क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल बनकर घर लौटने पर भब्य स्वागत
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। थाईलैण्ड में आयोजित एक प्रतियोगिता में क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल 2022 का खिताब जीतकर घर लौटी नगर की लोकप्रिय चिकित्सक डा. अनीता मिश्रा ने कहा है कि मन में लगन हो, तो बड़े से बड़ा काम भी मुश्किल नहीं है। एक छोटा इंसान भी बड़ा काम कर सकता है। खिताब जीतने के बाद शहर पहुंचने पर गुरुवार को पहली बार पत्रकारों से मुखातिब डा. मिश्रा ने कहा कि अपने देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अब तो दुनिया के लोग भी यह बात मानने लगे हैं। उन्होंने बताया कि थाइलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उन्होंने यह खिताब अपने नाम किया है। डॉ. अनीता के पति व गोंडा मेडिकल सेंटर के संचालक डा. पुण्योदय मिश्रा ने कहा कि डा. अनीता बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ होने के साथ ही वह आईवीएफ केन्द्र की संचालिका भी हैं। साथ ही उन्हें डांस और गाने का खास शौक रहा है। उनके इस प्रतियोगिता के जीतने में देशवासियों द्वारा किए गए समर्थन का बहुत बड़ा योगदान है। डा. अनीता मिश्रा द्वारा अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पति डा. पुण्योदय मिश्रा को दिए जाने पर उन्होंने कहा कि हम दोनों के बीच अच्छी समझ है, जो किसी भी पति-पत्नी के बीच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह दाम्पत्य जीवन में हमेशा उस सिद्धान्त का अनुसरण किया है कि मुझसे आगे मत चलो, हो सकता है मैं तुम्हारे साथ न चल सकूं। मुझसे पीछे मत चलो, हो सकता है मैं तुम्हारी प्रतीक्षा न कर सकंू। हमेशा एक अच्छे दोस्त की तरफ साथ-साथ चलें। बताते चलें कि नगर की सुविख्यात चिकित्सक डा. अनीता मिश्रा ने गत वर्ष उदयपुर में आयोजित क्लासिक मिसेज इंडिया 2021-22 का खिताब जीतकर गोंडा जनपद के नाम को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया था। अपने अथक प्रयास से उन्होंने इस वर्ष थाईलैंड में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल 2022-23 के ताज को हासिल कर पुनः देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह कार्यक्रम ईआरएम थाईलैण्ड द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विश्व के जापान, मलेशिया, कोरिया, थाईलैण्ड, कनाडा आदि 24 देशों की प्रतिभाओं को छह राउंड के कठिन प्रतिस्पर्धा में अपने को साबित करना होता है। डा. अनीता मिश्रा ने क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल 2022-23 के ताज के साथ-साथ मिसेज पापुलरिटी और टैलेंट क्वीन के खिताब की उपविजेता बनीं। जनपद वासियों में इस खबर से खुशी की लहर व्याप्त है और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाइयों का तांता लगा है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
