Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : नायब तहसीलदार पर विधि विरुद्ध ढंग से नौकरी पाने का...

Gonda : नायब तहसीलदार पर विधि विरुद्ध ढंग से नौकरी पाने का आरोप

मामले में गहन जांच के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अतुल तिवारी

उमरी बेगमगंज, गोंडा। तरबगंज तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात रहे विवेक सिंह पर अवैध वसूली और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। विधायक ने लिखे गए पत्र में बताया है कि विवेक सिंह पूर्व में तरबगंज तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थे और अब वह वर्तमान में लखनऊ में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। उनके द्वारा तरबगंज तहसील में तैनाती के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध वसूली और भ्रष्टाचार किया था। इस संबंध में विधायक द्वारा बीते पांच मई को मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की थी। पत्र का संज्ञान लेते हुए बीते एक जून को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद द्वारा जिलाधिकारी गोंडा को मामले की जांच कर समुचित कार्रवाई करते हुए संबंधित आख्या उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई थी, लेकिन इसी दौरान राजस्व निरीक्षक पदोन्नति पाकर लखनऊ में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हो गए। इसके बाद जिलाधिकारी गोंडा द्वारा बिना कोई जांच किए पत्रांक आर 127/पीसी( शासन)/2022 दिनांक 5 अगस्त के माध्यम से अनु सचिव राजस्व अनुभाग-09 उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को रिपोर्ट भेज दी गई कि राजस्व निरीक्षक की पदोन्नति हो गई है और उन्हें जनपद से 30 जुलाई को कार्य से मुक्त किया जा चुका है। जनपद में कार्यरत न होने के कारण राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध किसी प्रकार की जांच और कार्रवाई करना उचित नहीं है। क्षेत्रीय विधायक का कहना है कि इस तरह भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई के बजाय राजस्व निरीक्षक को पदोन्नति का इनाम मिला और स्थानांतरण के बाद उनके सभी दोष समाप्त मान लिए गए। नवाबगंज निवासी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता और गोवंश प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य लाल दुबे द्वारा विधायक को बताया गया है कि राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति दिव्यांग कोटे से की गई है और प्रोन्नति की सूची भी 2022 की क्रमांक संख्या 508 पर दिव्यांगता के आधार पर की गई है, जबकि परिवहन विभाग द्वारा राजस्व निरीक्षक के नाम पर वाहन चलाने का लाइसेंस भी निर्गत किया गया है, जबकि राजस्व निरीक्षक शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त दिखाई देते हैं क्योंकि परिवहन विभाग द्वारा दिव्यांग व्यक्ति को वाहन चलाने का लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाता है। तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय का आरोप है कि इस बात से अस्पष्ट रुप से पता चलता है कि इनकी नौकरी भी भ्रष्टाचार के सहारे प्राप्त हुए दिव्यांग प्रमाण पत्र के बल पर चल रही है। इसी बात को प्रकाश में रखते हुए विधायक ने दोबारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राजस्व निरीक्षक द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराने के साथ ही मेडिकल टीम का गठन दिव्यांगता की जांच कराए जाने की मांग की है। विधायक द्वारा लिखे गए पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद द्वारा प्रमुख सचिव राजस्व को टीम गठित कर मामले की निष्पक्षता से जांच कराकर ठोस कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।

Gonda : नायब तहसीलदार पर विधि विरुद्ध ढंग से नौकरी पाने का आरोप

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular