जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के लाख प्रयासों के बावजूद सरकारी चिकित्सक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद जिला महिला चिकित्सालय में एक प्रसव पीड़िता दो घंटे तक तड़पती रही। बाद में परिजन मजबूर होकर उसे एक निजी नर्सिंग होम में ले जाकर भर्ती कराए। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गेड़सर निवासी अंकित दूबे ने डीएम को भेजे शिकायत में कहा है कि वह शुक्रवार को अपनी पत्नी श्रीमती पूजा दुबे को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र वजीरगंज पर ले गया था। वहां के डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कहते हुए संसाधनों का टोटा बताकर एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल भेज दिया। यहां पहुंचने पर 2.30 बजे ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर माधुरी तिवारी ने भर्ती प्रपत्र तैयार करके जांच के लिए खून भेजवा दिया। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी खत्म करके घर चली गईं। दो बजे से ड्यूटी पर आई डा. मीनाक्षी मरीज को चार बजे तक बेड भी उपलब्ध नहीं करवा सकीं। बाद में सीएमएस डा. सुषमा सिंह को फोन करके बेड उपलब्ध कराने तथा मरीज को अटेंड करने के लिए आन ड्यूटी डॉक्टर को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने मदद का आश्वासन दिया किंतु पांच बजे तक कोई देखने न आया। इस बीच मरीज की स्थिति लगातार खराब होने पर परिजन निराश होकर उसे एक नर्सिंग होम में ले गए, जहां देर शाम आपरेशन से बेबी शिशु को जन्म दिया। अंकित ने प्रकरण में जिलाधिकारी से प्रकरण की जांच करवाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
SDM कोर्ट का बहिष्कार करेंगे वकील
मनकापुर, गोंडा। बार एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक में शुक्रवार को सर्वसम्मति से एसडीएम आकाश सिंह के न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करने का फैसला किया गया है। यह जानकारी देते हुए बार एसोसिएशन के महामंत्री एहतियाज मोहम्मद सिद्दीकी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एसडीएम आकाश सिंह की कार्यशैली से अधिवक्तागण अचानक आक्रोशित हो गए। उन्होंने अभद्रता का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करनी शुरू की। इसके बाद बार एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक बुलायी गई। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष राम शंकर मिश्र उर्फ कंचन और संचालन महामंत्री एहतियाज मोहम्मद सिद्दीकी ने किया। बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि एसडीएम की कार्यशैली ठीक नहीं है। साथ ही तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप भी मढ़ा। इसके बाद एल्डर कमेटी के अध्यक्ष पीएस पाण्डेय, अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष सीके पाठक, श्रवण कुमार शुक्ला, राम बहाल गौतम, सुरेन्द्र देव पान्डेय, सीपी वर्मा, भानु प्रताप मिश्र, विजय कुमार मिश्र, केदारनाथ मिश्र, श्यामलाल शुक्ल, संजय गुप्ता, अरुण कुमार पान्डेय, राजेश कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार शुक्ल, लाल चन्द शुक्ल, राम शंकर तिवारी, दिनेश कुमार पान्डेय, अखिलेश यादव, शैलेन्द्र उपाध्याय सहित दर्जनों अधिवक्ता रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसडीएम आकाश सिंह के न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही एसडीएम के स्थानान्तरण तक संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर सुधीर कुमार श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, रत्नसेन सिंह सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी ने गांव के युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, गुरुवार की सुबह शौच के लिए जाते समय उसके साथ रास्ते में एक युवक ने छेड़छाड़ किया। पीड़िता के शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है।
दो महीने से खराब अल्ट्रासोनिक मशीन
बाबू ईश्वर शरण जिला चिकित्सालय में मरीजों की समस्याएं खत्म होने का नाम नही ले रही हैं। अस्पताल के फिजियोथेरेपी वार्ड में अल्ट्रासोनिक मशीन दो महीने से खराब बताई जा रही है। इसकी वजह से सूजन व दर्द से परेशान मरीज मायूस होकर लौट रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि मशीन गारंटी अवधि में खराब हुई। लिहाजा उसे दो माह पहले कम्पनी भेजा गया है।
