जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बहुचर्चित करोड़ों रुपए के भूमि घोटाले में शनिवार की देर शाम जिला पुलिस ने तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार होने वालों की संख्या पांच हो गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने आज यहां बताया कि जिले के थाना कोतवाली नगर में फर्जी जमीन घोटाले के अब तक 50 अभियोग पंजीकृत हो चुके हैं। इसमें से 25 की जांच देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक की संस्तुति पर शासन स्तर से गठित लखनऊ की एसआइटी कर रही है, जबकि इसी प्रकृति के विभिन्न थानों में दर्ज अन्य अभियोगों की विवेचना जिले स्तर पर गठित एसआइटी व अपराध शाखा द्वारा की जा रही है। एसपी ने बताया कि एसओजी व कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी बैनामा घोटाले के तीन अन्य मास्टर माइंड अनिल सिंह निवासी मालवीय नगर थाना कोतवाली नगर जिला गोंडा, राकेश त्रिपाठी निवासी विष्णुपुरी कालोनी थाना कोतवाली नगर जिला गोंडा तथा महेंद्र सिंह निवासी सकरौरा थाना कर्नलगंज जिला गोंडा को लखनऊ के अलीगंज से शनिवार की देर शाम गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली नगर में अनिल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के 14, राकेश त्रिपाठी के खिलाफ 10 तथा महेन्द्र सिंह के खिलाफ चार अभियोग दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने इस फ्राड के मास्टर माइंड मुख्य अभियुक्त बृजेश कुमार अवस्थी व सालिक राम के साथ मिलकर सुन्दरपती पत्नी स्व. सतीश चन्द्र निवासिनी ग्राम पथवलिया थाना कोतवाली नगर जनपद गोंडा की जमीन जालसाजी करते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर फर्जी बैनामा करा लिया था। इस सम्बन्ध में स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी का अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। बृजेश अवस्थी व सालिक राम को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहां न्यायिक अभिरक्षा में उपचार के दौरान सालिक राम की मौत हो चुकी है। सालिक राम के खिलाफ भी फर्जी जमीन बैनामा कराने के 20 मुकदमे विभिन्न थानों में पंजीकृत हैं। एसपी ने बताया कि इन मुकदमों की विवेचना में अभी दर्जनों अन्य अभियुक्तों के अलावा सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की भी संलिप्तता प्रकाश में आ रही है। साक्ष्य संकलित करते हुए जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी ने बताया कि देवीपाटन मण्डल के पुलिस उप महानिरीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने गिरफ्तार करने वाली टीम का उत्साह वर्द्धन करने के लिए 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार कर्ता टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह व एसओजी प्रभारी संतोष कुमार सिंह शामिल रहे।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
