जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश के नामी पहलवानों द्वारा जारी धरने के बीच भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष व कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपना पक्ष रखा है। बीती रात जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर नवाबगंज स्थित अपने आवास पर एक निजी टीवी चैनल से बातचीत करते हुए उन्होंने अपराधी बनकर पद छोड़ने से साफ इंकार किया। हालांकि उन्होंने कहा कि वह देश की जनता, पार्टी, सरकार, फेडरेशन और खिलाड़ियों से ऊपर नहीं हैं।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा चन्द खिलाड़ियों का धरना ‘शाहीन बाग का धरना’ है। धरने पर बैठे खिलाड़ी वहां अपना कैरियर नहीं, राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं, क्योंकि उनका कैरियर लगभग खत्म हो चुका है और उनके हाथ अब कोई बड़ा मेडल आने की संभावना न के बराबर है। उन्होंने कहा कि धरना दे रहे खिलाड़ी कांग्रेस और दीपेंद्र हुड्डा के हाथ का खिलौना बन चुके हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि इस प्रकार की साजिश करीब तीन दशक पूर्व भी कांग्रेस द्वारा मेरे साथ की गई थी। एक बार पुनः वही साजिश दुहरायी जा रही है। मैने पहले ही कहा था कि यह कोई षड्यंत्र है और इसके पीछे बड़ी ताकतें लगी हैं। अब वह ताकतें खुलकर सामने आ गईं हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और हरियाणा के नेता दीपेंद्र हुड्डा के बयान और ट्वीट के बाद तस्वीर साफ होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हमला मेरे ऊपर ही नहीं है, मेरे बहाने भारतीय जनता पार्टी पर हमला है। जान बूझकर हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के वक्त इसका समय तय किया गया है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘15 दिन पहले तक यही खिलाड़ी मेरे सम्मान में कसीदे पढ़ते थे और मुझे भगवान बताते थे, किन्तु अचानक ऐसा क्या हो गया कि मैं खलनायक बन गया।’ उन्होंने अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए कहा, ‘अपने कैरियर के ढ़हान पर पहुंच चुके इन आन्दोलनकारी खिलाड़ियों को जब फेडरेशन द्वारा लागू की गई कुश्ती की नई नीति से दिक्कतें महसूस होने लगीं तो वे विरोध पर उतर आए। नई नीति में कहा गया है कि अब सभी खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से नेशनल खेलना पड़ेगा और जो नेशनल नहीं खेलेगा, वह टीम इंडिया का पार्ट नहीं होगा। इसके बाद इन लोगों को दिक्कतें शुरू हो गई।’ उन्होंने कहा कि हरियाणा के चंद खिलाड़ियों को छोड़कर धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में देश का एक भी खिलाड़ी नहीं है। समर्थन देने वाले खिलाड़ी भी हरियाणा के एक ही घराने के हैं। एक दिन बाद नंदिनी नगर में कुश्ती की नेशनल चैम्पियनशिप शुरू हो रही है। आप देखिएगा, यहां देश के कोने-कोने से पहलवान आकर अपना दांव दिखाएंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष ने कहा, ‘हालांकि वर्तमान में मुझे सवाल करने का अधिकार नहीं है। फिर भी एक सवाल पूछना चाहता हूं। मैं 10 साल से फेडरेशन का अध्यक्ष हूं। पहलवान साक्षी मलिक कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक शोषण के आरोपों की जांच के लिए बनी समिति की सदस्य है। क्या उसके संज्ञान में आज तक यौन शोषण का एक भी मामला लाया गया?’ उन्होंने कहा, ‘जहां पर यौन उत्पीड़न की बात कही जा रही है, वह कोई मेरा कैम्पस नहीं है। वह साई का कैम्पस है। वहां सरकार के बड़े अधिकारी बैठते हैं। क्या आज तक उनसे इस संबंध में किसी ने एक भी शिकायत की। यह सब कांग्रेस की सोची समझी चाल है और हरियाणा में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गोलबंदी है।’ विनेश फोगाट द्वारा शोषण के सबूत सार्वजनिक करने के लिए मजबूर न किए जाने के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा, ‘मैंने पहले दिन ही कहा था कि यदि किसी के पास कोई सबूत है, तो उसे देश की जनता के सामने रखा जाए। और यह काम पहले दिन ही उन्हें करना चाहिए था।’ इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘अभी मैंने 22 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। फेडरेशन मेरा अकेला नहीं है। मैं फेडरेशन का चुनाव हुआ पदाधिकारी हूं। उसमें फेडरेशन के पदाधिकारियों और कोच पर खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए आरोप पर विस्तृत चर्चा करने के उपरांत कोई निर्णय लिया जाएगा। वैसे पहले दिन केवल मेरे ऊपर आरोप लगाया गया था। अब पूरे फेडरेशन को भंग किए जाने की मांग की जा रही है। इस प्रकार से तो कोई कुछ भी मांग कर सकता है कि आप सरकार को भंग कर दीजिए। कांग्रेस मुझे 1996 में भी जेल ले गई थी। उस समय भी मैं बाइज्जत जेल से बाहर आया था। मुझे जेल की परवाह नहीं है। पार्टी का हर निर्णय मुझे स्वीकार है। हमारे नेता, खेल मंत्री जो भी आदेश देंगे, शिरोधार्य है। मैं पार्टी, देश की जनता और पहलवानों से ऊपर नहीं हूं। किन्तु मैं अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दे सकता। मैं सीबीआई समेत दुनिया की किसी भी एजेंसी से जांच के लिए तैयार हूं।’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुझे बदनाम करने के पीछे यह सोची समझी साजिश है। जिस उद्योगपति का हमने जिक्र किया था, हालांकि अभी मेरे पास पुख्ता सबूत नहीं है, किन्तु जांच में वह भी नाम सामने आ जाएगा।
रेडियो अवध पर विज्ञापन के लिए संपर्क करें :
रेडियो अवध के माध्यम से अपने संस्थान व प्रतिष्ठान का प्रचार कराने तथा अपने परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों व शुभचिंतकों को उनके जन्म दिवस तथा मैरिज एनिवर्सरी आदि पर शुभकामनाएं देने के लिए 955400905 और 7800018555 पर संपर्क करें!
क्या आप RJ बनना चाहते हैं?
रेडियो जॉकी (RJ) के रूप में अपना करियर बनाने के इच्छुक युवक युवतियों के सहयोग के लिए तैयार है रेडियो अवध 90.8! प्रशिक्षण के लिए संपर्क करें : 9554000908
मार्केटिंग के लिए युवक चाहिए…
रेडियो अवध 90.8 FM को मार्केटिंग के लिए इच्छुक उत्साही युवक एवं युवतियों की आवश्यकता है। आकर्षक वेतन एवं बोनस भी देय है। संपर्क करें : 9554000908/ 9628000908
