कहा_नवाबगंज में मैं और मेरा परिवार न किसी का समर्थन करेगा, न विरोध
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। वर्ष 2017 में हुए निकाय चुनाव में पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारकर सुर्खियों में आए कैसरगंज से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने इस बार निकाय चुनाव से पूर्व बड़ा बयान दिया है। रविवार को उन्होंने एक सार्वजनिक बयान जारी कर कहा है कि उनके गृह कस्बा नवाबगंज से आगामी नगर पालिका के चुनाव में भाग्य आजमाने के इच्छुक सभी दावेदार अपने होर्डिंग्स और बैनर से उनका फोटो हटा दें। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं में से कोई भी प्रत्याशी हो सकता है। मैं न तो किसी का समर्थन करता हूं और न ही विरोध करता हूं। उन्होंने कहा कि आप सभी दावेदार अपने होर्डिंग्स से मेरी फोटो हटा दें। अपने_अपने कर्म के आधार पर चुनाव लड़ें। मैं न किसी को चुनाव लडने से रोक रहा हूं और न ही किसी को लड़ा रहा हूँ। न तो मैं किसी के चुनाव प्रचार में जाऊंगा और न ही मेरा विधायक बेटा प्रतीक भूषण सिंह ही किसी का प्रचार करेगा। यहां तक कि हमारे परिवार के अन्य सदस्य सुमित भूषण सिंह और करण भूषण सिंह भी किसी का प्रचार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नवाबगंज के चुनाव में सब स्वतंत्र हैं। जिसकी इच्छा हो, वह लड़े। जिसकी इच्छा हो, वह न लड़े। मैं किसी को मना नहीं कर रहा हूं और न ही किसी को लड़ाऊंगा। यह हमारा अंतिम संदेश है। बता दें कि पिछले निकाय चुनाव में नवाबगंज सीट से अध्यक्ष पद पर पार्टी द्वारा घोषित अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ अपने एक निकट सहयोगी सत्येंद्र प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारकर उन्होंने इस सीट पर कब्जा कर लिया था।
