संवाददाता
गोंडा। लायंस क्लब गोंडा अवध की टीम ने लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से तरबगंज तहसील के ऐली परसौली पंचायत भवन जाकर बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों का हाल जाना एवं दीपावली एवं छठ पर्व पर खाद्य सामग्री वितरित कर उनके होठों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। विगत एक सप्ताह से लायंस क्लब के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल एवं कार्यक्रम संयोजक दिलीप सिंह बंधे पर जाकर बेघर हो चुके लोगों की सूची तैयार कर रहे थे। अंत में खाद्य सामग्री किट वितरण की तारीख रविवार को निर्धारित की गई, जिसमें जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व टीम से संपर्क कर कार्यक्रम में सहयोग की अपेक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर, तहसीलदार तरबगंज पुष्कर मिश्रा एवं लखनऊ से आए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विश्वनाथ चौधरी एवं डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार अशोक गौतम ने ऐली परसौली पंचायत भवन में लाभार्थियों को खाद्य सामग्री प्रदान की। मुख्य विकास अधिकारी ने इस मौके पर कहा कि लायंस क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य पूरी दुनिया में एक मिसाल है। लायंस क्लब के इस पुनीत कार्यक्रम में हमें भी सहभागिता करने का सौभाग्य मिला। कार्यक्रम में बाढ़ से अति प्रभावित क्षेत्र छुट्टन पुरवा, टेपरहन पुरवा, अहिरन पुरवा, पूरे सुखमन, लाला पुरवा, कटवार पुरवा, बंधा मुनि प्रताप सिंह पुरवा, लोहार पुरवा, बरकटी, ऐली डीहा आदि ग्रामों के 250 चयनित लाभार्थियों को खाद्य सामग्री किट व वस्त्र आदि का वितरण किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं क्लब के निदेशक दिलीप सिंह ने बताया कि राहत सामग्री किट में 15 दिन के राशन की पूरी व्यवस्था की गई है। इसमें पांच किलो आटा, पांच किलो चावल, दो किलो अरहर दाल, दो किलो चीनी, आधा किलो चाय पत्ती, एक किलो नमक, एक लीटर सरसों तेल, माचिस, मोमबत्ती, स्टील गिलास एवं मसाले, बिस्कुट एवं नमकीन जैसी पर्याप्त वस्तुएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब का इतिहास रहा है कि जब भी कोई दैवी आपदा आई है, सेवा कार्य में लायंस क्लब अग्रणी भूमिका में रहा है। कार्यक्रम में सचिव लायन रमेश प्रताप सिंह, लायन रमेश श्रीवास्तव, लायन रवि रस्तोगी, लॉयन राजेश जायसवाल, लॉयन आलोक सिन्हा आदि उपस्थित रहे। क्लब सचिव रमेश प्रताप सिंह ने पूर्व प्रधान जग प्रसाद यादव, पूर्व प्रधान भोला सिंह, अध्यापक अर्जुन सिंह, सुरजीत सिंह, लेखपाल अंकित वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि मनीराम यादव समेत क्षेत्रीय लोगों एवं थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज कुबेर तिवारी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त किया एवं प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा की।

यह भी पढें : बालिकाओं का नव निर्मित हास्टल देख चढ़ा CDO का पारा
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
