योगी आदित्यनाथ के सपनों को गति देने में जुटी हैं डीएम नेहा शर्मा
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों को गति देने में जुटी हुई हैं। वह पिछड़ों व वंचितों को त्वरित न्याय तथा भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए दिन रात एक किए हैं। साफ-सफाई और स्वच्छता भी उनके एजेण्डे में शीर्ष पर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की प्राथमिकता में रहे वनटांगिया गांवों को विकास के मानदण्डों पर मुख्यधारा में शामिल करने के लिए उनका अनथक प्रयास सफलीभूत होने लगा है। आजादी के 70 वर्षों बाद भी नागरिक अधिकारों से वंचित गोंडा जिले के चार वन ग्रामों नवाबगंज ब्लॉक के रामगढ़ व महेशपुर तथा मनकापुर ब्लाक के अशरफाबाद व बुटहनी को करीब पांच वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व ग्राम घोषित किया था। जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने अशरफाबाद में वनटांगिया बिरादरी के राजाराम के घर खाना भी खाया था। यह दिन वनटांगिया समुदाय के लोगों के पुनर्जीवन के समान था। मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें दिए गए इस अनुपम उपहार के बाद भी यहां तैनात अधिकारियों ने समाज की मुख्य धारा से उनके दूर होने के बावजूद उनके उत्थान के लिए कुछ खास नहीं किया, किन्तु जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार सम्हालने के बाद नेहा शर्मा ने इन पर विशेष ध्यान देना शुरू किया। उनकी पहल पर रामगढ़ वनटांगिया गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए न केवल पक्की सड़क का निर्माण कराया गया, बल्कि आजादी के 76 वर्षों बाद पहली बार इस गांव में बिजली पहुंचाने का काम किया गया। इस समुदाय के लोगों के रोजगार की व्यवस्था हेतु अब उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजनान्तर्गत वनटांगिया ग्रामों में प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बीते दिनों वनटांगिया गांवों के 18 से 35 वर्ष के युवक युवतियों के बीच सर्वे कराया, जिसमें युवतियों द्वारा ब्यूटीशियन व नर्सिंग कोर्स को लेकर रुझान दिखा। इस आधार पर इनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने बताया कि नवाबगंज के रामगढ़ व महेशपुर गांव में ब्यूटीशियन व नर्सिंग का प्रशिक्षण सप्ताह के अन्त तक शुरू हो जाएगा। अशरफाबाद व बुटहनी गांव में भी सिलाई बुनाई का प्रशिक्षण अगले सप्ताह शुरू हो जाएगा। दोनों ही विकास खण्डों में दो-दो बैच संचालित किए जाएंगे। हर बैच में 27-27 प्रशिक्षणार्थी होंगे। डीएम ने बताया कि यह वनटांगिया से राजस्व ग्राम बने ग्राम पंचायतों में प्रदेश का पहला प्रशिक्षण केन्द्र होगा।
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