अभी रद्द रहेंगी कई और ट्रेनें
रेलवे ने विभिन्न मार्गों की पहले से निरस्त कई विशेष ट्रेनें को हफ्ते भर के लिए और रद्द कर दिया है। इसके पीछे इंजीनियरिंग कार्य और जलजमाव सहित कई वजह बताई गई है। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोंडा-गोरखपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन 05031/32, गोंडा-सीतापुर 05091/92, सीतापुर-शाहजहांपुर 05059/60 को आगामी 21 अक्तूबर तक नहीं चलेगी। इसी तरह कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया है। इनमें गोरखपुर-गोंडा 05093/94 मनकापुर स्टेशन से ही वापस हो जायेगी। वहीं, गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा 05047/48 को सुभागपुर से ही चलाया जायेगा।
चोरी के बाइक समेत एक गिरफ्तार
तरबगंज पुलिस ने चोरी की वारदातों में वांछित आरोपी को पुलिस ने अवैध असलहा, मोबाइल और बाइक समेत गिरफ्तार किया है। बीते 7 व 8 अक्टूबर की रात में तहसील परिसर में एक गुमटी व मकान में चोरी हुई थी। इस मामले में नबाबगंज थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव निवासी देवानंद पुत्र विजय प्रताप सिंह के खिलाफ रिपोर्ट तरबगंज थाने में दर्ज की गई थी। आरोपी देवानंद को पुलिस ने ढोढ़ेपुर से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
सब रजिस्ट्रार आफिस वाली सड़क बनवाने की मांग
मुख्यालय के अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक कार्यालय को जाने वाली खस्ताहाल सड़क को शीघ्र बनवाने की मांग जिलाधिकारी से की है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महराज कुमार श्रीवास्तव व महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि एनआईसी भवन के पीछे से उप निबंधक कार्यालय को जाने वाली सड़क बेहद खराब है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, जबकि प्रतिदिन सैकड़ों वकील, वसीका नवीस, वादकारी उसी सड़क से उपनिबंधक कार्यालय जाते हैं। इससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को स्वयं संज्ञान लेकर सड़क को बनवाना चाहिए।
रेलवे ट्रैक ऊंचा करने की मांग
गोंडा-गोरखपुर रेलवे लाइन के उच्चीकरण की मांग तुलसीपुर के भाजपा नेता अरुण प्रकाश सिंह ने रेल प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि यह रेलवे लाइन तराई क्षेत्र के लोगों की लाइफ लाइन है। बेतरतीब निर्माण और तालाबों पर कब्जे की वजह से बाढ़ की स्थिति ज्यादा भयावह हो जा रही है। उन्होंने भारत सरकार तथा रेल मंत्रालय से रेलवे ट्रैक को करीब छह फुट ऊंचा किए जाने की मांग की है।
लापरवाही का आरोपी लेखपाल निलम्बित
मनकापुर तहसील के विद्यानगर में कार्यरत लेखपाल को लापरवाही व अनुशासनहीनता मामले में निलंबित कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी आकाश सिंह ने बताया कि लेखपाल देवव्रत व्यास पर नवीन परती की भूमि की पत्रावली गठित कर अफसरों को गुमराह करने का आरोप है। जिला पंचायत सदस्य जनार्दन वर्मा की शिकायत पर लेखपाल को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया था। तय समयावधि बीतने के बाद भी लेखपाल ने कोई जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। परिणाम स्वरूप कदाचार, अनुपालन में ढिलाई, जनहित कार्यों में संवेदनहीनता व बिना किसी अधिकारी को बताये 67-क की पत्रावली तैयार करने के आरोप में लेखपाल देवव्रत को निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तहसीलदार मनकापुर पैगाम हैदर को सौंपी गई है।
चोरी के आरोपियों की जमानत याचिका खारिज
अपर जिला जज राजेश कुमार ने डीजल चोरी के तीन आरोपियों की जमानत याचिका पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में निरस्त कर दी है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अमित पाठक के अनुसार थाना ललिया जिला बलरामपुर के अंतर्गत मटेरिया व थाना तरबगंज अंतर्गत ग्राम ढ़ोढ़ेपुर निवासी शिवकुमार व अमरफल तथा पथार निवासी हरविंद कुमार व जिला बहराइच के ग्राम कसौजी निवासी महेश वर्मा के ऊपर एक सौ बीस लीटर डीजल चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पांचों आरोपियों के अधिवक्ता की ओर से अदालत के समक्ष जमानत याचिका प्रस्तुत की गई। अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों व बहस को सुनने के बाद सभी आरोपियों की जमानत याचिका पर्याप्त आधार न होने के कारण निरस्त कर दिया।
यह भी पढें : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
