प्रदीप पांडेय
गोंडा। जिले के इटियाथोक कस्बे व बाजार में व्यापार मंडल के नेतृत्व में तमाम व्यापारियों ने जीएसटी के सर्वे और छापेमारी का विरोध किया व जमकर नारेबाजी की। सभी ने इस छापेमारी को तत्काल रोकने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिम्मेदारों को सौंपा। शनिवार की सुबह इस छापेमारी व सर्वे के विरोध में इटियाथोक बाजार के अनेक व्यापारी सड़क पर उतरकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। दोपहर 12 बजे तक बाजार की अधिकांश दुकाने बंद रही और ग्राहक परेशान रहे। बता दे कि यहां व्यापार मंडल के दो संगठन सक्रिय है। एक संगठन ने कस्बे के मुख्य चौराहे पर एसडीएम सदर विनोद कुमार सिंह को तो दूसरे ने थाने में सीओ सदर शिल्पा वर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौपा और इस कार्रवाई को तत्काल बंद करने की मांग हुई। इस दौरान बाजार के निवासी व सीए सुमित जैन ने व्यापारियों को उपयोगी जानकारियां भी दी। व्यापार मंडल के पदाधिकारी महेंद्र जैन ने कहा कि यूपी सरकार के आदेश पर पूरे प्रदेश में जीएसटी सर्वे व छापेमारी हो रही है, इससे व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञापन देकर इसको तत्काल रोकने की मांग हुई है। पदाधिकारी राजन चौरसिया ने कहा कि इस सर्वे से इंस्पेक्टर राज व भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे व्यापारी वर्ग परेशान होगा। उन्होंने कहा कि इसे तत्काल प्रभाव से रोका जाना चाहिए। पदाधिकारी संतोष चौरसिया ने कहा कि इस कार्रवाई से दुकानदारों में भय व्याप्त है और दो तीन दिनों से लगातार अनेक लोग दुकान बंद कर इधर उधर भटक रहे है और आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से सर्वे छापेमारी बंद थी। लेकिन इस बार सर्वे छापेमारी जीएसटी की होने लगी है। इससे व्यापारी वर्ग डरा हुआ है और परेशान है। यह इंस्पेक्टर राज की तरह ही है। इसलिए इस छापेमारी को तत्काल रोका जाना चाहिए।

