुबह जहरीले सांप ने डंस लिया। पीड़ित के भाई मनोज कुमार ने बताया कि उसका भाई आज सुबह किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर चौबेपुरवा (खोंझवा) जा रहा था। रास्ते में चकमार्ग पर झाड़ियों में बैठे सांप ने चलती बाइक पर ही डस लिया। उसने मुडकर देखा तो सांप दिखाई पड़ा। उसने तत्काल अपने घर पहुंच कर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने उसे अयोध्या के एक निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी मो. फैजान पुत्र रमजान निवासी मोहल्ला आजाद नगर कस्बा मनकापुर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ने थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की के साथ उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ किया था। प्रकरण में पीड़िता के परिजन द्वारा स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 458, 354, 504, 506 व 7/8 पाक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया था। उप निरीक्षक रामदेव ने मय टीम आज अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
तकनीकी कुशलता प्रशिक्षण का साक्षात्कार 31 को
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा अनुसूचित जाति अन्य पिछडा वर्ग के बेरोजगार युवक युवतियों में तकनीकी कुशलता बढ़ाने हेतु चार माह का विशेष प्रशिक्षण दिये जाने हेतु योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत इच्छुक व पात्र व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया जाना है। यह जानकारी देते हुए जिला उद्योग प्रोत्साहन केन्द्र के उपायुक्त राम मिलन ने बताया कि जिन लाभार्थियों द्वारा इस योजना में आवेदन किया गया है, उनके चयन हेतु संयुक्त आयुक्त उद्योग की अध्यक्षता में साक्षात्कार आगामी 31 अगस्त को अपरान्ह 11 बजे जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र कार्यालय में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवेदक अपने मूल अभिलेख के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय से उपस्थित होने का कष्ट करें।
पूर्व सांसद पर 10 माह पुराने मामले में जानलेवा हमले का मुकदमा
बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर, दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं उनकी पत्नी हुमा जहीर और दामाद रमीज पर करीब 10 माह पुराने मामले में जानलेवा हमला का मुकदमा तुलसीपुर थाने में दर्ज हुआ है। यह मुकदमा तुलसीपुर के पूर्व विधायक मशहूद खां के भाई अब्दुल महमूद ने दर्ज कराया है। रिजवान व रमीज तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या की साजिश रचने में पहले से ही जेल में निरुद्ध हैं। अब रिजवान की पत्नी पर भी पुलिस का शिकंजा कस गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की है। अब्दुल महमूद ने बताया कि उनकी जमीन पर पूर्व सांसद रिजवान जहीर व उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सैय्यदा हुमा फातिमा ने अवैध कब्जा कर लिया था। वह शिकायत लेकर गए तो रिजवान व उनके दामाद रमीज ने उन्हें पटककर गला घोंटने की कोशिश की। वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। यह घटना लगभग दस साल पुरानी है। तुलसीपुर के प्रभारी निरीक्षक कुंवर प्रभाकर सिंह ने बताया कि इस सम्बन्ध में 13 अगस्त को पूर्व सांसद उनकी पत्नी व दामाद के विरुद्ध हत्या प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
नेपाली बालाओं के साथ दुष्कर्म के आरोपियों पर गैंगेस्टर तामील
जिले के हर्रैया थाने की पुलिस ने गत माह नेपाल राष्ट्र की दो लडकियों के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में चार आरोपियों रामचंद्र उर्फ चंदर उर्फ मुन्ना लाल पासवान पुत्र स्वर्गीय राम नरेश, (गैंग सरगना) समेत राजेंद्र पासवान पुत्र राधेश्याम, राकेश पासवान पुत्र राम सिपाही पासवान तथा पिंटू पासवान पुत्र उदय नारायण पासवान निवासी गण ग्राम जयरामपुर खादर थाना हर्रैया पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि सभी अभियुक्त पहले से ही जेल में निरुद्ध हैं। उन पर गैंगेस्टर तामील करा दिया गया है।
जंगल से लकड़ी चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार
रेहरा बाजार थाने की पुलिस ने स्थानीय थाने पर दर्ज अभियोग अन्तर्गत धारा 379/411 भादवि, 4/10 भारतीय वन संरक्षण अधिनियम एवं 3/28 ट्रांजिट एक्ट से संबंधित 05 अभियुक्तों चेतराम पुत्र राजाराम, इरफान पुत्र अलीम, मो. उस्मान पुत्र दीन मोहम्मद, अनुज कुमार मिश्रा पुत्र रामदास मिश्रा, अली अब्बास पुत्र अच्छन हुसैन को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया।

यह भी पढें : अब स्कूलों में खेल जाएंगे गिल्ली डंडा, इक्कल-दुक्कल समेत ये 75 देशी खेल
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
