सम्पूर्ण फिनिशंग कार्य को फिर से कराने का दिया निर्देश
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता का सत्यापन किया। सीडीओ शुक्रवार को विकास खंड कटरा बाजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर में बनाए गए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के हास्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हास्टल भवन में कई स्थानों पर सीलन देखने को मिली। खिड़की, दरवाजा समेत लगभग सभी प्रकार के फिटिंग कार्य अधोमानक पाए गए। टाइल्स की क्वालिटी व फिनिशिंग भी अच्छी किस्म की नहीं पाई गई। मोल्डिंग कार्य भी अच्छे ढंग से नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था को इसे बदलने का निर्देश दिया गया है। यदि समयावधि के अंदर संतोषजनक कार्य नहीं किया जाता है तो जिम्मेदारी तय करते हुए अर्थदण्ड अधिरोपित किया जाएगा। सीडीओ ने इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कटरा बाजार से बालपुर रोड तक बनाए गए सड़क की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कई स्थानों पर सड़क को खोदवाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने बताया कि इस सड़क की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। बाद में उन्होंने गोंडा-लखनऊ मार्ग से 207 किलोमीटर के पहवा संपर्क मार्ग के नहर पटरी होते हुए ग्राम पंचायत पर सागरी बांसगांव भटपुरवा नहर पुल तक संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इसे भी दो स्थानों पर खुदवाकर गुणवत्ता जांचा गया। सीडीओ ने कहा कि इसकी प्रोफाइलिंग भी ठीक से नहीं की गई है। गुणवत्ता में कमी पाई गई। कार्यदायी संस्था से स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है। जवाब मिलने पर तदनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधिशासी अभियंता आरईडी, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, सहायक अभियंता सीडी टू, जेई आरईडी व डीआरडीए आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढें : इलाज कराने आई महिला से दुष्कर्म, आरोपी चिकित्सक गिरफ्तार
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
