जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार की देर रात हुए एक हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय ने आज रात बताया कि स्थानीय थाना क्षेत्र के कोचा कासिमपुर गांव निवासी विनय कुमार (25) व सुमित (20) पुत्रगण हरी राम कनौजिया अपने एक दोस्त शुभम उर्फ राजा (18) पुत्र सहजराम सैनी के साथ करीब आठ बजे चौरी चौराहा स्थित अपनी दुकान बंद करके मोटर साइकिल से गांव लौट रहे थे। वे खराब मौसम के कारण कुछ देर पहले ही एक शीशम के पेड़ के विद्युत पोल पर गिर जाने के कारण टूटे हुए तार की चपेट में आ गए, जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रहा था। उधर से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने उन्हें तड़पता देखकर विद्युत उपकेंद्र को फोन करके लाइन बंद करवाया और इसके बाद उन्हें लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डा. मोहम्मद मुदस्सिर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल उपजिलाधिकारी हीरालाल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीएम की तरफ से पीड़ित परिवार को नियमानुसार दैवी आपदा के तहत अहेतुक सहायता प्रदान किए जाने की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।
