जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में तीन फकीरों के साथ अभद्रता करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक सदर लक्ष्मीकांत गौतम ने आज यहां बताया कि क्षेत्र के खरगूपुर डींगुर गांव में तीन व्यक्तियों द्वारा फकीर के वेशभूषा में गांव में गए लोगों से पूछताछ करते हुए अभद्रता की गई। गांव के युवकों ने उनका परिचय जानने के उद्देश्य से आधार कार्ड मांगा गया। आधार कार्ड न देने पर उनके साथ अभद्रता की गई। उनसे उठक बैठक करवाकर जयश्री राम के नारे लगवाए गए। बुधवार को इसका वीडियो वायरल होने के उपरांत एसपी के निर्देश पर स्थानीय थाने पर तीन आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करते हुए घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य की तलाश जारी है। सीओ ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फकीर के वेश में गांव में आने वाले लोग कौन थे और उनके आगमन का उद्देश्य क्या था?
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
