भारत को विश्व के लिए खोलनी होगी अपनी अर्थ व्यवस्था-प्रतीक भूषण
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा है कि भारत की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर 2047 में यदि हम विश्व गुरु बनने का सपना देख रहे हैं तो इसके लिए हमें अपनी अर्थ व्यवस्था को पूरी समझदारी, जिम्मेदारी और सूझबूझ के साथ नाप तौलकर खोला जाए। उन्होंने कहा कि हम सरकार में बैठे लोगों, देश के नीति निर्माताओं और उनका पालन कराने वालों से अनुरोध करते हैं कि अब इस दिशा में गंभीरता से सोचने का समय आ गया है। वह डा. सम्पूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हाल) में नेहरू युवा केन्द्र के सौजन्य से आयोजित ‘युवा उत्सव‘ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्हांने कहा कि इकोनामी खोलने में यदि हमने यूरोप का अनुसरण किया तो उचित नहीं होगा, क्योंकि ऐसा करने से उनके यहां उद्योग और पर्यटन तो बहुत आ गया किन्तु आज उनके पास जलाने के लिए गैस नहीं है और वे लकड़ी काटकर ठण्डक से निपटने का इंतजाम कर रहे हैं। हमें चीन का भी अनुकरण नहीं करना है, जिसने मौकापरस्ती करके पूरी दुनिया के लोगों को फैक्ट्री का गुलाम बनाकर रखा है। उन्होंने कहा कि हमें देश के 130 करोड़ लोगों के एक्सपोजर को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में कदम बढ़ाने की जरूरत है। प्रतीक भूषण ने कहा कि अपनी सांस्कृतिक और राजनीतिक ताकत के बदौलत 18वीं शदी में भारत का झण्डा बुलंदियों पर था। अंग्रेजी शासन काल के 200 वर्षों में हम बुरी तरह से टूट गए। आज एक बार फिर से हम ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ते हुए महाशक्ति बनने की तरफ अग्रसर हैं। नब्बे के दशक के आसपास चीन और भारत की अर्थ व्यवस्था लगभग समान थी, किन्तु आज वह हमसे कहीं आगे है। विश्व की 35 फीसद आबादी केवल चीन और भारत में रहती है। भारत की 130 करोड़ की आबादी में 41 फीसद लोग किसान हैं, जिनके कंधों पर 68 फीसद लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। हमें कृषि क्षेत्र में नई तकनीक लाकर किसानों को समृद्ध करना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद श्रीमती केतकी सिंह ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए नकद पुस्कार प्रदान किया।

यह भी पढें : उपासना पाण्डेय बनी डिप्टी SP, आठ बच्चे PCS में चयनित
नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक तरंग सारस्वत ने बताया कि इससे पूर्व एलबीएस पीजी कालेज में कविता लेखन, चित्रकला व मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता कराई गई। भाषण, युवा संवाद व सांस्कृति कार्यक्रमों की प्रतियोगिता का आयोजन टाउन हाल में किया गया। बाद में अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने बताया कि कविता लेखन प्रतियोगिता में आयुषि सिंह ने प्रथम, दिव्या पटेल ने द्वितीय तथा हिमांशु पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में साक्षी तिवारी को प्रथम, प्रियांशी साहू को द्वितीय तथा अदिति को तृतीय स्थान मिला। मोबाइल से प्रकृति की सुंदर फोटोग्राफी प्रतियोगिता में पंजिका गुप्ता को प्रथम, स्वाती शुक्ला को द्वितीय तथा कोमल शुक्ला को तृतीय स्थान मिला। भाषण प्रतियोगिता में श्रृष्टि को प्रथम, अपर्णा सिंह को द्वितीय तथा आलोक को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में शिवानी तिवारी एंड पार्टी को प्रथम, नवर्षि एंड ग्रुप को द्वितीय तथा अंतिमा सोनी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, एलबीएस पीजी कालेज प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह, प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य नियंता प्रो. एसबी सिंह, मीडिया प्रभारी प्रो. शिव शरण शुक्ल, डा. ममता शुक्ला, नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय की प्राचार्य डा. आरती सिन्हा, रुचि मोदी, किरन पाण्डेय, शेफाली पाण्डेय, समता धनकानी, भाजपा नेता राकेश तिवारी, विनय श्रीवास्तव समेत विभाग के अनेक कर्मचारी व स्वयं सेवक मौजूद मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एलबीएस कालेज की प्रो. रेखा शर्मा ने किया।

यह भी पढें : 17 साल पुराने दंगे में 41 दोषी, 36 गए जेल
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
