Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक की संदिग्ध मौत

Gonda : पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक की संदिग्ध मौत

परिजनों ने लगाया स्थानीय पुलिस और एसओजी पर हत्या का आरोप

परिजनों की तहरीर पर लिखा जाएगा मुकदमा, दोषी बचेंगे नहीं-आकाश तोमर

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार की दोपहर बाद एक हत्या के मामले में पूछताछ के लिए पुलिस के बुलावे पर परिजनों द्वारा थाने लाए गए युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। मृत युवक के पिता माझा राठ निवासी राम बचन यादव के अनुसार, जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिछले दिनों एक झोलाछाप चिकित्सक की हत्या हो गई थी। इसी मामले में पूछताछ के लिए नवाबगंज विद्युत उपकेन्द्र पर संविदा लाइन मैन के रूप में कार्यरत उनके पुत्र देव नारायण उर्फ देवा (22) को नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बुधवार को थाने बुलाया था। वह अपने बड़े भाई राम बहादुर यादव और रिश्तेदार ग्राम प्रधान राधेश्याम यादव के साथ आज दोपहर बाद करीब तीन बजे देवा को लेकर नवाबगंज थाने पहुंचे थे। प्रभारी निरीक्षक ने इन लोगों को अलग कक्ष में बैठा दिया और देवा को पूछताछ के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के हवाले कर दिया। रामबचन के अनुसार, वे अपने भाई और रिश्तेदार के साथ करीब दो घंटे तक थाने के एक कक्ष में बैठे रहे। करीब पांच बजे तक जब दोबारा देवा को उनके हवाले नहीं किया गया तो उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि उसकी तबियत पूछताछ के दौरान अचानक खराब हो गई थी। इसलिए उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। आप भी वहीं पहुंचिए। रामबचन का कहना है कि वह करीब 6ः30 बजे जिला चिकित्सालय पहुंच गए, किंतु उनका बेटा तब तक यहां नहीं पहुंचा था। रात में करीब आठ बजे पुलिस वाले उनके बेटे को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों ने काफी हंगामा किया और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। जिला चिकित्सालय में सीओ सदर, सीओ कर्नलगंज समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि स्थानीय पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसकी तबियत खराब होने पर उसे जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शव कक्ष पहुंचकर उन्होंने मृतक को देखा है। प्रथम दृष्टया उसके शरीर पर चोट के प्रत्यक्ष कोई निशान नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। फिर भी युवक की अस्वाभाविक मौत के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा करके चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग जो भी तहरीर देंगे, उस आधार पर अभियोग दर्ज करके गुण दोष के आधार पर विवेचना की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाजवादी पार्टी के युवा नेता सूरज सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे और युवक के परिजनों को ढाढस बंधाते हुए न्याय का भरोसा दिलाया।

Gonda : पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक की संदिग्ध मौत

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular