Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : निवेशक सम्मेलन में आए 03 हजार करोड़ के प्रस्ताव

Gonda : निवेशक सम्मेलन में आए 03 हजार करोड़ के प्रस्ताव

अयोध्या के समीप रायल हेरिटेज रिजार्ट में आयोजित हुआ इन्वेस्टर्स समिट

संवाददाता

गोंडा। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व वाली सरकार अगले महीने राजधानी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट करने जा रही है। इसकी तैयारियां जोर-शोर से हो रही है। विदेशी धरती पर निवेशक सम्मेलन के बाद अब देश के ही अलग-अलग राज्यों तथा प्रदेश के सभी जिलों में निवेशक सम्मेलन हो रहा है। इस क्रम में गोंडा जिले में मंगलवार को अयोध्या के समीप सरयू नदी के तट पर स्थित रायल हेरिटेज रिजार्ट में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह व मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने किया, जिसमें तीन हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए गए।
शिखर सम्मेलन में बोलते हुए सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रही है। अवस्थापना क्षेत्रों का विकास भी किया जा रहा है। गांवांे से पलायन रोकने के लिए छोटे शहरों में निवेश जरूरी है। उन्होंने कहा कि गोंडा जिले में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। कृषि आधारित उद्योग, वेयर हाउस आदि क्षेत्रों में निवेश किया जा सकता है। उन्होंने निवेशकों से अपील किया कि जनपद को उद्योग जगत में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए ज्यादा से ज्यादा निवेश करें। विधायक ने सीडीओ से अनुरोध किया कि वे बालपुर से कटहा घाट मार्ग पर बनने वाले बाईपास तथा अयोध्या से सटे नवाबगंज के इलाकों में औद्योगिक आस्थान बनाए जाने की संभावना पर विचार करें। बता दें कि देवीपाटन मण्डल के चार जिलों में अभी एक भी औद्योगिक आस्थान नहीं है। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने इस मौके पर कहा कि जिले तथा मंडल स्तर पर निवेश के लिए बेहतर माहौल है। सभी शासकीय योजनाएं पोर्टल पर ऑनलाइन हैं। प्रशासन के स्तर पर उद्यमियों की समस्याओं के समाधान व उन्हें सुविधाएं प्रदान के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इसमें निवेश की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार 35 से 40 फीसद सब्सिडी भी इस पर प्रदान कर रही है। बिजली, पानी, परिवहन, संचार आदि की बेहतर व्यवस्था सरकार की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से सटा जिला होने के कारण यहां विकास की असीमित संभावना है। इसी के चलते शासन द्वारा जिले के लिए निर्धारित 300 करोड़ रुपए के निवेश लक्ष्य के सापेक्ष आज तक लगभग तीन हजार एक सौ करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। राज्य स्तरीय आयोजन होने तक इसके बढ़कर चार हजार करोड़ तक पहुंच जाने की संभावना है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक चन्द्रशेखर, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश गुप्ता, उद्योग मंच के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल आदि ने कार्यक्रम में अपने विचार रखे।
सहायक आयुक्त उद्योग संदीप कुमार ने बताया कि सम्मेलन में मौजूद 38 निवेशकों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। जिन प्रमुख उद्यमियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, उनमें होटल कारोबार से जुड़े विवांता अयोध्या (200 करोड़), जिंजर अयोध्या (200 करोड़), स्टार होटल (60 करोड़), होटल गोंडा (12 करोड़), अनंत अर्थव एग्रो फूड्स (150 करोड़), अवध जैविक फार्मसर प्रोड्यूसर कम्पनी (50 करोड़), भारत मेज फाउण्डेशन (10 करोड़), कृषि सेवा केन्द्र (20 करोड़), मातृभूमि ग्रामोद्योग आर्गेनिक फाउंडेशन (10 करोड़), पूर्वांचल हेलीकाप्टर सर्विस (10 करोड़), रामभोग सुगर कैंडी एंड फूड्स (15 करोड़), एअरोटेक इंडिया प्रा. लि. (15 करोड़) आदि शामिल हैं। इसके अलावा कृषि, आर्गेनिक व कृषि सेवा क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों में कई कंपनियां उद्योग लगाने के लिए आगे आईं हैं। इन कंपनियों के माध्यम से करीब चार हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। अप्रत्यक्ष रूप से भी हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम का संचालन जानकी शरण द्विवेदी द्वारा किया गया। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त उद्योग एचपी सिंह, लीड बैंक प्रबंधक हेमंत मिश्रा, उपायुक्त उद्योग राम मिलन, सांख्यिकी अधिकारी एचपी मौर्य, व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र आर्य, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी समेत श्रम, विद्युत समेत कई अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रेडियो अवध पर विज्ञापन के लिए संपर्क करें :

रेडियो अवध के माध्यम से अपने संस्थान व प्रतिष्ठान का प्रचार कराने तथा अपने परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों व शुभचिंतकों को उनके जन्म दिवस तथा मैरिज एनिवर्सरी आदि पर शुभकामनाएं देने के लिए 955400905 और 7800018555 पर संपर्क करें!

क्या आप RJ बनना चाहते हैं?

रेडियो जॉकी (RJ) के रूप में अपना करियर बनाने के इच्छुक युवक युवतियों के सहयोग के लिए तैयार है रेडियो अवध 90.8! प्रशिक्षण के लिए संपर्क करें : 9554000908

मार्केटिंग के लिए युवक चाहिए…

रेडियो अवध 90.8 FM को मार्केटिंग के लिए इच्छुक उत्साही युवक एवं युवतियों की आवश्यकता है। आकर्षक वेतन एवं बोनस भी देय है। संपर्क करें : 9554000908/ 9628000908

RELATED ARTICLES

Most Popular