जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के भारतीय ऊष्ण कटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे द्वारा लांच किए गए ‘दामिनी ऐप’ द्वारा आकाशीय बिजली गिरने को लेकर एकदम सटीक भविष्यवाणी की जा रही है। शुक्रवार को 10 बजे से 11 बजे के बीच में जिला मुख्यालय से 20 किमी. की परिधि के अंदर आकाशीय बिजली गिरने के बारे में चेतावनी दी गई थी। वह बिल्कुल सही साबित हुई और जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के भरथा इटहिया ग्राम पंचायत के पाटन गौढ़ी गांव में बरसात के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो छोटी-छोटी बच्चियां घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुशीला (35) पत्नी जग प्रसाद यादव शुक्रवार को पूर्वान्ह अपने खेत में धान की रोपाई कर रहीं थी। तभी अचानक आसमान से तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। खेत के पास में ही मौजूद उनकी दो छोटी-छोटी बच्चियां भी घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मदन लाल गौतम व राजस्व विभाग की टीम ने कागजी औपचारिकताएं पूरी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। बताया जाता है कि मृतका का पति लुधियाना में नौकरी करता है। बताते चलें कि ‘हिन्दुस्तान डेली न्यूज’ ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के इनपुट पर आज पूर्वान्ह ही जिले में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त करते हुए लोगों से बरसात के दौरान घर से निकलते समय सुरक्षित रहने की अपील की थी।
दामिनी ऐप की विशेषताएं
यह ऐप किसी स्थान विशेष से 20 किमी के दायरे में बिजली गिरने की चेतावनी जारी करता है। इस ऐप की मदद से मोबाइल फोन पर लोगों को वज्रपात के बारे में अलर्ट मिल सकेगा। बिजली गिरने का एलर्ट 30 से 40 मिनट पहले आडियो और एसएमएस के जरिए आ जाएगा। इस ऐप के जरिए लगभग 40 वर्ग किलोमीटर के दायरे में वज्रपात का सटीक पूर्वानुमान मिलेगा। देश के 48 हिस्सों में 48 सेंसर्स के साथ लाइटिंग लोकेशन नेटवर्क स्थापित किया गया है जिससे यह बिजली की गड़गड़ाहट और वज्रपात की गति के बारे में सटीक जानकारी उपलब्ध करा पाता है।
ऐसे इस्तेमाल करें दामिनी ऐप
यह ऐप मुफ्त है। इस ऐप को हम प्ले-स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। डाउनलोड करने के बाद ऐप में रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लोकेशन की जानकारी देनी होगी। इसके उपरान्त यह काम करना शुरू कर देगा और एलर्ट जारी करेगा। यदि हम आकाशीय बिजली गिरने वाले संभावित इलाके में हैं, तो खुले खेतों, पेड़ों के नीचे, पहाड़ी इलाकों, चट्टानों के आसपास बिल्कुल न जाएं। इसके साथ ही धातुओं के बर्तन धोने और नहाने से बचें। बारिश और जमा पानी में खड़े होने से बचें। इसके अलावा छाते का इस्तेमाल भी न करें। बिजली के हाइटेंशन तारों और टावर से दूर रहें। इस प्रकार के कुछ ऐहतियाती उपाय करने से आकाशीय बिजली गिरने के बाद भी हमारे सुरक्षित रहने की संभावना ज्यादा रहती है।
यह भी पढें : शासन ने जिले को सराहा, योग दिवस में गाड़ा था झंडा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
