15 से 19 दिसंबर तक आयोजित होंगे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं
सीडीओ की देखरेख में चल रही तैयारियां, बूचड़घाट व फांसी घर का किया निरीक्षण
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत इस वर्ष उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के अमर शहीदों के बलिदान दिवस को ऐतिहासिक व स्मरणीय बनाने की तैयारी है। इस क्रम में काकोरी की इस घटना से सम्बंधित राज्य के पांच जिलों में पांच दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित करके युवा पीढ़ी को अमर शहीदों के बलिदानों से परिचित कराने निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम के निर्देश पर जिले में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी रेलवे स्टेशन पर अब से करीब 97 वर्ष पूर्व 09 अगस्त 1925 को घटित ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ से जुड़े चार नायकों राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को 17 दिसंबर 1927 को गोंडा जेल में तथा राम प्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर, अशफाक उल्ला खां को फैज़ाबाद (अब अयोध्या) तथा रोशन सिंह को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) की जेल में 19 दिसंबर 1927 को फांसी दे दी गई थी। उनके बलिदान से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से शासन ने इस बार राज्य के इन सभी पांच जिलों में 15 दिसम्बर से 19 दिसम्बर तक पांच दिवसीय विशेष आयोजन किए जाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में गोंडा जेल में हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी के बलिदान दिवस पर यहां भी पांच दिवसीय विशेष आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा मिले निर्देश के क्रम में भब्य तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि 15 से 19 दिसम्बर तक चलने वाले पांच दिवसीय आयोजन में मुख्य कार्यक्रम 17 दिसम्बर को मण्डल कारागार परिसर में किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नगर के डा. सम्पूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हाल) में 15 दिसंबर को सायंकाल जिले के जनप्रतिनिधियों की विशिष्ट उपस्थिति में अवधी गायन व देशभक्ति नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 16 दिसंबर को यहीं पर भजन व फरवाही नृत्य का आयोजन किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम 17 दिसंबर को जेल परिसर में होगा। इस दिन प्रातःकाल स्कूली बच्चों, युवक/महिला मंगल दल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवकों आदि द्वारा तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जो मण्डल कारागार पर जाकर समाप्त होगी। अमर शहीद के फांसी घर के समक्ष पुलिस बैंड द्वारा सलामी दी जाएगी। इस मौके पर शांति हवन, सर्व धर्म पाठ, पौधरोपण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों के सम्मान के अलावा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक भी किए जाएंगे। 18 दिसंबर को आल्हा व बिरहा गायन तथा देशभक्ति नृत्य का आयोजन होगा। पांच दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतिम दिन 19 दिसंबर को राष्ट्रभक्ति व वीर रस का कवि सम्मेलन का भी आयोजित किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक के संयोजन में स्कूली बच्चों के मध्य कराए गए निबंध, रंगोली व फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेता छात्र छात्राओं का सम्मान समारोह भी अंतिम दिन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा गांधी पार्क में विभिन्न सरकारी विभागों की तरफ से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने गौरव कुमार ने मंगलवार को लाहिड़ी जी के समाधि स्थल बूचड़ घाट तथा जेल परिसर में बने फांसी घर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे बलिदान दिवस के अवसर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों हेतु सभी तैयारियां पूरी कर लें और ज्ञानवर्धन प्रदर्शनी लगाकर लोगों को स्वतंत्रता संग्राम से परिचित कराएं।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
