Sunday, March 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : यूपी पुलिस के अफसर ने नीदरलैंड में लहराया तिरंगा

Gonda : यूपी पुलिस के अफसर ने नीदरलैंड में लहराया तिरंगा

एम्सटर्डम में चल रहे विश्व पुलिस एंड फायर गेम्स में जटा शंकर मिश्रा ने जीता कांस्य पदक

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। देवीपाटन मण्डल मुख्यालय पर पुलिस विभाग में मण्डलाधिकारी के पद पर तैनात जटा शंकर मिश्रा सात समंदर पार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में चल रही विश्व पुलिस एंड फायर गेम्स प्रतियोगिता 2021 में 100 मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीता है। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर, पीएसी के सेनानायक त्रिभुवन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज समेत अनेक पुलिस अधिकारियों ने यूपी पुलिस की इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
एम्सटर्डम से ‘हिन्दुस्तान डेली न्यूज’ से फोन पर वार्ता करते हुए जटा शंकर मिश्रा ने बताया कि वह नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में 22 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाली 19वीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2021 प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 20 जुलाई को पहुंचे थे। उनके साथ उत्तर प्रदेश कैडर के दो आईपीएस अधिकारी आकाश कुलहरी व विजय ढुल तथा एक आरक्षी गगनदीप भी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए एम्सटर्डम में हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित 100 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विश्व के करीब 80 देशों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल करके कांस्य पदक प्राप्त किया। यहां 40 से अधिक स्थानों पर 63 प्रतिस्पर्धाओं में पुलिस, अग्निशमन, सीमा शुल्क और सुधार विभागों में काम करने वाले लगभग 10,000 खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। मिश्रा के अनुसार, उन्हें आगे की कुछ और प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेना था किन्तु स्वास्थ्य कारणों से यहां आयोजित होने वाली किसी भी अन्य प्रतिस्पर्धा में अब वह भाग नहीं ले रहे हैं। उनका लक्ष्य 2024 में कनाड़ा में आयोजित होने वाले विश्व पुलिस एंड फायर गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। इसके लिए वह अभी से पूर्ण निष्ठा एवं लगन के साथ जुटेंगे। उन्होंने बताया कि 1984 से वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स प्रतियोगिता हर दो साल के अंतराल पर दुनिया के अलग-अलग देशों में आयोजित होती रहती है, जिसमें दुनिया के अनेक देशों के खिलाड़ी प्रतिभाग करते हैं। किन्तु विश्व व्यापी कोरोना संकट के कारण 2019 के बाद से इसका आयोजन नहीं किया जा सका था। वर्ष 1998 में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदकर जीतकर खेल कोटे से 1999 में उप्र पुलिस में उप निरीक्षक के रूप में कैरियर की शुरुआत करने वाले मिश्रा ने सेवा में आने के बाद भी अपने को खेल से अलग नहीं रखा। वर्ष 2000 का ओलम्पिक खेलने के कारण एक वर्ष बाद ही विभाग ने उनकी पदोन्नति निरीक्षक पद पर कर दी। इसके बाद उन्होंने 2002 में कोरिया तथा 2003 में स्वीडन में आयोजित प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश और विभाग का नाम रोशन किया। अगस्त 2019 में चीन के सिचुआन प्रांत के चेंगदू में वह कांस्य पदक लाकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यूपी के अलावा देश के कई अन्य राज्यों से भी खेल प्रेमी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। इन अधिकारियों में आईटीबीपी के आईजी एसबी शर्मा, हरियाणा कैडर के डीआइजी कुलविंदर सिंह, तेलंगाना पुलिस के डीसीपी श्रीबाला आदि शामिल हैं। वह भारत के प्रधानमंत्री की ओर से खेल के बढ़ावा और फिट इंडिया की मुहिम से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों में फिटनेस लाने की संस्कृति विकसित करने के लिए काफी अच्छा प्रयास कर रही है।

Gonda : यूपी पुलिस के अफसर ने नीदरलैंड में लहराया तिरंगा

यह भी पढें : 40 हजार में बिका था 600 लीटर ’जहर’, 28 की मौत

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular