Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : भीषण सड़क में दो श्रद्धालुओं की मौत, नौ जख्मी

Gonda : भीषण सड़क में दो श्रद्धालुओं की मौत, नौ जख्मी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बीती रात गोंडा-अयोध्या राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में पड़ोसी राष्ट्र नेपाल निवासी दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए गोंडा और अयोध्या के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि नेपाल के कपिलवस्तु से तीर्थाटन के लिए यात्रियों का एक जत्था अयोध्या आया हुआ था। मंगलवार की देर रात एक टैम्पो में सवार होकर सभी लोग गोंडा वापस लौट रहे थे। उन्हें यहां से ट्रेन पकड़कर नेपाल जाना था। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम परसापुर के पास उनका टैम्पो आमने सामने से आ रहे ट्रक और डीसीएम के बीच से निकलने के चक्कर में पलट गया। परिणाम स्वरूप वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के सहायता से सभी 11 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए छह लोगों को मेडिकल कालेज अयोध्या तथा पांच को जिला चिकित्सालय गोंडा भेजा गया। गोंडा में उपचार के दौरान बासुदेव गोड़िया (55) व रामराज कुर्मी (50) निवासी गण नगर पालिका बुद्ध टेम्पल भूमि थाना गोरीसिंघिया कपिलवस्तु नेपाल को मृत घोषित कर दिया। नौ अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मृत व्यक्तियों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घायल नेपाली श्रद्धालुओं में सूर्यनाथ (58), लल्लू बरई (58), अमालमती (52) और लौटन (56) आदि शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही तरबगंज के एसडीएम भारत भार्गव व पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार ने मौका मुआयना किया तथा घायलों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular