हत्याभियुक्त प्रेमी गया जेल, प्रेमिका बाल सुधार गृह के लिए रवाना
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने बिसुही नदी से दो दिन पूर्व बरामद हुए एक किशोर के शव के मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की नाबालिग बड़ी बहन के साथ प्रेम प्रसंग में बाधक बन रहे किशोर की हत्या उसके घर में ही प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर किया था। बाद में प्रेमी ने अपने पिता के सहयोग से साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से किशोर के शव को रात में ले जाकर बिसुही नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि प्रेमिका को नाबालिग होने के कारण बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव के निवासी व्यक्ति ने बीते सोमवार को दोपहर बाद थाने पर सूचना दिया था कि उनका पुत्र 12 वर्षीय पुत्र रविवार को सायंकाल पांच बजे खेत से छुट्टा जानवरों को हांकने की बात कहकर घर से निकला था, किन्तु देर रात तक वापस नहीं लौटा। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल भादवि की धारा 363 के तहत अभियोग दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी गई। परिजनों व ग्रामीणों के सहयोग से मंगलवार को उसका शव बिसुही नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो पता चला कि किशोर की मौत मुंह दबाए जाने के कारण दम घुटने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में तरमीम करते हुए विवेचना शुरू की। सभी सम्बद्ध पक्षों से पूछताछ व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के माध्यम से साक्ष्य संकलन में अमन वर्मा का नाम प्रकाश में आया। पता चला कि अमन वर्मा का मृत किशोर की 17 वर्षीय नाबालिग बड़ी बहन के साथ अवैध सम्बंध थे। बीते रविवार को अमन परिवार के अन्य सदस्यों की गैर मौजूदगी में अपनी प्रेमिका के घर गया हुआ था। अचानक किशोर के घर वापस आ जाने पर उनके बीच विवाद हुआ और फिर अमन वर्मा ने अपनी प्रेमिका (मृतक की सगी बहन) के सहयोग से मुंह दबा दिया। परिणाम स्वरूप दम घुटने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अमन अपने घर चला गया तथा बहन ने शव को घर में ही छिपा दिया। परिवार के अन्य सदस्यों के पूछने पर उसने बताया कि छोटा भाई खेत से छुट्टा जानवरों को भगाने के लिए गया हुआ है। अमन वर्मा ने अपने पिता मेवालाल के सहयोग से उसी रात साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से खिड़की के रास्ते किशोर का शव ले जाकर बिसुही नदी में डाल दिया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमन वर्मा को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मृतक की नाबालिग बहन को जुबेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह बाराबंकी भेजा गया है। क्षेत्राधिकारी सदर विनय कुमार सिंह ने बताया कि एक अन्य फरार अभियुक्त की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
यह भी पढें : गेहूं-चावल का लगेगा पैसा, फ्री में मिलेगा तेल, चना व नमक
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
