Sunday, March 29, 2026
Homeराष्ट्रीयGonda : सड़क हादसे में एक मासूम समेत तीन की मौत

Gonda : सड़क हादसे में एक मासूम समेत तीन की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार को पूर्वान्ह हुए एक सड़क हादसे में एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में गोंडा उतरौला मार्ग पर सोहिला गांव के पास आज पूर्वान्ह करीब नौ बजे एक कार और मोटर साइकिल में आमने सामने भिड़ंत हो गई। परिणाम स्वरूप बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज गोंडा रेफर कर दिया गया। यहां पर उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि मृतकों में मुजेहना निवासी मिश्री लाल (55) अक्षय (नौ) तथा मोतीगंज थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी नीरज (30) शामिल हैं। धानेपुर थाने की पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कार को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। उन्होंने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular