जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार को एक निजी विद्यालय में पांच साल की एक बालिका के साथ उसी विद्यालय में पढ़ने वाले दो नाबालिग बच्चों ने गंदा काम किया। पुलिस ने दोनों बच्चों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार को बताया कि जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में स्थित विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ उसके विद्यालय में ही पढ़ने वाले आठ और 10 वर्ष के दो बच्चों ने शुक्रवार को भोजनावकाश के दौरान विद्यालय के पीछे ले जाकर बारी_बारी से गलत काम किया। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने कहा कि दोनों बच्चों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बालिका तथा उसके कपड़ों को शनिवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस दोनों बच्चों तथा विद्यालय प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, बच्चों ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखकर यह कृत्य किए जाने की बात स्वीकार किया है।
