जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र में आज सुबह एक युवक की लाश उसके घर से करीब छह किमी दूर उसकी प्रेमिका के गांव के पास मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना मृतक के परिजनों को सूचित किए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवा दिया। इससे नाराज परिजनों ने काफी देर तक हंगामा करते हुए चौराहा जाम किया। घटना के पीछे प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत नरैचा निवासी भगवान प्रसाद के बेटे सनोज कुमार (24) की लाश शुक्रवार को सुबह उसके गांव से करीब छह किमी दूर गड़रही ग्राम पंचायत के नौड़िहवा मजरे के समीप एक गन्ने के खेत से बरामद की गई। सनोज कल शाम को अपने घर से निकला था और फिर रात में वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास में खोजबीन किया किन्तु उसका पता नहीं चला। आज सुबह लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूत्र बताते हैं कि सनोज के गांव में नौड़िहवा गांव निवासी उसकी प्रेमिका की बड़ी बहन की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। वह तभी से अपनी बहन के ससुराल आती-जाती रहती थी। इस बीच सनोज दूसरे जाति की उस लड़की के सम्पर्क में आ गया। बताया जाता है कि कल शाम को भी वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए नौड़िहवा गया था। आज सुबह उसकी लाश गन्ने के खेत से पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही छपिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित किए बिना शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवा दिया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को न पाकर हंगामा खड़ा कर दिया और करीब आधे घंटे तक मसकनवा चौराहे को जाम किया। उनका आरोप है कि युवक की हत्या करके लाश गन्ने के खेत में फेंक दिया गया है। वे लाश को घटना स्थल पर वापस लाए जाने की मांग कर रहे थे। इस बीच मौके पर पहुंचे मनकापुर के क्षेत्राधिकारी संजय तलवार के समझाने बुझाने के बाद परिजन शांत हुए। इस सम्बंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस के छानबीन में प्रथम दृष्टया आशनाई का मामला सामने आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के उपरांत हत्या अथवा आत्महत्या किया जाना स्पष्ट हो जाएगा। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढें : हवाई और रेल टिकट रद करने पर लगेगा GST
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
