अतुल तिवारी
उमरी बेगमगंज, गोंडा। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में अज्ञात लोगों ने बीती रात घर पर सो रहे दो भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर एक को मौत के घाट उतार दिया, जबकि दूसरे का गंभीर अवस्था में उपचार चल रहा है।
तरबगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी संसार चंद राठी ने बताया कि थाना क्षेत्र के डिकसिर ग्रामसभा के वैश्य पुरवा निवासी ग्राम प्रधान राम भान सिंह के सगे भाई कृष्णभान सिंह (34) व चचेरे भाई बृजेश सिंह (32) पर बीती रात घर पर सोते समय जानलेवा हमला किया गया। हमले में बृजेश सिंह की मौत हो गई। शोरगुल सुनकर उन्हें बचाने के लिए दौड़े चचेरे भाई कृष्णभान की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना पर मौके पर पहुँचे एसपी आकाश तोमर ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से घटना के संबंध में जानकारी ली। सीओ ने बताया कि स्थानीय थाने पर अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 302, 307 के तहत अभियोग दर्ज कर शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित की गई हैं। ग्राम प्रधान राम भान सिंह ने बताया कि उनके परिवार की किसी से ऐसी रंजिश नही थी, कि हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया जाए।

