जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ का पानी कम होने के बावजूद समस्याएं अभी बनी हुई हैं। कई साल के बाद माझा वासियों को इस तरह की बाढ़ का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते सिर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। इसके बाद अफरा तफरी मच गई। जिनके मकान पक्के थे वो तो अपनी गृहस्थी का सामान छत पर पहुंचाने लगे। लेकिन फूस के आशियाने वाले ट्राली और दूसरे के मकान अथवा बंधे पर भागे। नाव की व्यवस्था न होने से कुछ ही लोग बंधे पर पहुंच सके। बनगांव नई बस्ती की दुलारी हाल पूछे जाने पर ही फफक-फफककर रो पड़ीं। उन्होंने बताया कि अचानक उम्मीद से अधिक पानी आने से फूस के आशियाना में रहने वाले हम लोग बेसहारा हो गए। एक सप्ताह से भोजन मुंह तक नही गया है। छोटे-छोटे बच्चों को लेकर एक सप्ताह तक ट्राली पर ही पड़ी रही। नाव की व्यवस्था न होने से 30 प्रतिशत लोग ही अफरातफरी के बीच बंधे पर पहुंच सके। गांव में एक सप्ताह से फंसे हुए लोगों का हाल-चाल जानने के लिए कोई भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा। रतनपुर निवासी ठाकुर प्रसाद उर्फ भुर्रे, अनीता, गोविंद यादव, अभिषेक यादव, नई बस्ती निवासी सूर्यभान यादव, अमर बहादुर, सुरेंद्र कंचनपुर, तिलकराम ब्योंदा उपरहर ने बताया गांव में कोई भी सुधि लेने नहीं आया। पूर्व प्रधान ने गांव में पहुंचकर लोगों को थोड़ी बहुत लंच पैकेट उपलब्ध कराई है। हम लोग गांव में भूख की मार झेल रहे हैं। राशन व पशुओं का चारा भी बाढ़ में बर्बाद हो गया है। इस बीच नवाबगंज क्षेत्र में सरयू के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे माझा क्षेत्र के संकट से निजात मिलता नहीं दिख रही है। लोगों के सामने तमाम दुश्वारियां मुंह बाये खड़ी हैं। गांवों में हर तरफ गंदगी पसरी है। खेतों से सड़ान्ध की बदबू चारों तरफ फैल रही है। इससे माझा क्षेत्र से पलायन करने वालों की घर वापसी में अभी कई दिन लग सकते है। खाने-पीने की जरूरतों के साथ पशु चारे का संकट बना हुआ है। सोमवार शाम चार बजे अयोध्या में सरयू का जलस्तर 92.820 दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से नौ सेमी ऊपर है। नयाघाट पर स्थित केंद्रीय जल आयोग द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे तक जलस्तर में 17 सेमी और कमी आने का पूर्वानुमान जताया है। जलस्तर में जारी कमी के बावजूद अभी माझा के तटीय इलाके में बसे मजरों में बाढ का पानी भरा है। बंद चल रही पाठशालाओं में पठन-पाठन अभी शुरू नही हो पाया है। आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन भी प्रभावित है।

बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार के निर्देशानुसार तहसील करनैलगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम गौरा, नकहरा में बाढ़ से प्रभावित 167 परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि परमेश्वर सिंह एवं विधायक कर्नलगंज के प्रतिनिधि मनमोहन सिंह द्वारा किया गया। इसके साथ ही तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र नवाबगंज ग्राम साकीपुर में तिरपाल का वितरण किया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार अवनि सिंह, राजस्व निरीक्षक संबंधित क्षेत्र, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढें : वर्षा जनित कारणों से तीन बच्चों समेत चार की मौत
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
